Karnataka Sex Scandal | BJP leader Devaraje Gowda arrested in Chitradurga | कर्नाटक सेक्स स्कैंडल- भाजपा नेता देवराज गौड़ा चित्रदुर्ग से गिरफ्तार: 1अप्रैल को दर्ज हुआ केस; पीड़ित का आरोप- 10 महीने तक यौनशोषण किया

  • Hindi News
  • National
  • Karnataka Sex Scandal | BJP Leader Devaraje Gowda Arrested In Chitradurga

बेंगलुरु28 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
देवराज होलेनरासीपुरा से विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। - Dainik Bhaskar

देवराज होलेनरासीपुरा से विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

भाजपा नेता और एडवोकेट जी देवराज गौड़ा को शुक्रवार (10 मई) की रात हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक देवराज गौड़ा को चित्रदुर्ग जिले की हिरियूर पुलिस ने पेन ड्राइव में वीडियो लीक करने के आरोप में गुलीहाल टोल गेट पर गिरफ्तार किया है।

देवराज को पकड़ने के लिए हासन पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी। इसके बाद चित्रदुर्ग पुलिस ने इनपुट के आधार पर तलाश शुरू की। जिसके बाद उन्हें गुलीहाल टोल पर पकड़ा गया। हासन पुलिस प्रज्वल के केस में उनका बयान दर्ज करना चाहती है।

देवराज ने ही भाजपा लीडरशिप को रेवन्ना द्वारा कई महिलाओं के यौन शोषण के बारे में सचेत किया था और आगाह किया था कि वह हासन से जेडीएस सांसद को लोकसभा का टिकट न दे।

देवराज के खिलाफ FIR में क्या आरोप है…
गौड़ा के खिलाफ शिकायत एक महिला ने अप्रैल को दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि गौड़ा ने उसकी संपत्ति बेचने में मदद करने के बहाने लगभग दस महीने तक उसका शोषण किया। महिला के पति ने भी गौड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया है कि देवराज उनके घर में जबरन घुस आया, उन्हें धमकाया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

FIR के मुताबिक गौड़ा पिछले 10 महीनों से महिला को परेशान कर रहा था। वह महिला को एक सुनसान जगह पर ले गया था, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की और महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।

देवराज ने BJP लीडरशिप को क्या बताया था…
बीजेपी नेता जी. देवराज गौड़ा ने 8 दिसबंर 2023 को प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र को पत्र लिखा था। इसमें देवराज गौड़ा ने प्रज्वल रेवन्ना और उनके परिवार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। देवराज गौड़ा ने लिखा कि एचडी देवगौड़ा के परिवार के कई नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोप हैं, जिनमें JDS के NDA उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना भी शामिल हैं।

उनका दावा था कि 2976 वीडियो वाली एक पेन ड्राइव है, जिसकी फुटेज में दिख रहीं कुछ महिलाएं सरकारी अधिकारी थीं। इन वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को यौन गतिविधियों में शामिल रहने के लिए ब्लैकमेल करने के लिए हो रहा था।

देवराज की BJP प्रदेश अध्यक्ष को लिखी चिट्‌ठी।

देवराज की BJP प्रदेश अध्यक्ष को लिखी चिट्‌ठी।

देवराज गौड़ा ने दावा किया था कि ये पेन ड्राइव कांग्रेस नेताओं के पास पहुंच गई थी। उन्होंने लिखा था- अगर हासन लोकसभा सीट से JDS उम्मीदवार को नॉमिनेट करते हैं तो विपक्ष इन वीडियो को ब्रह्मास्त्र के रूप में इस्तेमाल कर सकता है। साथ ही हम एक ऐसी पार्टी के तौर पर कलंकित होंगे, जो दुष्कर्म करने वाले परिवार के साथ जुड़ी है।

वीडियो सामने आने की एक कहानी ये भी

  • प्रज्वल रेवन्ना के पूर्व कार ड्राइवर कार्तिक और भाजपा नेता जी देवराज गौड़ा ने एक-दूसरे पर अश्लील वीडियो लीक करने का आरोप लगाया है। एक वीडियो मैसेज में कार्तिक ने कहा कि वह पिछले 15 साल से प्रज्वल के साथ काम कर रहा था। पिछले साल उसने काम छोड़ दिया।
  • कार्तिक ने बताया कि प्रज्वल ने उसकी जमीन हथिया ली और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। मुझे भी प्रताड़ित किया गया। इसके बाद मैंने नौकरी छोड़कर अपनी जमीन वापस पाने के लिए लड़ाई शुरू कर दी।
  • कार्तिक देवराज गौड़ा के पास भी गया। देवराज ने 2023 का विधानसभा चुनाव होलेनरसिपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लड़ा था और रेवन्ना से हार गए थे। कार्तिक ने फोटो-वीडियो पर लगा स्टे हटाने का वादा कर एक कॉपी ले ली और इसे वायरल कर दिया।
  • आरोपों को खारिज करते हुए देवराज गौड़ा ने कहा कि कार्तिक हासन से कांग्रेस के उम्मीदवार श्रेयस पटेल के साथ घूम रहे थे। न तो जेडी(एस) और न ही भाजपा वीडियो जारी करेगी क्योंकि यह एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ जाएगा और कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।
  • देवराज गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार (श्रेयस पटेल) ने अपने फायदे के लिए वीडियो में दिख रही महिलाओं की अस्मिता को गिरवी रखा। उन्होंने कहा कि वह SIT के नोटिस का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें वह महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी करेंगे। कांग्रेस नेता उसी गड्ढे में गिरेंगे, जो उन्होंने दूसरों के लिए खोदा था।

प्रज्वल के खिलाफ 3 FIR दर्ज, पिता भी 14 मई तक हिरासत
सेक्स स्कैंडल के मुख्य आरोपी प्रज्वल के खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों समेत तीन FIR दर्ज की गई हैं। हासन से JDS सांसद प्रज्वल फिलहाल फरार हैं और इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

कर्नाटक में 26 अप्रैल को वोटिंग से पहले प्रज्वल से जुड़े कई अश्लील वीडियो सामने आए। देवराज गौड़ा पर इन्हीं वीडियो को लीक करने का आरोप है। हालांकि इन आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया।

फिलहाल, प्रज्वल के पिता रेवन्ना वर्तमान में तीन बच्चों की मां एक महिला के अपहरण के आरोप में जेल में हैं। उन्हें 14 मई तक की ज्यूडिशियल कस्टडी में रखा गया है।

SIT ने पीड़ितों के लिए हेल्पलाइन जारी की
इस केस की जांच कर रही SIT ने पीड़ितों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। SIT हेड और ADGP बीके सिंह ने कहा कि पीड़ित महिलाएं 6360938947 पर कॉल कर सकती हैं। उन्हें SIT ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है, टीम खुद जाकर उनसे बात करेगी।

SIT ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे रेवन्ना और पीड़ित महिलाओं के वीडियो सोशल मीडिया या पर्सनल मैसेंजर एप्लिकेशन पर शेयर न करें। शेयरिंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कर्नाटक कांग्रेस ने भी ऐलान किया कि वह सेक्स स्कैंडल की पीड़ित महिलाओं को आर्थिक मदद देगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *