Saugat e Modi kit for Muslim families in UP, BJP campaign and strategy | यूपी में 10 लाख मुस्लिम परिवारों को सौगात-ए-मोदी किट: फिर भी भाजपा को मुस्लिम वोट मिलना मुश्किल; संभल जैसे टकराव भी नहीं थमेंगे – Uttar Pradesh News

संभल में मंदिर-मस्जिद विवाद के बीच ईद-उल-फितर के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से यूपी के 10 लाख गरीब मुस्लिम परिवारों को सौगात-ए-मोदी बांटी जा रही है। शनिवार को राजधानी लखनऊ में भी शिया बहुल इलाकों में मुसलमानों को किट बांटी गई।

.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वोट बैंक के लिए भाजपा की ओर से किए जा रहे ध्रुवीकरण के चलते इसका फायदा भाजपा को नहीं होगा। इतना ही नहीं, मुस्लिमों और भाजपा के बीच चल रहे टकराव में भी कोई नरमी आने की संभावना नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा दिया है। यूं तो मोदी सरकार की हर महत्वाकांक्षी योजना के लाभार्थियों में बड़ी संख्या में मुस्लिम लाभार्थी भी हैं। लेकिन, पहली बार पीएम मोदी की ओर से ईद पर गरीब मुसलमानों के लिए सौगात-ए-मोदी की किट बांटी जा रही है। यह किट भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे के पदाधिकारी बांट रहे हैं।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बताया- यूपी में करीब 10 लाख मुस्लिम परिवारों को किट बांटी जाएगी। सिर्फ गरीब मुस्लिमों को ही किट दी जाएगी।

पहले इन आंकड़ों पर नजर डालिए

भाजपा को नहीं मिलता 5 फीसदी वोट पॉलिटिकल एक्सपर्ट के मुताबिक, यूपी में मुस्लिमों की आबादी 5 करोड़ से ज्यादा है। उनको सपा का सबसे बड़ा वोट बैंक माना जाता है। मुस्लिम सपा के बाद बसपा और फिर कांग्रेस को वोट देते हैं। भाजपा को मुस्लिमों का 5 फीसदी वोट भी नहीं मिलता।

इन जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मुस्लिम वोटर्स यूपी में 23 जिलों की करीब 140 विधानसभा सीट हैं, जो मुस्लिम बाहुल्य है। यहां 20% से अधिक मुस्लिम हैं। 10 जिलों की 31 विधानसभा सीटों पर 25% से ज्यादा मुस्लिम वोटर्स हैं। इनमें मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरपुर, बलरामपुर, बरेली, मेरठ, बहराइच और संभल जिले की विधानसभाएं शामिल हैं।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने शनिवार को लखनऊ में कई मुस्लिम परिवारों को किट का वितरण किया।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने शनिवार को लखनऊ में कई मुस्लिम परिवारों को किट का वितरण किया।

पार्टी में मुस्लिमों की सांकेतिक हिस्सेदारी यूपी में भाजपा सरकार और संगठन में भी मुस्लिमों की सांकेतिक हिस्सेदारी है। भाजपा से एक भी मुस्लिम विधायक या सांसद नहीं है। विधान परिषद में भाजपा के 2 मुस्लिम एमएलसी हैं। प्रदेश भाजपा संगठन में भी मुस्लिम पदाधिकारी नहीं हैं। मुस्लिम केवल अल्पसंख्यक मोर्चा तक सीमित हैं।

सौगात-ए-मोदी किट बांटती भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे की क्षेत्रीय मंत्री फरह।

सौगात-ए-मोदी किट बांटती भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे की क्षेत्रीय मंत्री फरह।

एक्सपर्ट भाजपा के इस कदम को किस तरह से देखते हैं?

पसमांदा के बाद अब गरीब मुस्लिमों को साधने की कोशिश राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं, भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले पसमांदा मुसलमानों को साधने का प्रयास किया था। पसमांदा मुस्लिमों की सत्ता और संगठन में भागीदारी भी थी। इस समाज से दानिश आजाद अंसारी योगी सरकार में मंत्री हैं।

वहीं, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति डॉ. तारिक मंसूर को एमएलसी और भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया गया। फिर भी लोकसभा चुनाव में यूपी सहित आस-पास के राज्यों में अधिकांश पसमांदा समाज ने भाजपा को वोट नहीं दिया। पसमांदा का कार्ड फेल होने के बाद भाजपा ने अब मुस्लिम गरीबों को साधने की कोशिश की है। उसी प्रयास के तहत इस बार सौगात-ए-मोदी की किट बांटी जा रही है।

मुसलमानों की नब्ज टटोलने की कोशिश वरिष्ठ पत्रकार आनंद राय मानते हैं- मोदी सरकार का करीब 11 साल का कार्यकाल हो गया है। यूपी में योगी सरकार का 8 साल का कार्यकाल हो गया है। मुस्लिमों में भी एक वर्ग है, जो सत्ता के करीब आना चाहता है। सत्ता के करीब रहने का निश्चित तौर पर फायदा मिलता है। लोकसभा चुनाव में मुस्लिमों ने एकतरफा सपा-कांग्रेस गठबंधन को वोट किया। भाजपा की सीटें यूपी में घट गईं।

वरिष्ठ पत्रकार रतनमणि लाल का भी मानना है कि भाजपा को इससे ज्यादा फायदा मिलने वाला नहीं है। चुनाव में भले ही वह इसे प्रचार के रूप में इस्तेमाल कर पाए।

भाजपा नेता बोले-वोट नहीं, खुशी के लिए किट बांट रहे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली का कहना है- मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और अंत्योदय की भावना से काम करती है। देश में बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जो गरीबी के कारण ईद को सही ढंग से नहीं मना पाते। उनकी ईद की मिठास और खुशियों में कमी रह जाती है। इसलिए भाजपा ने सौगात-ए-मोदी किट बांटी है।

यह किट गरीब मुसलमानों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम करेगी। यह काम विपक्ष को करना चाहिए, लेकिन वह नहीं कर पाए। मुस्लिमों का बड़ा तबका भाजपा को वोट नहीं करता है, फिर भी भाजपा किट बांट रही है। यह विपक्ष को हजम नहीं हो रहा है।

वहीं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे की क्षेत्रीय मंत्री फरह ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक का कानून बनाकर, महिलाओं को गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं से जोड़कर पहले ही सौगात दे चुके हैं। ईद के समय यह जो सौगात दी जा रही है सोने पर सुहागा है। विपक्ष का काम है हर अच्छे काम में कमी निकालना। आम मुसलमानों को विपक्ष वक्फ बिल के नाम पर भी गुमराह कर रहा है।

——————–

ये खबर भी पढ़ें…

नोएडा में पति-पत्नी ने मॉडल्स के न्यूड वीडियो शूट किए, 500 लड़कियां हायर कीं, अपलोड करके 22 करोड़ कमाए; ED ने खुलासा किया

नोएडा का एक शानदार बंगला…अंदर स्टूडियो, जहां मॉडल्स का न्यूड वीडियो शूट होता था। ED की टीम ने 28 मार्च को सेक्टर-105 के बंगले में छापा मारा, तो ऑनलाइन पोर्नोग्राफी रैकेट का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर मॉडल्स की भर्ती करते। फिर उनका लाइव कैम पर अश्लील वीडियो शूट करके विदेशी पोर्न वेबसाइटों पर अपलोड कर देते थे। पढ़ें पूरी खबर

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *