नई दिल्ली5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मार्केट शेयर के लिहाज से इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है।
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो बुधवार (गुरुवार) को मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से दुनिया की सबसे वैल्यूएबल एयरलाइन बन गई। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों से इस बात की जानकारी मिली है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, इंडिगो ने अमेरिका बेस्ड डेल्टा एयरलाइन्स को कुछ समय के लिए पीछे छोड़कर ये मुकाम हासिल किया। हालांकि, इंडिगो करीब 1 घंटे बाद ही दुनिया की दूसरी सबसे वैल्यूएबल एयरलाइन की पोजिशन पर वापस आ गई।
इंडिगो का मार्केट कैप 2.01 लाख करोड़ रुपए हुआ
दरअसल, इंडिगो के शेयर ने आज कारोबार के दौरान दोपहर 2:30 बजे 5,265 रुपए का डे-हाई और 52 वीक हाई बनाया। जिसके चलते कंपनी का मार्केट कैप 2.01 लाख करोड़ रुपए यानी 23.24 बिलियन डॉलर हो गया। वहीं डेल्टा का मार्केट कैप 23.18 बिलियन डॉलर है।
हालांकि, मार्केट बंद होने पर इंडिगो की ये लीड बरकरार नहीं रह पाई। कंपनी का शेयर 37.85 रुपए (0.73%) की तेजी के साथ 5,194.90 रुपए के स्तर बंद हुआ और मार्केट कैप 23.16 बिलियन डॉलर पर आ गया। ये डेल्टा के मार्केट कैप से थोड़ा ही कम है।
छह साल पहले इंडिगो का 7.72 बिलियन डॉलर था
यह इंडिगो जैसी एयरलाइन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने अगस्त 2006 में ही कॉमर्शियल ऑपरेशंस शुरू किया था। वहीं डेल्टा 1929 से उड़ान भर रही है। छह साल पहले डेल्टा का मार्केट कैप 36.67 बिलियन डॉलर था, जबकि इंडिगो का 7.72 बिलियन डॉलर था। मार्केट शेयर के लिहाज से इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है।

हर हफ्ते 15,768 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है इंडिगो
एविएशन एनालिटिक्स फर्म सिरियम के अनुसार, इंडिगो हर हफ्ते 15,768 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है, जो पिछले साल अप्रैल की तुलना में 12.7% ज्यादा है। वहीं डेल्टा हर हफ्ते 35,144 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है, जो पिछले साल इसी महीने की तुलना में 6.6% ज्यादा है।
2024 के आखिरी तक इंडिगो के पास 437 एयरक्राफ्ट थे
2024 के आखिरी तक इंडिगो के पास 437 एयरक्राफ्ट की फ्लीट थी। एयरबस को दिए गए बड़े ऑर्डर के साथ एयरलाइन ने 2035 तक डिलीवरी को लॉक कर दिया है। अगले दशक में यूरोपीयन प्लेन मैन्युफैक्चरर से इंडिगो को 925 नए एयरक्राफ्ट मिलने वाले हैं।
देश के एयर ट्रैवल मार्केट में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारतीय एयरलाइन्स ने 2023 से अब तक कई एयरक्राफ्ट के ऑर्डर दिए हैं। फरवरी 2023 में टाटा ग्रुप की एअर इंडिया ने 470 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया था। कंपनी ने 250 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर एयरबस और 220 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर बोइंग को दिया था।
जून 2023 में इंडिगो ने दुनिया का सबसे बड़ा विमान ऑर्डर दिया
- जून 2023 में इंडिगो ने दुनिया का सबसे बड़ा विमान ऑर्डर दिया था। तब कंपनी ने एयरबस के साथ 500 नैरो बॉडी A320neo फैमिली प्लेन की डील की थी। जनवरी 2024 में नई एयरलाइन अकासा एयर ने बोइंग के साथ 150 बी737 मैक्स एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया था।
- तीन महीने बाद इंडिगो ने एयरबस को 30-A350 वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट का अपना पहला ऑर्डर दिया, जो इसके इंटरनेशनल ऑपरेशन और नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम था। अक्टूबर 2024 में एअर इंडिया ने एयरबस को 85 विमानों का ऑर्डर दिया था।
- एअर इंडिया ग्रुप और इंडिगो के पास अभी डोमेस्टिक पैसेंजर मार्केट में 90% से ज्यादा की हिस्सेदारी है। भारत के आसमान में लगभग 800 कॉमर्शियल एयरक्राफ्ट्स हैं और उनमें से ज्यादातर यूरोपीयन प्लेन मैन्युफैक्चरर कंपनी एयरबस के हैं।
तीसरी तिमाही में इंडिगो का मुनाफा 18% गिरा
भारत में बजट एयरलाइन इंडिगो का संचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन को वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 2,449 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। सालाना आधार पर इसमें 18.6% की गिरावट हुई है।
एक साल पहले की समान तिमाही (Q3FY24) में कंपनी को 2,998 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा (कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) हुआ था। वहीं, पिछली तिमाही (जुलाई-सितंबर 2024) में कंपनी को 987 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था।

रेवेन्यू 13.7% बढ़कर ₹22,111 करोड़
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में इंडिगो के ऑपरेशन से कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 13.7% बढ़कर 22,110.7 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान तिमाही यानी FY24 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19,452.1 करोड़ रुपए रहा था।