मंडी की चौहारघाटी में बीती रात को कार हादसे के बाद इधर-उधर बिखरे मृतकों के शव।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की चौहारघाटी में बीती रात को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 16 से 30 साल के 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शनिवार देर रात को हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
.
सूचना के अनुसार, कार में सवार पांचों युवक बीती रात को बरोट में एक शादी समारोह में गए थे। शादी से घर लौटते वक्त हादसा हो गया। इनकी कार चौहारघाटी के वरधाण में करीब 700 मीटर नीचे गिरी। कार सवार सभी युवक घमच्याण गांव के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद क्षेत्र में मातम परसा हुआ है।
इन युवकों की मौत
मृतक की पहचान राजेश, गंगू, कर्ण, सागर और अजय के रूप में हुई है। जिनमें एक युवक करीब 16 साल और अन्य 4 की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच में बताई जा रही है।

घटना स्थल पर मौजूद लोग।
रात के हादसे की सुबह मिली जानकारी
इस घटना की जानकारी सुबह के वक्त मिल पाई, जब एक भेड़ पालक ने खेत में दुर्घटनाग्रस्त कार देखी। इसके बाद भेड़ पालक ने घटना की सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। तब जाकर पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी टिक्कन पुलिस चौकी को दी।

घटना स्थल पर मौजूद लोग।
परिजनों को सौंपे शव
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत हालत में पड़े शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली। पुलिस ने आज दोपहर तक मृतकों के शवों का जोगेंद्रनगर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एसडीएम ने मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की।

इधर-उधर बिखरे पड़े शव।
हादसे के कारणों की जांच की जाएगी: SP
मंडी जिले की एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की जान गई है। शवों को निकालने के लिए ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया है। हादसा किन कारणों से हुआ इसकी छानबीन की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में 5 लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी के बरोट के समीप सड़क हादसे में मृत पांच लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने सड़क दुर्घटना के प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
यहां देखिए हादसे से जुड़े फोटो….




