Will the ₹30 crore barrier be broken in IPL? | क्या IPL ऑक्शन में टूटेगा ₹30 करोड़ का बैरियर: पंत, राहुल जैसे प्लेयर उतरेंगे, सबसे महंगे स्टार्क पर भी बोली लगेगी; नीलामी कल

स्पोर्ट्स डेस्क3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

IPL 2025 का मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को होगा। इवेंट सऊदी अरब के जेद्दा में है। ऑक्शन में 577 खिलाड़ी हैं, हालांकि 10 टीमों में 204 प्लेयर्स की ही जगह खाली है। ऋषभ पंत, केएल राहुल और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बड़े नाम भी नीलामी में उतरेंगे, जिनके लिए टीमें 20 से 30 करोड़ रुपए भी खर्च कर सकती हैं।

पिछले ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क सबसे महंगे रहे थे। उन्हें 24.75 करोड़ रुपए में कोलकाता ने खरीदा था। स्टार्क भी इस बार नीलामी में होंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह, सैम करन और मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाजों पर भी 15 से 20 करोड़ रुपए की बोली लग सकती है।

मेगा ऑक्शन में कभी

16 करोड़ रुपए की बोली नहीं लगी

IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी मिनी ऑक्शन में ही सामने आए। टूर्नामेंट इतिहास में 5 मेगा ऑक्शन हुए और कभी भी बोली 16 करोड़ रुपए को छू नहीं सकी। 2022 में ईशान किशन 15.25 करोड़ और 2011 में गौतम गंभीर 14.9 करोड़ रुपए में बिके थे। दोनों मेगा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इनके अलावा बाकी 3 मेगा ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली 12 और 14 करोड़ रुपए तक ही पहुंची।

टॉप-5 प्लेयर्स, जो मेगा ऑक्शन में सुपरस्टार बन सकते हैं…

1. ऋषभ पंत: तोड़ सकते हैं 30 करोड़ का बैरियर

  • दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान ऋषभ विकेटकीपर बैटर हैं। पिछले सीजन टीम को 7 मैच जिताए, लेकिन प्लेऑफ में नहीं पहुंचा सके।
  • 2024 IPL के 13 मैचों में 155 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाए। करियर में 3 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनके नाम एक शतक भी है।
  • 5 टीमों को कप्तान और 4 को विकेटकीपर चाहिए। पंत इन टीमों की जरूरत पूरी करेंगे, साथ ही कप्तानी भी कर सकते हैं।
  • पंजाब और बेंगलुरु की टीमें ऑक्शन में सबसे बड़ा पर्स लेकर उतरेंगी। दोनों टीमों में पंत के लिए बिडिंग वॉर 30 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है।

2. अर्शदीप सिंह: सबसे महंगे गेंदबाज बन सकते हैं

  • टीम इंडिया के लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह को पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया। वह नई गेंद को स्विंग कराने के साथ डेथ ओवर्स में यॉर्कर्स भी फेंक लेते हैं।
  • पिछले सीजन 14 मैच में 19 विकेट लिए। करियर में 76 विकेट अपने नाम किए हैं। पंजाब ने उन्हें क्यों रिलीज किया, इसकी वजह अब तक सामने नहीं आई।
  • अर्शदीप ने 2022 में भारत के लिए टी-20 डेब्यू किया, वह 3 साल में ही देश के सेकेंड टॉप विकेट टेकर बन गए। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने सबसे ज्यादा 17 विकेट लिए थे।
  • लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट में परफॉर्म करने के चलते उनकी डिमांड ज्यादा है। गुजरात, हैदराबाद, बेंगलुरु जैसी टीमें उनके लिए 20 करोड़ रुपए तक खर्च कर सकती हैं।

3. जोस बटलर: सबसे महंगे विदेशी बन सकते हैं

  • इंग्लैंड के व्हाइट बॉल कप्तान जोस बटलर विकेटकीपर हैं और ओपनिंग के साथ कप्तानी की भी स्किल रखते हैं। राजस्थान उन्हें रिटेन नहीं कर सकी।
  • बटलर अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को 2022 का टी-20 वर्ल्ड कप जिता चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 2024 का वर्ल्ड कप सेमीफाइनल भी खेला।
  • बटलर ने पिछले सीजन के 11 मैचों में 2 सेंचुरी लगाकर 359 रन बनाए। उनके नाम करियर में 7 IPL सेंचुरी हैं, वह 3500 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं।
  • विदेशी विकेटकीपर बैटर की तलाश कर रहीं टीमों के लिए बटलर बेस्ट चॉइस हैं। कोलकाता, मुंबई और गुजरात में इनके लिए बिडिंग वॉर 15 करोड़ रुपए की रकम भी पार कर सकती है।

