रांची लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद संजय सेठ दूसरी बार चुनाव जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को 1,20,512 वोटों से हराया। चुनाव जीतने के बाद सांसद संजय सेठ से दैनिक भास्कर ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने देश और झारखंड में बीजेप
.
सवाल: झारखंड में बीजेपी के प्रदर्शन में गिरावट आई है। कई नेता चुनाव हार गए। आपका ऐसा कौन सा काम किए, जिससे आपको जीत मिली?
जवाब: मोदी की गारंटी। मोदी लगातार पांच साल बिना रुके, बिना थके देश की तस्वीर और तकदीर बदलने में जुटे रहें। उनसे ऊर्जा मिली और हमने भी प्रयास किया। रांची एक राजधानी के तौर पर दूसरे राजधानियों की तरह लगे, इसको लेकर पूरा प्रयास किया।
कोरोना काल में बीजेपी के कार्यकर्ताओं और संघ के स्वयंसेवकों सड़क पर थे। कोरोना के समय मौत सामने खड़ी थी, लेकिन बिना झुके हमलोग काम करते रहे थे। इसके बाद तीन साल मिला, जिसमें फ्लाई ओवर, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, रेलवे स्टेशन, रेलवे में दर्जन अंडर पास और ब्रिज बनवाए। लोगों को यह बात समझनी होगी कि सांसद, विधायक, वार्ड पार्षद सबकी अलग-अलग जिम्मेदारी है। हमने अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से पूरा किया है।
सवाल: आपने एक- एक करके काम गिनाये, आप अभी भी जनता के बीच है?
जवाब: मैं सुबह छह बजे से यहां बैठा हूं। इस दौरान सैकड़ों लोग आए और मिल रहे हैं। मैं जीत कर बैठा हूं, ऐसा नहीं है। मैं हर दिन सात बजे तक बैठता हूं।
सवाल: भाजपा का प्रदर्शन इस बार पहले की तुलना में खराब रहा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा अपनी सीट नहीं बचा पाए। झारखंड में बीजेपी पांच सीट नहीं जीत सकी। इसको आप कैसे देखते हैं?
जवाब: यह देश का दुर्भाग्य है। देश का चुनाव विकास पर नहीं हुआ है। आजादी के 65 साल तक कांग्रेस ने शासन किया, लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में मोदी ने 10 सालों में जो काम किया, वह अकल्पनीय है। जिस राम मंदिर के लिए पांच सौ साल इंतजार करना पड़ा, उस राम मंदिर को मोदी जी ने बनवाया। लेकिन, अयोध्या से बीजेपी के उम्मीदवार हार गए।
हम सेना के हथियार के लिए भीख मांगते थे, आज हम आत्मनिर्भर है। नितिन गडकरी ने सड़कों का जाल बिछा दिया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात होती है तो योगी मॉडल का चर्चा करते हैं। इसके बावजूद प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा। इसका मतलब विकास पैमाना नहीं है। क्या सिर्फ कास्ट पैमाना है।
सवाल: मोदी जी ने अपने संबोधन में यह कहा कि तीसरा कार्यकाल कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहेगा, क्या भ्रष्टाचार पर कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी।
जवाब: बिल्कुल भ्रष्टाचार पर कार्रवाई जारी रहेगी। भ्रष्टाचार की दुकान खोलने वाले यह न समझें कि मोदी कमजोर हुआ है। वह और मजबूत होंगे। तीसरी बार भ्रष्टाचार पर मजबूती से प्रहार होगा। मोदी जनता के हर पैसे का हिसाब लेंगे।
सवाल: आपने लोकसभा में झारखंड के कई मुद्दे उठाए। राजमहल और दुमका क्षेत्र में बांग्लादेश के घुसपैठ का मुद्दा उठाया गया। लेकिन, प्रदर्शन खराब रहा।
जवाब: हमने इन मुद्दों को उठाया, इसलिए हार गए। बांग्लादेश घुसपैठियों का मुद्दा नहीं उठाना चाहिए। सारे बांग्लादेशी एक हो गए। इस बात की शंका थी, वहीं हुआ।
सवाल: क्या इस बार विधानसभा में बीजेपी घुसपैठ का मुद्दा बनाएगी?
जवाब: जरूर बनाएगी। हम इस क्षेत्र में बांग्लादेशियों को घुसपैठ नहीं करने देंगे। वो घुसेंगे हम चुप रहेंगे, यह असंभव नहीं है। हम उन्हें बाहर निकालने का पूरा प्रयास करेंगे। अभी विधानसभा चुनाव में पांच महीने बचे हैं। हम हार की सारी वजहों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
आपने लोकसभा में झारखंड के कई सवाल उठाए हैं। इस बार आपके मन में कौन- कौन से सवाल है?
जवाब: जनता अपना प्रतिनिधि विकास और अपनी आवाज के लिए चुनती है। पांच साल कोई ऐसा सत्र नहीं रहा, जिसमें हमने अपनी आवाज नहीं उठाई। पुष्पा मुंडा, रूबिका पहाड़िया, रूपा तिर्की, रुपेश पांडेय के मौत पर हमने सवाल उठाए। पर्यटन पर सवाल किया। छात्रों के पर्चा लीक पर हमने आवाज उठाए। धीरज साहू के यहां पैसे बरामद हुए, उसपर आवाज उठाई। मैं बोलता हूं तो देश सुनता है और सरकार उसका जवाब देती है।
सवाल: आपने भी सोशल साइट पर मोदी का परिवार लिखा है। इस जीत को आप कैसे देखते हैं।
जवाब: मोदी का परिवार होना गर्व की बात है। मोदी की दुनिया मुरीद है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर किया गया। दुनिया कहती थी, यह अनपढ़ों का देश है। आज सभी डिजिटल पेमेंट से लेन-देन कर रहे हैं। हमारा मनोबल टूटा नहीं है। यह तीसरा कार्यकाल भारत को दुनिया के सर्वोच्च तक ले जायेगा।