झारखंड में मानसून अब अलविदा कहने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य से मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी।
.
भारतीय मौसम विभाग के रांची केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार 12 से 14 अक्टूबर के बीच मानसून विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। गिरिडीह, रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, सिमडेगा सहित कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने की आशंका के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अक्टूबर में अब तक 99% ज्यादा बारिश
अक्टूबर की शुरुआत से अब तक झारखंड में सामान्य से 99 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में इस माह अब तक 66.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 33.3 मिमी रहती है। यानी इस महीने अब तक लगभग दोगुनी बारिश हो चुकी है।
वहीं, पूरे मानसून सीजन में राज्य में अब तक 1184.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 1188.4 मिमी के करीब है। इसका मतलब यह है कि इस साल झारखंड में बारिश लगभग सामान्य रही। सबसे अधिक वर्षा सिमडेगा जिले में दर्ज की गई, जहां सामान्य से 58 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। वहीं, देवघर और दुमका में सबसे कम वर्षा दर्ज की गई।
तापमान सामान्य, कई जिलों में महसूस होने लगी ठंड
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम और आरामदायक स्तर पर है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान फिलहाल 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
वहीं, सबसे ज्यादा तापमान पाकुड़ में दर्ज किया गया, जहां पारा 34.8 डिग्री तक पहुंचा। कई इलाकों में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। सुबह-शाम की हवाओं में नमी बढ़ी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे मानसून की वापसी होगी, दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आने वाले हफ्तों में मौसम शुष्क रहेगा। ठंड का असर धीरे-धीरे शुरू हो सकता है।