4. ग्लेन मैक्सवेल: जितनी बार ऑक्शन में उतरे, उतनी बार ज्यादा कीमत मिली

  • ग्लेन मैक्सवेल ऑफ स्पिन ऑलराउंडर हैं और अपनी हार्ड हिटिंग बैटिंग के लिए पहचाने जाते हैं। अपने दम पर टीम को मैच भी जिता सकते हैं।
  • पिछले सीजन मैक्सवेल 10 मैचों में 52 रन ही बना सके, RCB ने उन्हें रिलीज कर दिया। करियर में वह 3000 रन के करीब हैं, उन्होंने ये रन 156 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बनाए।
  • मैक्सवेल पर हर ऑक्शन में 5 करोड़ से ज्यादा बोली ही लगी। 2013 में मुंबई ने 5.32 करोड़, 2014 में पंजाब ने 6 करोड़, 2018 में दिल्ली ने 9 करोड़, 2020 में पंजाब ने 10.75 करोड़ और 2021 में बेंगलुरु ने उन्हें 14.75 करोड़ रुपए में खरीदा।
  • विदेशी बैटिंग ऑलराउंडर की जरूरत IPL में सभी टीमों को रहती है। मैक्सवेल बड़ा नाम हैं, इसलिए टीमें उन पर आसानी से 15 से 20 करोड़ रुपए खर्च कर सकती हैं।

5. केएल राहुल: मुंबई-गुजरात लुटा सकती हैं करोड़ों

  • लखनऊ और पंजाब की कप्तानी कर चुके केएल राहुल विकेटकीपर ओपनर हैं। वही क्वालिटी, जो पंत और बटलर में है। राहुल लखनऊ को पिछले सीजन प्लेऑफ में नहीं पहुंचा सके, इसलिए टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।
  • राहुल ने पिछले सीजन 14 मैचों में 520 रन बनाए, उनके नाम IPL करियर में 4 सेंचुरी हैं। वह 5 हजार रन के करीब हैं और विस्फोटक बैटिंग भी कर लेते हैं।
  • राहुल इंटरनेशनल टी-20 में भी 2 सेंचुरी लगा चुके हैं। टेस्ट और वनडे फॉर्मेट पर फोकस करने के कारण फिलहाल टी-20 टीम से बाहर हैं, लेकिन किसी भी IPL टीम के लिए राहुल स्मार्ट चॉइस हो सकते हैं।
  • मुंबई, गुजरात, बेंगलुरु और दिल्ली जैसी टीमें राहुल को खरीदने में इंटरेस्ट रखती हैं। अगर बिडिंग वॉर हुई तो रकम आसानी से 20 करोड़ रुपए को भी पार कर सकती है।

ऑक्शन में चौंका सकते हैं श्रेयस-स्टार्क

श्रेयस अय्यर: कोलकाता को कप्तानी में चैंपियन बना चुके

  • डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर को ही रिलीज कर दिया। वह दिल्ली को भी अपनी कप्तानी में प्लेऑफ तक पहुंचा चुके हैं। मिडिल ऑर्डर के बैटर हैं।
  • श्रेयस ने पिछले सीजन 14 मैचों में 146 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए। वह करियर में 3 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं, उनके नाम 21 फिफ्टी हैं।
  • श्रेयस को पिछले मेगा ऑक्शन में कोलकाता ने 12.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। किसी टीम ने अगर उन्हें 7 करोड़ से कम में खरीद लिया तो यह बहुत स्मार्ट चॉइस होगी।
  • ऑक्शन में 5 ऐसी टीमें हैं, जिन्हें कप्तान की जरूरत है। पंजाब, दिल्ली और बेंगलुरु ने तो श्रेयस जैसे प्लेयर के लिए बड़ी रकम बचाकर रखी है।

मिचेल स्टार्क: IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं

  • पिछले मिनी ऑक्शन में IPL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर बने मिचेल स्टार्क फिर बड़ी बोली ले जा सकते हैं। उन्हें कोलकाता ने 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था।
  • स्टार्क ने पिछले सीजन के 13 मैचों में 17 विकेट लिए। कोलकाता को चैंपियन बनाने में उनका बड़ा योगदान रहा, उन्होंने प्लेऑफ के दोनों मैचों में ओपनर्स के अहम विकेट लिए थे।
  • स्टार्क IPL करियर के 40 मैचों में 51 विकेट ले चुके हैं। पिछले ऑक्शन में बेंगलुरु और गुजरात ने भी उनके लिए बड़ी बोली लगाई थी। दोनों टीमें इस बार भी मैदान में उतर सकती हैं।
  • स्टार्क यॉर्कर स्पेशलिस्ट हैं और डेथ ओवर्स में बैटर्स को तेजी से रन बनाने से रोकते हैं। इसी क्वालिटी के कारण उनकी कीमत फिर एक बार 20 करोड़ को पार कर सकती है।

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *