संजय टाइगर रिजर्व के कुसमी वन मंडल के मोहन परिक्षेत्र में सोमवार को ‘फिट है इसलिए हिट है’ थीम पर आधारित शारीरिक क्षमता परीक्षण और पैदल चाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व सहायक संचालक भरत सिंह सोलंकी और उप वन मंडल अधिकारी कुसमी ने किया।
.
इसमें मोहन, टमसार बफर और भुईमांड़ बफर परिक्षेत्र के वनपाल, उपवन क्षेत्रपाल और वनरक्षकों समेत 28 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। शुरुआत सुबह व्यायाम के साथ हुई, जिसके बाद दोपहर 1 बजे जूरी बैरियर गेट से 10 किलोमीटर की दूरी तय की गई। यह चाल कठपुतलिया तालाब तक 5 किलोमीटर जाकर वापस आने के रूप में पूरी हुई।
इस दौरान सहायक संचालक सोलंकी और उप वन मंडल अधिकारी ने कर्मचारियों के साथ चलकर उनकी शारीरिक क्षमता का आकलन किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों को सामूहिक व्यायाम भी कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों में शारीरिक ऊर्जा और मानसिक ताजगी बनाए रखते हैं, जिससे वे वन्यजीव संरक्षण, अपराध नियंत्रण और अन्य जिम्मेदारियों को अधिक प्रभावी ढंग से निभा पाते हैं।

शारीरिक रूप से फिट रहना अनिवार्य
सहायक संचालक ने कार्यक्रम में कहा कि वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों का कार्य चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा होता है। उन्हें 24 घंटे सतर्क रहना पड़ता है, इसलिए शारीरिक रूप से फिट रहना अनिवार्य है। उन्होंने इस पहल को नियमित रूप से जारी रखने की घोषणा की और इसे हर महीने आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदीप द्विवेदी, अजीत कुमार नामदेव (कंप्यूटर ऑपरेटर), वाहन चालक रामनाथ पनिका और सुरक्षा श्रमिक जगन्नाथ पनिका का विशेष सहयोग रहा। सहायक संचालक भरत सिंह सोलंकी ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह और अनुशासन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिट कर्मचारी ही विभाग की असली ताकत हैं।

