![]()
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया तस्करी का आरोपी
नूरपुर पुलिस की एंटी-ड्रग टीम ने 11 अक्टूबर को कंड़वाल में हुई 6 किलो 44 ग्राम चरस बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य तस्कर शुभकर्ण को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। यह ज्वाली क्षेत्र का निवासी है।
.
पुलिस ने 11 अक्टूबर को नूरपुर थाना क्षेत्र के कंड़वाल में एक नाके के दौरान अल्टो कार से 6 किलो 44 ग्राम चरस बरामद की थी। इस दौरान कार में सवार अनु कुमार (त्ररेला, मंडी), सुरेश कुमार और राम लाल (दोनों द्रोण, मंडी) को मौके से गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ थाना नूरपुर में 12 अक्टूबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
दूसरे राज्यों से जुड़े तस्करों के तार
जांच में सामने आया कि तस्करों के तार ज्वाली और बाहरी राज्यों तक फैले हुए थे। नूरपुर पुलिस की विशेष टीम ने गहन जांच और तकनीकी निगरानी के आधार पर इस गिरोह के मुख्य सदस्य शुभकर्ण पुत्र रवि कुमार, निवासी समकेहड़, तहसील ज्वाली (जिला कांगड़ा) को शनिवार को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। शुभकर्ण पहले भी नशा तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।
पेशेवर तस्कर है आरोपी
उसके खिलाफ दो अन्य मामले दर्ज हैं: 16 जनवरी 2023 को पुलिस थाना ज्वाली में 780 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तारी और 12 मार्च 2024 को पुलिस थाना कांगड़ा में 1 किलो 943 ग्राम चरस बरामदगी। नूरपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक पेशेवर नशा तस्कर है, जिसका नेटवर्क हिमाचल प्रदेश से लेकर पड़ोसी राज्यों तक फैला हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।
