केंद्र सरकार प्रवर्तित योजना जल जीवन मिशन के तहत हरदी-भटचौरा 33 करोड़ रुपए का मल्टी विलेज का टेंडर निरस्त कर दिया गया है। वजह ये कि कांट्रेक्टर द्वारा फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के सहारे टेंडर हासिल कर लिया गया था। शिकायत शासन स्तर पर की गई थी, जिसमें दस
.
कांट्रेक्टर विजय सालुंके ने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के सहारे 33 करोड़ रुपए के मल्टी विलेज का टेंडर हासिल कर लिया था। मामला खुलने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने यह टेंडर निरस्त कर दिया गया। दरअसल, इस मामले की शिकायत रायपुर में की गई थी। यह बताया गया था कि कांट्रेक्टर ने तय मापदंडों को पूरा करने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र लगा दिया है।
शिकायत होने के बाद शासन स्तर पर दस्तावेजों की छानबीन की गई। नगरीय निकाय के नाम से जारी अनुभव प्रमाण पत्र में जब संबंधित निकाय से जांच टीम ने संपर्क किया, तब वहां से पता चला कि ऐसा कोई अनुभव प्रमाण पत्र जारी ही नहीं किया गया है। कांट्रेक्टर से भी पड़ताल की गई, लेकिन उसने विभागीय उच्चाधिकारियों को काेई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
बांध और जलाशयों के पानी का होगा ट्रीटमेंट
जल-जीवन मिशन योजना में मल्टी विलेज गांव स्कीम के जरिए गांवों में पेयजल आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 90 से अधिक गांवों का चयन किया गया है। जिन बांध और एनीकट से पानी लाया जाएगा, उनका भी चयन किया जा चुका है। भविष्य में गिरते भू-जल स्तर और जल संकट को देखते हुए जल जीवन मिशन में मल्टी विलेज स्कीम लाई गई है।
इस योजना के लिए मंगला-पासीद , चपोरा, हरदी-भटचौरा और भैंसाझार मोहन भाठा का चयन किया गया है। इसमें मंगला-पासीद में अमलडीहा एनीकट, चपोरा में चांपी जलाशय, हरदी-भटचौरा में हरदी एनीकट और भैसाझार-मोहनभाठा में अरपा भैंसाझार से पानी गांवों में ले जाकर उसका ट्रीटमेंट कर पेयजल आपूर्ति के लिए किया जाएगा। टेंडर के बाद चयनित गांवों में ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा।
धीमी गति से काम पर सख्त हुआ रवैय्या धीमी गति से काम पर अब विभाग का रवैय्या सख्त हो गया है। जल्द ही कांट्रेक्टरों की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक कलेक्टर लेंगे। दरअसल, राज्य भर में बिलासपुर जिले का जेजेएम में परफार्मेंस संतोषजनक नहीं हो पा रहा है। विभाग के ईई हर्ष कबीर के अनुसार जिन 11 कांट्रेक्टरों को नोटिस दिया गया है, उनके काम की समीक्षा की जाएगी। इनमें एक कांट्रेक्टर ऐसा है, जिसने काम तक शुरू नहीं किया है। उसका कांट्रेक्ट निरस्त किया जा सकता है।