गोरखपुर से नरकटियागंज जा रही सवारी गाड़ी संख्या 55047 में एक अज्ञात यात्री को बेतिया में बेहोश हालत में पाया गया। यात्रियों की सूचना पर मौके पर पहुंची रेल पुलिस ने उन्हें नरकटियागंज के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
.
अस्पताल में तीन घंटे के प्राथमिक उपचार के बाद यात्री की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेतिया रेफर कर दिया। पुलिस ने एंबुलेंस के लिए 102 पर कॉल किया। एंबुलेंस के आने के बाद मरीज को ले जाने की तैयारी के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उनकी उम्र लगभग 55 साल बताई जा रही है। मृतक काले रंग का जैकेट और सफेद रंग का पैंट पहने हुए था। उनके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस ने एक निजी वाहन से शव को भेजा
मौत के बाद शव को लेकर पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों में विवाद हो गया। पहले शव को एंबुलेंस में रखा गया। बाद में उसे उतार दिया गया। अंततः रेल पुलिस ने एक निजी वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा।
नरकटियागंज रेल थानाध्यक्ष राजकुमार के अनुसार मृतक के परिजनों की तलाश जारी है। परिजनों का पता चलने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। डॉक्टर सागर कुमार ने शव वाहन की कमी को विवाद का कारण बताया।