list of BJP candidates for Jharkhand assembly elections has not been released | रांची, हटिया समेत झारखंड की 5 सीटों पर फंसा पेंच: भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट लटकी; हिमंता बोले-कुछ कारणों से सूची जारी नहीं हो पाई – Ranchi News

भाजपा के रांची, हटिया, कांके, कोडरमा, बाघमारा और जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों का नाम अटक गया है। इस कारण सूची जारी करने में भी देरी हो रही है। पार्टी के सीनियर नेताओं के तल्ख रवैये ने केंद्रीय नेतृत्व को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।

.

ऐसे में तय समय पर नाम घोषित नहीं होने पर उम्मीदवारों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में बतौर उम्मीदवार कुछ लोगों के नाम सामने आने के कारण विरोध भी शुरू हो गया है।

हुसैनाबाद, दुमका, जामा, मधुपुर, धनबाद आदि सीटों के कार्यकर्ता अलग-अलग खेमों में बंट गए हैं। ऐसे में शुक्रवार को भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं हुई, जबकि सीट शेयरिंग कंप्लीट हो चुकी है। भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा की सीटों की घोषणा भी कर दी गई है।

इस बारे में पूछे जाने पर भाजपा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वीकार किया कि चुनाव की घोषणा के 48 घंटे के अंदर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने की बात उन्होंने कही थी, लेकिन कुछ कारणों से यह नहीं हो सका। हिमंता ने कहा कि अब शनिवार या रविवार को प्रत्याशियों की घोषणा होगी।

कुछ विधायकों के कट सकते हैं टिकट

पार्टी पहले सिटिंग विधायकों का टिकट काटने के पक्ष में नहीं थी, पर बदलती परिस्थिति में कुछ के टिकट कट सकते हैं। इसी डर से जमुआ विधायक केदार हाजरा झामुमो में चले गए। छत्तरपुर विधायक का भी टिकट कट सकता है। पार्टी यह देख रही है कि ऐसी कितनी सीटें हैं, जहां पर एंटी इनकंबेंसी है।

केंद्रीय मंत्रियों को भी चुनाव लड़ाने पर चर्चा…

यह भी खबर आ रही है कि भाजपा केंद्रीय मंत्रियों और बड़े नेताओं को भी चुनाव लड़ा सकती है। नीरा यादव पिछली बार कोडरमा से बहुत कम वोटों से जीती थीं। ऐसे में वरीय नेताओं का कहना है कि अन्नपूर्णा देवी को चुनाव लड़ाना चाहिए। ऐसे ही पोटका सीट पर भी पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के लड़ने की संभावना है।

नामांकन शुरू हो गया है, पर सूची का इंतजार

झारखंड में पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को है। शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, लेकिन प्रत्याशियों के नाम पर टकटकी है। वैसे, एनडीए इस मामले में इंडिया गठबंधन से आगे है कि उसने सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय कर लिया है। एनडीए में शामिल भाजपा, आजसू पार्टी, जदयू और लोजपा (आर) किन-किन सीटों पर लड़ेंगे, इसकी घोषणा भी कर दी गई है।

सूची जारी होते ही भगदड़ की आशंका

पार्टी नेताओं को आशंका है कि सूची जारी होते ही टिकट की आस लगाए नेता विपक्षी खेमे में जा सकते हैं। इसे रोकने के लिए पार्टी प्लान बी पर काम शुरू कर चुकी है। सीट शेयरिंग फाइनल होने के बाद एनडीए के नेताओं ने एक-दूसरे का हाथ थाम कर एकजुटता का संदेश दिया।

इंडी गठबंधन के कुशासन का अंत करके ही लेंगे चैन की सांस : शिवराज सिंह चौहान

प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि वे झारखंड में इंडी गठबंधन के कुशासन का अंत करके ही चैन की सांस लेंगे। एनडीए सीट शेयरिंग की घोषणा के बाद शिवराज ने कहा कि एनडीए विकास और सुशासन का प्रतीक है।

इंडी गठबंधन की सरकार ने झारखंड को तबाही और बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। राज्य में सुशासन और विकास हो। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि भाजपा, आजसू पार्टी, जदयू, और लोजपा झारखंड में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। एक साथ मिलकर अभियान चलेगा।

2019 से कितने अलग 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव

JMM में टूट के बाद चुनाव: हेमंत सोरेन के भाई दुर्गा सोरेन की मौत के बाद उनकी पत्नी सीता सोरेन BJP में शामिल हो गईं। वह 2024 में दुमका से BJP की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ी थीं। हालांकि, इस चुनाव में सीता सोरेन हार गई थी। सीता के अलावा सीनियर नेता चंपई सोरेन भी पार्टी छोड़कर BJP में शामिल हो गए हैं।

जेल जाने से हेमंत सोरेन पर असर: हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद झारखंड में पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। ऐसे में ये चुनाव तय करेगा कि हेमंत के भ्रष्टाचार मामले में फंसने और जेल जाने से उनकी पार्टी को कितना फायदा या नुकसान हुआ है।

बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही BJP: इस बार BJP के दो कद्दावर नेता रघुवर दास और अर्जुन मुंडा चुनावी मैदान से लगभग बाहर हैं। पार्टी बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। ऐसे में यह चुनाव राज्य के पहले सीएम रहे बाबूलाल मरांडी अब भी लोकप्रिय हैं या नहीं इस बात को भी परखेगा।

JDU के साथ सरयू राय और राजा पीटर भाग्य आजमाएंगे: रघुवर दास को जमशेदपुर सिटी विधानसभा सीट से हराने वाले BJP के पूर्व नेता सरयू राय इस बार नीतीश कुमार की पार्टी JDU के साथ मिलकर झारखंड में चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर भी सितंबर महीने में ही जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हुए हैं। 2009 में पीटर ने शिबू सोरेन को तमाड़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हरा दिया था।

नीचे झारखंड विधानसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल देखिए

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *