![]()
वंदेभारत ट्रेन की प्रतीकात्मक फोटो।
सहारनपुर से लखनऊ के बीच अब तेज रफ्तार और आरामदायक सफर का रास्ता खुल गया है। रेलवे मंत्रालय ने सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 26503/26504) के संचालन को मंजूरी दे दी है। ये ट्रेन सप्ताह में छह दिन (सोमवार को छोड़कर) चलाई जाएगी।
.
रेल मंत्रालय के अनुसार, ये ट्रेन सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सौगात देने जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। स्टाफ को ट्रेन संचालन और मेंटेनेंस से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उद्घाटन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
इस नई ट्रेन से न केवल सहारनपुर बल्कि रास्ते में पड़ने वाले जिलों मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर और लखनऊ के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। ये रूट व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वालों के लिए वरदान साबित होगा।
कुछ समय पहले सहारनपुर के नगर विधायक राजीव गुंबर ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र देकर सहारनपुर-लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग की थी। इसके पहले सहारनपुर को दिल्ली आनंद विहार से देहरादून जाने वाली वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल चुकी है।
ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव और सफाई कार्य लखनऊ जंक्शन पर होगा, जबकि पानी की आपूर्ति मुरादाबाद स्टेशन पर की जाएगी। ये ट्रेन लखनऊ जंक्शन, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद ट्रेन मार्ग से होते हुए सहारनपुर पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस का यह नया रूट पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अवध क्षेत्र के बीच संपर्क को और बेहतर बनाएगा तथा यात्रा के समय में कमी लाएगा।
ये रहेगा ट्रेन का टाइम टेबल
- ट्रेन संख्या 26504 (लखनऊ से सहारनपुर) लखनऊ जंक्शन से हर सुबह 5:55 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 26503 (सहारनपुर से लखनऊ) सहारनपुर से हर दोपहर 3:00 बजे (15:00 बजे) चलेगी और रात 9:55 बजे (21:55 बजे) लखनऊ पहुंचेगी।
- ट्रेन 26504 वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह पांच बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी।
- यह ट्रेन सीतापुर से 5.55 बजे, शाहजहांपुर से 7.10 बजे, बरेली से 8.08 बजे, मुरादाबाद से 9.27 बजे, नजीबाबाद से 10.45 बजे,रुड़की से 11.40 बजे होते हुए सहारनपुर दोपहर 12.45 बजे पहुंचेगी।
- इसी तरह वापसी में ट्रेन 26503 वंदे भारत एक्सप्रेस भी सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सहारनपुर से दोपहर तीन बजे रवाना होकर रुड़की से 3.45 बजे, नजीबाबाद से शाम 4.40 बजे, मुरादाबाद से 6.10 बजे, बरेली से 7.33 बजे, शाहजहांपुर से 8.38 बजे, सीतापुर से 9.50 बजे होते हुए लखनऊ जंक्शन रात 11 बजे पहुंचेगी।
