रेवाड़ी में प्रगतिशील किसान के खेत में पहुंचे केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ।
हरियाणा के रेवाड़ी में राजस्थान के अजमेर से सांसद और केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ पहुंचे। जहां पर उन्होंने प्रगतिशील किसान यशपाल के खेत का दौरा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
.
रेवाड़ी के धारूहेड़ा पहुंचे केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ ने कहा कि वे ‘विकसित कृषि संकल्प यात्रा’ के तहत किसानों से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने उन्नत कृषि तकनीकों और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। मंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर 2014 से पहले किसानों के कल्याण पर ध्यान दिया जाता, तो आज उनकी स्थिति कहीं बेहतर होती।
अब मिलने लगा है MSP
मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि किसान सम्मान निधि से लेकर सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने पर सरकार का विशेष जोर है। कार्यक्रम में किसानों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिस पर मंथन कर समाधान के लिए आश्वासन दिया गया।

किसान यशपाल के द्वारा दलहन की जानकारी लेते केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ।
किसान कर रहे हैं ज्यादा पेस्टीसाइड प्रयोग
किसानों को लेकर केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ ने कहा कि वे ज्यादा पेस्टीसाइड और यूरिया डाल रहे हैं। जो धरती की सेहत को खराब कर रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर मैं दो रोटी ज्यादा खा लूंगा तो परेशान रहूंगा, उसी प्रकार जमीन में ज्यादा केमिकल जाएंगे तो वे नुकसान करेंगे। हमें उन्नत खेती करनी होगी और उसकी दिशा में काम करना होगा। उचित दाम से ऋणमुक्त होंगे किसान
किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर पहले सरकारें ध्यान देती तो किसान कर्जमुक्त होता। अब किसानों को फसल का उचित दाम मिलने लगा है तो किसानों की स्थिति में सुधार आने लगा है। किसानों के कर्ज माफ करने की बजाए उन्हें उन्नत बीज उपलब्ध करवाने होंगे, तभी उनकी स्थिति में सुधार आएगा।

बिना पेस्टीसाइड की सब्जियां के बारे में चर्चा करते हुए केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ।
किसानों के उत्पाद देखे
धारूहेडृा में प्रगतिशील किसान यशपाल के फाॅर्म पर पहुंचे केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री चौधरी भागीरथ ने उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान यशपाल ने बिना पेस्टीसाइड के अपने खेत में तैयार सब्जियों व दलहन वाली फसलों का प्रदर्शनी लगाकर मंत्री को दिखाया। उन्होंने कहा कि यशपाल जैसे किसान दूसरे किसानों के लिए प्रेरक हैं।