आशीष कुमार श्रीवास्तव | रायबरेली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रायबरेली में भगवान चित्रगुप्त की विशाल शोभायात्रा और पूजा अर्चना की तैयारियां तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय चित्रांश महासभा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 23 अक्टूबर को पूजा अर्चना के साथ शुरू होगा, जबकि शोभायात्रा 26 अक्टूबर को निकाली जाएगी। इस बार विशेष रूप से भगवान श्री राम और महर्षि वशिष्ठ भी भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना में शामिल होंगे, जो पहली बार हो रहा है।
26 अक्टूबर को भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। यह यात्रा शहर कोतवाली के बस स्टॉप स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर से प्रारंभ होगी और पूरे शहर में भ्रमण करेगी।
शोभायात्रा के समापन के बाद एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कई जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्यक्रम विगत कई वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्री चित्रगुप्त के बच्चों की झांकियां भी निकाली जाती हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में कायस्थ समुदाय से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां भी शामिल होती हैं, और लाखों की संख्या में लोग भगवान चित्रगुप्त की झांकियों का दीदार करते हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनूप कुमार श्रीवास्तव, अखिल श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
