- Hindi News
- Business
- IndiGo Flight Delays Surge 63% In Past Year: 54% Passengers Complain Of Late Flights & Poor Staff Attitude
नई दिल्ली1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

देश के एयरलाइन मार्केट में 60% हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो के यात्री फ्लाइट्स समय पर न उड़ने से परेशान हैं। इसकी शिकायतें पिछले एक साल में 63% बढ़ गई हैं। लोकलसर्किल्स के एक सर्वे में सामने आया है कि इंडिगो से सफर करने वाले 54% यात्री फ्लाइट की लेटलतीफी और स्टाफ के खराब व्यवहार की शिकायतें की हैं।
सर्वे में पैसेंजर्स ने पिछले 12 महीनों में फ्लाइट कैंसिलेशन, डिले और सर्विस इश्यूज की सबसे ज्यादा शिकायतें की हैं। यही नहीं, पायलट और क्रू की कमी के चलते कंपनी को नवंबर महीने में कुल 1,232 फ्लाइट्स कैंसिल भी करनी पड़ी हैं। 4 दिसंबर को इंडिगो की 300 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की गई थीं।

स्टाफ एटीट्यूड की सबसे ज्यादा शिकायतें
लोकलसर्किल्स के सर्वे में पैसेंजर्स को 15 समस्याएं चुनने का विकल्प दिया गया। इसमें 15,938 पैसेंजर्स ने 15 इश्यूज में से एक से ज्यादा समस्याओं की शिकायत कीं। 54% ने फ्लाइट समय पर न उड़ने को बड़ी समस्या बताया।
इसके साथ ही 54% लोगों ने स्टाफ के व्यवहार की शिकायत की। 45% ने शिकायत में बताया कि उन्हें जानकारी देर से या अधूरी दी गई 42% लोगों ने बैगेज हैंडलिंग की शिकायत की। 32% ने कस्टमर सर्विस से नाराजगी जताई।
27% ने एयरक्राफ्ट क्वालिटी और मेंटेनेंस को खराब बताया। 23% ने फूड क्वालिटी और 14% ने एंटरटेनमेंट सिस्टम की शिकायतें की हैं। 19% ने अन्य इश्यूज को समस्या बताया।
लेटलतीफी की शिकायतें 63% बढ़ीं
सर्वे में पाया गया कि ज्यादातर इश्यूज में शिकायतें 2024 के मुकाबले बढ़ी हैं। लेटलतीफी की शिकायतें 33% से 54% हो गई। यानी इनमें 63% की बढ़ोतरी हुई। बैगेज हैंडलिंग की शिकायत 27% से बढ़कर 42% हो गई।
स्टाफ एटिट्यूड से जुड़ी शिकायतें 46% से 54% हो गईं। कस्टमर सर्विस 23% से 32% और एयरक्राफ्ट क्वालिटी की शिकायत 19% से बढ़कर 27% हो गई। इंफो ट्रांसपेरेंसी इशूज 27% से बढ़कर 45% हो गए।
ऑन-टाइम परफॉर्मेंस में भी लगातार गिरावट
इंडिगो अपनी ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) के लिए जानी जाती थी, लेकिन इसमें गिरावट आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2021 में OTP 92.4% थी, जो 2023 में गिरकर 85.4% रह गई।
साल 2024 में इंडिगो की केवल 69.69% उड़ानें ही समय पर अपनी मंजिल तक पहुंचीं। फिलहाल ऑन-टाइम अराइवल रेट 80-82% के आसपास है।

DGCA के नए नियम से कैंसिल हुईं फ्लाइट्स
DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ।
वहीं, 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों और क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई है। DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।
