झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर मतों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी। पहला रुझान नौ बजे आएगा। दो फेज में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 67.74% लोगों ने वोट डाला। यह राज्य गठन के बाद सबसे ज्यादा है। 2019 से 66.4% मतदान हुआ था।
.
सबसे पहले तोरपा और सबसे आखिर में चतरा विधानसभा का रिजल्ट आएगा। क्योंकि तोरपा में सबसे कम 13 राउंड और चतरा में सबसे अधिक 27 राउंड की गिनती होगी। पोस्टल बैलेट की गिनती और EVM के वोटों की गिनती के लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं। सभी पोस्टल बैलेट संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में भेजे गए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, दोनों फेज को मिलाकर 1211 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें 359 करोड़पति और 322 प्रत्याशियों पर क्रिमिनल केस दर्ज है। झारखंड में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान 15 अक्टूबर को हुआ था।
पहली बार दोनों तरफ से गठबंधन की राजनीति
झारखंड में पहली बार दोनों बड़े दल भाजपा और झामुमो ने गठबंधन में चुनाव लड़ा। भाजपा का आजसू, जदयू और चिराग पासवान की LJPR से अलांयस था। जबकि, JMM का कांग्रेस, राजद और माले के साथ।
NDA का सीट शेयरिंग फॉर्मूला देखें तो BJP 68, AJSU 10, JDU 2 और LJP(R) एक सीट पर चुनाव लड़ी है। वहीं, NDIA ब्लॉक में JMM 43, कांग्रेस 30, RJD 6 और CPI (ML) ने 4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें से 3 सीटों धनवार, विश्रामपुर और छतरपुर पर INDIA ब्लॉक में शामिल पार्टियों के बीच फ्रेंडली फाइट है।

2019 में हेमंत ने मारी थी बाजी
2019 विधानसभा चुनाव में JMM 30, कांग्रेस 16 और राजद ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। तीनों पार्टियों का गठबंधन था। तब मुख्यमंत्री JMM नेता हेमंत सोरेन बने थे। BJP को 25 सीटें मिली थीं। वह अकेले लड़ी थी।
झारखंड में 8 एग्जिट पोल आए। इनमें से 4 में भाजपा गठबंधन, जबकि 2 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। बाकी 2 एग्जिट पोल्स ने हंग असेंबली के आसार जताए हैं।
नीचे टेबल में देखें एग्जिट पोल जारी करने वाली एजेंसियां और उनके द्वारा जारी आंकड़े

हेमंत ने 5 साल में दो बार सीएम पद की शपथ ली, चंपाई बीजेपी में शामिल
2019 में जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने मिलकर 47 सीटें हासिल कीं और सरकार बनाई। 31 जनवरी को जमीन घोटाले में हेमंत की गिरफ्तारी हुई। उनकी जगह 2 फरवरी को JMM के चंपाई सोरेन को सीएम बनाया गया था। गठबंधन की सरकार कहीं गिर न जाए, इसके चलते JMM-कांग्रेस के 37 विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट किया गया था।

5 महीने जेल में रहने के बाद हेमंत को जमानत मिली। 3 जुलाई को चंपाई ने इस्तीफा दिया। 4 जुलाई को हेमंत ने तीसरी बार झारखंड सीएम पद की शपथ ली थी। 28 मई को चंपाई ने हेमंत सरकार पर उनकी जासूसी का आरोप लगाते हुए JMM से इस्तीफा दिया। 30 अगस्त को चंपाई बीजेपी में शामिल हो गए।