15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लोकसभा चुनाव 2024 की 542 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस बार 15 सेलिब्रिटी लोकसभा चुनाव में उतरे थे, जिनमें से 11 सेलिब्रिटी ने जीत हासिल कर ली है। जीतने वालों में कंगना रनोट, हेमा मालिनी, शत्रुघ्न सिन्हा, रवि किशन, मनोज तिवारी जैसे नाम शामिल हैं, जबकि भोजपुरी स्टार पवन सिंह और निरहुआ बुरी तरह हार गए हैं।
इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत हेमा मालिनी को मिली है, जो 2,93,407 वोटों से जीती हैं। वहीं दूसरी तरफ राज बब्बर, निरहुआ जैसे एक्टर्स मात खा गए।
एक नजर डालिए सेलिब्रिटी कैंडिडेट्स और उनकी हार-जीत के नतीजों पर-
ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी को उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से भाजपा का टिकट मिला था। उनके सामने कांग्रेस नेता मुकेश धनगर थे।

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा का टिकट हासिल करने वालीं कंगना रनोट ने कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह को हराया है।

TMC की तरफ से पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा के नेता एसएस आहलूवालिया को 59,564 मतों से हराया है।

टेलीविजन के पॉपुलर शो रामायण में भगवान श्री राम की भूमिका निभाकर फेमस हुए एक्टर अरुण गोविल ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से जीत हासिल की है। भाजपा के टिकट पर चुनाव में उतरे अरुण गोविल ने सपा नेता सुनीता वर्मा को 10,585 वोटों से हराया है।

एक्टर और प्लेबैक सिंगर सुरेश गोपी ने भी केरल की त्रिशूर सीट से चुनाव जीता है। उनके खिलाफ कम्युनिस्ट पार्टी के नेता वी.एस. सुनील कुमार थे।

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली की सीट पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से उतरे मनोज तिवारी ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को हराया है। मनोज 138778 वोटों के अंतर से जीते हैं।

भाजपा की तरफ से उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट पर समाजवादी पार्टी की नेता काजल निषाद को हराकर भोजपुरी स्टार रवि किशन ने जीत हासिल की है।

एक्ट्रेस सायोनी घोष पश्चिम बंगाल के जाधवपुर से चुनाव में उतरी थीं। उन्होंने भाजपा नेता अनिर्बान गांगुली को 2,58,201 वोटों से मात दी है।

बंगाली सिनेमा की एक्ट्रेस शताब्दी रॉय ने भाजपा नेता देवतनु भट्टाचार्या को भारी मतों से मात दी है। एक्ट्रेस ने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर पश्चिम बंगाल की बीरभूम से चुनाव लड़ा।

बांग्ला एक्ट्रेस रचना बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की हुगली सीट जीती है। वो तृणमूल कांग्रेस की तरफ से चुनाव में उतरी थीं। उनके सामने एक्ट्रेस और राजनेता लॉकेट चटर्जी थीं।

बंगाली सिनेमा में देव नाम से पहचाने जाने वाले एक्टर अधिकारी दीपक ने भी पश्चिम बंगाल की घाटाल सीट जीती है। तृणमूल कांग्रेस की तरफ से चुनाव में उतरे एक्टर के सामने भाजपा नेता हीरनमॉय चटोपाध्याय थे।

इन सेलेब्स को लोकसभा चुनाव में करना पड़ा हार का सामना-
सीनियर एक्टर राज बब्बर हरियाणा के गुरुग्राम से चुनाव में उतरे थे। उनके सामने भाजपा नेता राव इंदरजीत सिंह थे। राव इंदरजीत सिंह ने राज बब्बर को 75079 वोटों से मात दी है।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह बिहार की काराकाट सीट से 99,256 वोटों से चुनाव हार गए हैं। वे काराकाट से निर्दलीय मैदान में उतरे थे। इस सीट पर कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राजा राम सिंह को जीत हासिल हुई है।

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से चुनाव में उतरे दिनेश लाल यादव निरहुआ भी 1,61,035 वोटों से हार चुके हैं। उनके सामने सपा के नेता धर्मेंद्र यादव थे।
