रायपुर में शनिवार को महापौर एजाज ढेबर ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। पार्षदों और महापौर के कार्यकर्ताओं ने शारदा चौक से तात्यापारा तक चौड़ीकरण के पक्ष में लोगों से साइन कराए। इसके लिए बड़ी सी सफेद चादर लगाई गई थी।
.
शारदा चौक से तात्यापारा तक करीब 700 मीटर सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे को लेकर ये अभियान चलाया गया। ये प्रोजेक्ट पिछले 19 साल से अटका हुआ है। महापौर ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल के समय में 137 करोड़ की मंजूरी मिली थी।
पीडब्लूडी विभाग को एजेंसी बनाकर रोड चौड़ीकरण के लिए एवं प्रभावित व्यापारियो को मुआवजा देने के लिए यह राशि स्वीकृत हुई थी। अब सरकार बदलने पर इसे रोकना बीजेपी नेताओं की ओछी मानसिकता को उजागर करता है।

हस्ताक्षर अभियान के बीच एक शख्स बीजेपी का छाता पकड़े साइन करते नजर आया।
महापौर ने कहा- यहां क़रीब हर रोज 70 हज़ार लोग प्रभावित होते हैं। ट्रैफिक जाम होने के वजह से रायपुर शहर की जनता को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हम चाहते हैं कि सड़क चौड़ी हो और लोगों को इस समस्या से जूझना न पड़े।

अब राज्यपाल से मिलेंगे ढेबर
अब तक महापौर इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उप मुख्यमंत्री पीडब्लूडी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, चीफ सेक्रेटरी, सेक्रेटरी, रायपुर कलेक्टर से मिल चुके हैं। अब इस मामले में ढेबर राज्यपाल से मिलेंगे। ये भी कहा गया कि चौड़ीकरण का कोई हल न निकला तो शहर में चक्का जाम किया जाएगा।