झारखंड में मौसम परिवर्तन के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। रांची में अगले दो दिन 11 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा हो सकती है। इसके बाद 12 अक्टूबर से मौसम साफ रहेगा।
.
राज्य के कुछ जिलों में 10 अक्टूबर को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 4 दिन बाद 12 अक्टूबर से मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी। 15 से 16 अक्टूबर तक मानसून वापस हो जाएगा। फिलहाल कोई नया सिस्टम बनता नहीं दिख रहा है। ऐसे में दीपावली और छठ पूजा के मौके पर मौसम साफ रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान में बदलाव के संकेत नहीं
हालांकि, दीपावली के बाद हल्की ठंडक का भी अहसास होगा। नवंबर के पहले सप्ताह से ठंडक बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

धनबाद में गुरुवार को खिली धूप।
अक्टूबर में अब तक 75% ज्यादा बारिश
अक्टूबर की शुरुआत से अब तक झारखंड में सामान्य से 75 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस माह अब तक 66.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 38 मिमी रहती है। यानी इस महीने अब तक लगभग दोगुनी बारिश हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश पंचेत में हुई राज्य में मानसून कमजोर रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश 21.8 एमएम पंचेत (धनबाद) में दर्ज की गई।
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में जबकि सबे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज की गई।

जामताड़ा में भी मौसम साफ रहा।
बारिश बंद होने से रंग-रोगन में आई तेजी, बाजारों में बढ़ी भीड़
इधर, रांची में दुर्गा पूजा से लगातार हो रही बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया था। बारिश थमने के बाद बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दीपावली को देखते हुए अधिकतर लोग अपने घर-दुकानों की सफाई और रंग-रोगन करने में जुट गए हैं। बाजारों में भी खरीदारी बढ़ गई है। पेंट-पुट्टी की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। मौसम साफ होने से व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी देखी जा रही है। क्योंकि, इस बार दीपावली पर अच्छा कारोबार होने की संभावना है।