Madhya Pradesh News Updates; IMD Rainfall Red Alert | Wayanad Landslide | न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: वायनाड लैंडस्लाइड- 134 शवों के टुकड़े मिले; ताजमहल में गंगाजल चढ़ाया; एमपी में भारी बारिश का रेड अलर्ट – Madhya Pradesh News


नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की प्रदेश और देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

.

1. नरसिंहपुर में मकान ढहने से 2 की मौत, 5 घायल; भोपाल के नाले में 14 साल का लड़का बहा; एमपी में रेड अलर्ट

मध्यप्रदेश में शनिवार को भी बारिश का दौर जारी है। भोपाल में सुबह से रिमझिम पानी गिर रहा है। सुखी सेवनिया के नाले में 14 साल का लड़का बह गया। नरसिंहपुर के गाडरवारा में गुरुवार देर रात तेज बारिश से कच्चा मकान ढह गया। परिवार के 8 लोग मलबे में दब गए। दो की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हैं। वहीं, एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। आज शनिवार को 12 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. वायनाड लैंडस्लाइड- 341 शवों का पोस्टमॉर्टम हुआ, 134 शवों के टुकड़े मिले

वायनाड लैंडस्लाइड के पांचवे दिन प्रशासन ने माना कि राहत और बचाव कार्य में वह मजबूत कदम उठाने में नाकाम रहा। 341 शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, इनमें से 146 की पहचान हो चुकी है। 134 लोगों के शरीर के सिर्फ टुकड़े बरामद हुए हैं। जिन शवों की पहचान हुई है, उन्हें परिवार को सौंप दिया गया है। जबकि 74 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…

3. केंद्र ने BSF चीफ नितिन अग्रवाल को हटाया, कार्यकाल पूरा न करने वाले पहले DG

केंद्र सरकार ने शुक्रवार देर रात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के चीफ डायरेक्टर जनरल नितिन अग्रवाल और डिप्टी स्पेशल डायरेक्टर जनरल योगेश बहादुर (वाईबी) खुरानिया को पद से हटा दिया है। नितिन अग्रवाल 1989 बैच के केरल कैडर के IPS ऑफिसर हैं। वे BSF के पहले डीजी होंगे, जिन्हें अपना कार्यकाल बीच में ही छोड़ना पड़ा। उनका कार्यकाल 2026 में पूरा होना था।
पढ़ें पूरी खबर…

4. पूर्व मंत्री CSP से बोले- थाने में घुसकर मारता हूं; कांग्रेस विधायक ने कहा- अधिकारियों को धमकाना मानसिक विकार

जबलपुर में भाजपा के पूर्व मंत्री अंचल सोनकर का वीडियो सामने आया है। इसमें वह सीएसपी राजेश राठौर को फटकार लगाते हुए कह रहे हैं- ‘ थाना सुधार लो। नहीं तो मैं सुधार दूंगा। थाने में घुसकर मारता हूं फिर…। इस पर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि अधिकारियों को धमकाना मानसिक विकार है। वीडियो शुक्रवार का है। सोशल मीडिया पर शनिवार को सामने आया।
पढ़ें पूरी खबर…

5. पेरिस ओलिंपिक- आज लगातार तीसरे मेडल पर मनु का निशाना, दो ब्रॉन्ज जीत चुकीं

पेरिस ओलिंपिक में भारत को 2 मेडल दिला चुकी स्टार शूटर मनु भाकर आज तीसरे मेडल जीतने के लिए निशाना साधेंगी। वे आज दोपहर एक बजे से 25 मीटर पिस्टल इवेंट में हिस्सा लेंगी। 22 साल की मनु 10 मीटर पिस्टल और 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में एक-एक ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं। यदि मनु आज मेडल जीत लेती हैं, तो एक ओलिंपिक गेम्स में 3 मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन जाएंगी। पेरिस ओलिंपिक के 8वें दिन मनु के अलावा, अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी, भजन कौर और मुक्केबाज निशांत देव भी भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

6. जादू-टोने के शक में बुजुर्ग को तीन गोलियां मारीं; खजुराहो में बेटी की मौत का जिम्मेदार मानता था आरोपी

खजुराहो में बीच सड़क एक 65 साल के बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन आरोपियों ने चार राउंड फायर किए। बुजुर्ग को तीन गोलियां लगीं। आरोपियों को शक था कि बुजुर्ग के टोटके के कारण उनकी बेटी की एक साल पहले मौत हो गई थी। मामला बमीठा थाना क्षेत्र के भियाताल गांव में शुक्रवार दोपहर की है। मृतक बुजुर्ग का नाम बट्‌ट यादव (65) है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पढ़ें पूरी खबर…

7. हिमाचल में फिर बादल फटा, दो दिन में 8 मौतें, 46 लापता; MP-छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार (2 अगस्त) को फिर बादल फटा। लाहौल स्पीति की पिन वैली में बाढ़ आने से एक महिला की मौत हो गई। इससे पहले हिमाचल में 1 अगस्त को 5 जगह बादल फटने से भारी तबाही आई थी। इसमें अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 46 लोग लापता हैं। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
पढ़ें पूरी खबर…

8. ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत; जेसीबी-सब्बल से कार के गेट तोड़कर निकालने पड़े शव

सागर में ट्रक और कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार के ऊपर चढ़ गया। इसे जेसीबी की मदद से हटाकर सब्बल की मदद से कार के गेट तोड़े गए। तब लोगों को निकाला जा सका। हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे सानौधा थाना इलाके में सागर-गढ़ाकोटा रोड पर हुआ।
पढ़ें पूरी खबर…

9. ताजमहल में 2 युवकों ने गंगाजल चढ़ाया, बोतल में पानी लेकर पहुंचे, दावा- ये तेजोमहालय शिव मंदिर है

ताजमहल में दो युवकों ने गंगाजल चढ़ाया। इसका वीडियो भी बनाया। जिसमें वे कहते हैं कि अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गए हैं। हर-हर महादेव। अंदर मुख्य मकबरे पर पहुंच कर उन्होंने तहखाने के पास खडे़ होकर बोतल से जल डाला। दीवार पर ओम का स्टीकर चिपका कर उस पर जल चढ़ाया। CISF ने युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ये दोनों युवक अखिल भारत हिंदूमहासभा के कार्यकर्ता हैं। हिंदू महासभा का दावा है कि ये तेजोमहालय शिव मंदिर है।
पढ़ें पूरी खबर…

10. महाकाल की नगरी से चलेगा एमपी सरकार का धर्मस्व विभाग; ऑफिस में 8 रूम, 2 मीटिंग हॉल होंगे

महाकाल की नगरी से अब एमपी सरकार का धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का संचालन किया जाएगा। विभाग के स्थानांतरित आदेश के बाद धर्मस्व विभाग का कार्यालय उज्जैन के कोठी रोड पर स्मार्ट सिटी के कार्यालय में बनकर तैयार हो चुका है। इसका उद्घाटन सीएम मोहन यादव 5 अगस्त को करेंगे। अब मध्य प्रदेश के सभी बड़े मंदिरों का संचालन यहीं से होगा। साथ ही संचालक मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का कार्यालय भी उज्जैन से ही संचालित होगा। फिलहाल विभाग का सालाना बजट 115 करोड़ रुपए है।
पढ़ें पूरी खबर…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *