- Hindi News
- National
- Mumbai Kerala Weather Update; Rajasthan Madhya Pradesh Tamil Nadu Forecast
नई दिल्ली1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

देश में भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना कर रहे शहरों को अगले 8 दिन राहत मिलने जा रही है। 4 मई से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम बदलेगा और बारिश होगी।
फिलहाल उत्तर भारत के अलावा दक्षिण भारत में आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक में हीटवेव (लू) से पारा 45 का आंकड़ा भी पार कर गया है। 3 मई को देश में सबसे ज्यादा तापमान आंध्रप्रदेश के नांदयाल का रहा, जहां 46.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इसके बाद तेलंगाना के खम्मम, बंगाल के कलाईकुंडा, ओडिशा के बौद्ध और तमिलनाडु के इरोड में पारा 42 डिग्री से 45 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ।
इधर, IMD और INCOIS (इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशियन इन्फॉर्मेशन सर्विस) ने शनिवार (4 मई) से अगले 36 घंटों के लिए मुंबई और आसपास के तटीय इलाकों में हाई टाइड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान समंदर में 5 फुट तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
एक दिन पहले केरल और तमिलनाडु में भी हाई टाइड का अलर्ट जारी किया गया। मछुआरों को 4 मई की रात 2.30 बजे से 5 मई की रात 11.30 तक समंदर में न जाने की सलाह दी गई है।

अगले 2 दिन के मौसम का अनुमान…
5 मई : नॉर्थ ईस्ट के 7 राज्यों में बारिश होगी
- अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में कई जगहों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में अलग-अलग जगहों पर लू चलने की संभावना है।
6 मई : असम मेघालय समेत 17 राज्यों में बारिश
- असम और मेघालय में बहुत ज्यादा यानी 204.4 मिमी से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
- बेंगलुरू में 162 दिन बाद अच्छी बारिश हुई है। 6 मई से बारिश संभव है। पिछले दिनों तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था।

तस्वीर भुवनेश्वर की है। यहां गर्मी के चलते सड़कों पर मृगमारीचिका (मिराज) नजर आने लगी है।
हीट वेव अलर्ट
- आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक शनिवार को राज्य के 227 मंडलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
- केरल के 14 में से 12 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
- दिल्ली में 4 मई को बारिश की संभावना है। 9 से 11 मई तक प्री-मानसून के तहत मौसम बदल सकता है।
ईस्ट इंडिया में प्री मानसून का दौर शुरू हो सकता है
मौसम की जानकारी जुटाने वाली प्राइवेट एजेंसी स्कायमेट के अनुसार 6 मई से प्री-मानसून का दौर शुरू होने की उम्मीद है। नॉर्थईस्ट के राज्यों में 4 मई से 9 मई तक बारिश होगी। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। नॉर्थ इंडिया यानी बिहार, झारखंड, बंगाल, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी बारिश हो सकती है।
क्या है कलाक्कडल और ये नाम कैसे पड़ा
विभाग ने समुद्र में जिस तरह से लहरें उठने की संभावना जताई गई है, उसे कलाक्कडल कहते हैं। कलाक्कडल का अर्थ है- समुद्र का अचानक से चोरों की तरह आना। यानी इस घटना में अचानक से ऊंची लहरें उठती हैं। INCOIS के मुताबिक, समुद्र में अचानक से लहरें उठने लगती हैं। इसका कोई संकेत या वॉर्निंग नहीं होती। इसलिए इसे कलाक्कडल कहा जाता है। इसी के चलते हिंद महासागर के दक्षिणी हिस्से में एक निश्चित समय में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राज्यों से जुड़ा मौसम का अपडेट…
राजस्थान : 20 जिलों में 2 दिन हीटवेव का अलर्ट, पारा 42 डिग्री के ऊपर पहुंचेगा

राजस्थान में अगले 2 दिन में पारा 42 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, अगले हफ्ते 20 जिलों में लू का भी अलर्ट है। गर्मी का असर 8 मई तक रहेगा। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को उदयपुर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में बादल छाए हैं। लेकिन बारिश होने की संभावना बहुत कम है। अगले तीन-चार दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पढ़ें पूरी खबर…
मध्यप्रदेश: 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री पार; 6 और 7 मई को बारिश हो सकती है

मध्यप्रदेश में कई जिलों में पारा 42 डिग्री पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर, खरगोन और खंडवा में हीट वेव यानी लू चल सकती है। IMD भोपाल के वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने बताया कि ईरान की ओर से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। जिससे 6 और 7 मई को शहडोल, उमरिया, सिंगरौली और रीवा में हल्की बारिश हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
झारखंड : 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 6 मई को बारिश की संभावना

प्रदेश के 10 जिलों का तापमान 40 के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने शनिवार 4 मई के लिए झारखंड के पांच जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जिनमें सराइकेला- खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, पाकुड़ और गोड्डा शामिल है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 मई को राज्य में बारिश की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…
चंडीगढ़ : वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर हल्का, तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे

चंडीगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में बादल छाए हैं, जबकि मौसम विभाग ने पहले हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन अब बारिश की संभावना बहुत कम हैं। क्योंकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर हल्का हो गया है। अगले 5 दिनों में तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पढ़ें पूरी खबर…
मानसून को लेकर 2 अनुमान
1. मौसम विभाग का अनुमान- मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 20 राज्यों में अच्छी बारिश होगी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि इस बार जून से सितंबर तक मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। मौसम विभाग (IMD) 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है।
IMD ने बताया कि 2024 में 106% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
2. स्काईमेट का अनुमान- इस साल सामान्य मानसून, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में अच्छी बारिश होगी

वेदर एजेंसी स्काईमेट ने मंगलवार 9 अप्रैल को बताया था कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा। यानी जून से सितंबर तक 4 महीने में औसत या सामान्य बारिश होगी। मौसम विभाग (IMD) 96 से 104 फीसदी के बीच बारिश को औसत या सामान्य मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। पूरी खबर पढ़ें…