कांकेर जिले के चारामा वन परिक्षेत्र के ग्राम दल्लीडीही में रविवार रात तेंदुआ एक घर में घुस आया। तेंदुए ने बछड़े को अपना शिकार बना लिया। घटना दया राम साहू के घर में हुई। पूरे गांव में डर का माहौल है।
.
जानकारी के मुताबिक तेंदुए ने एक अन्य बछड़ों पर भी हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी।

तेंदुए के पैरों के निशान।
सूचना मिलने के बाद चारामा वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तेंदुए के हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल घायल बछड़ों का इलाज कराया जा रहा है। वन विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और रात के समय घर के बाहर न निकलें। इसके अलावा, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की सलाह दी गई है।
इलाके में पहले भी देखा गया तेंदुआ
चारामा वन परिक्षेत्र का यह इलाका जंगल से घिरा हुआ है, और तेंदुओं की गतिविधियां यहां पहले भी देखी गई हैं। जंगलों में शिकार की कमी के कारण तेंदुए अब गांवों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।