मुंबई11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कंपनी का कॉमर्शियल व्हीकल डिवीजन TML कॉमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (TMLCV) में अलग होगा।
आज (14 अक्टूबर) टाटा मोटर्स के डीमर्जर की रिकॉर्ड डेट है। यानी आज के बाद कंपनी के शेयर कॉमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस से अलग होकर ट्रेड करेंगे। डीमर्जर 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो चुका है। डीमर्जर प्लान के तहत 3 बड़े बदलाव होंगे…
- कंपनी का कॉमर्शियल व्हीकल डिवीजन TML कॉमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (TMLCV) में अलग होगा।
- पैसेंजर व्हीकल बिजनेस टाटा मोटर्स के पास रहेगा, जिसका नाम बदलकर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड हो जाएगा।
- TML कॉमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (TMLCV) के शेयर नवंबर में BSE और NSE पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
टाटा मोटर्स का शेयर आज 40% नीचे क्यों है?
टाटा मोटर्स के शेयर आज सोमवार, 13 अक्टूबर के क्लोजिंग प्राइस से 40% से ज्यादा नीचे आ गए। क्योंकि अब टाटा मोटर्स का पुराना कंसॉलीडेटेड स्टॉक खत्म हो गया है। जो कीमत आप देख रहे हैं, वो डीमर्जर के बाद टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (PV) शेयर की अपडेटेड प्राइस है।
ये कोई गिरावट नहीं है। कंपनी अलग हो गई है तो शेयर बंटा है, इसलिए यह कम दिख रहा है। टाटा मोटर्स कॉमर्शियल व्हीकल (CV) का बराबर शेयर निवेशकों को मिलेगा। दोनों को जोड़ने के बाद आपका निवेश उतना ही होगा जितना आपने पहले किया था।

नोमुरा ने दोनों कंपनियों का बराबर प्राइस तय किया?
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने डीमर्जर के बाद टाटा मोटर्स की वैल्यू को लगभग बराबर दो हिस्सों में बांटा है – पैसेंजर व्हीकल (PV) और कॉमर्शियल व्हीकल (CV)। नोमुरा ने PV डिवीजन के लिए 367 रुपए प्रति शेयर और CV डिवीजन के लिए 365 रुपए प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है।
टाटा मोटर्स डीमर्जर को सवाल जवाब में समझिए…
1. टाटा मोटर्स का डीमर्जर क्या है?
जवाब: टाटा मोटर्स ने अपने बिजनेस को दो हिस्सों में बांट दिया है। एक हिस्सा कॉमर्शियल व्हीकल (ट्रक, बस जैसे वाहन) का होगा, जो TML कॉमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (TMLCV) नाम की नई कंपनी में जाएगा। दूसरा हिस्सा पैसेंजर व्हीकल (कार, SUV) का होगा, जो टाटा मोटर्स के पास रहेगा, लेकिन इसका नाम बदलकर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड हो जाएगा।
2. डीमर्जर की रिकॉर्ड डेट क्या है और इसका क्या मतलब है?
जवाब: रिकॉर्ड डेट आज यानी 14 अक्टूबर 2025 है। यानी, जो लोग आज के दिन टाटा मोटर्स के शेयरहोल्डर होंगे उन्हें नई कंपनी TMLCV के शेयर मिलेंगे। ये डेट तय करती है कि डीमर्जर के लिए कौन-कौन एलिजिबल है।
3. शेयरहोल्डर्स को क्या फायदा होगा?
जवाब: शेयरहोल्डर्स को 1:1 रेश्यो में शेयर मिलेंगे। मतलब, अगर आपके पास टाटा मोटर्स के 1 शेयर (2 रुपए फेस वैल्यू) हैं, तो आपको TMLCV का भी 1 शेयर (2 रुपए फेस वैल्यू) मिलेगा। दोनों कंपनियों के शेयर अलग-अलग स्टॉक एक्सचेंज (BSE और NSE) पर ट्रेड करेंगे। TMLCV के शेयर नवंबर 2025 में लिस्ट होने की उम्मीद है।
4. शेयर की कीमत कैसे तय होगी?
जवाब: 14 अक्टूबर को टाटा मोटर्स के शेयर कॉमर्शियल व्हीकल बिजनेस से अलग (एक्स-CV) ट्रेड कर रहे हैं। नई कंपनी TMLCV के शेयर की कीमत 13 अक्टूबर के टाटा मोटर्स के क्लोजिंग प्राइस और 14 अक्टूबर को सुबह 9:00 से 10:00 बजे के बीच स्पेशल प्री-ओपन सेशन में तय ओपनिंग प्राइस के अंतर से निकाली जाएगी।
5. ये डीमर्जर कब से लागू है और अगला कदम क्या है?
जवाब: डीमर्जर 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो चुका है। अब TMLCV के शेयर नवंबर 2025 में BSE और NSE पर लिस्ट होंगे। इससे शेयरहोल्डर्स को दोनों कंपनियों (पैसेंजर और कॉमर्शियल व्हीकल) में अलग-अलग निवेश का मौका मिलेगा, जिससे उनकी वैल्यू और ग्रोथ की संभावना बढ़ सकती है।
गिरीश वाघ कॉमर्शियल व्हीकल कंपनी को लीड करेंगे

डीमर्जर के बाद बनी कॉमर्शियल व्हीकल कंपनी को गिरीश वाघ लीड करेंगे। इससे पहले शुक्रवार (26 सितंबर) को कंपनी ने अपनी टॉप लीडरशिप में कई बड़े बदलावों की घोषणा की थी। कंपनी ने शैलेश चंद्रा को नया MDऔर CEO बनाया। वहीं, ग्रुप के मौजूदा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) पीबी बालाजी JLR ऑटोमोटिव के नए CEO होंगे। दोनों अधिकारियों ने आज से ही जिम्मेदारी संभाल ली है।
पीबी बालाजी ने इस्तीफा दे दिया है और वो 17 नवंबर को पद छोड़ देंगे। पीबी के जाने के बाद, धीमान गुप्ता को टाटा मोटर्स का नया CFO नियुक्त किया गया है, जो 17 नवंबर से प्रभावी होगा। मैनेजमेंट में इस बदलाव की जानकारी कंपनी ने आज यानी शुक्रवार 26 सितंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में दी है। पूरी खबर पढ़ें…
टाटा मोटर्स का मुनाफा 30% घटकर ₹3,924 करोड़
टाटा मोटर्स को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 3,924 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा (कॉन्सोलिडेटेड नेट प्रॉफिट) हुआ। सालाना आधार पर यह 30% कम है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 5,643 करोड़ रुपए था।
अप्रैल-जून तिमाही में ऑपरेशन से कंपनी का रेवेन्यू 1.04 लाख करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान तिमाही में टाटा मोटर्स ने 1.07 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट किया था। सालाना आधार पर यह 2.51% घटा है।


————————–
ये खबर भी पढ़ें…
टाटा की गाड़ियां ₹1.55 लाख तक सस्ती होंगी: GST दरों में बदलाव का असर; 22 सितंबर से लागू होंगी नई कीमतें

टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों की कीमत घटाने का ऐलान किया है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 22 सितंबर से टाटा की गाड़ियां 65,000 रुपए से लेकर 1.55 लाख रुपए तक सस्ती हो जाएंगी।
कंपनी ने यह फैसला GST दरों में बदलाव की मंजूरी के बाद लिया है। 3 सितंबर को GST काउंसिल ने छोटी कारों पर लगने वाले टैक्स को 28% से घटाकर 18% कर दिया था।