- Hindi News
- National
- IMD Weather Update Manipur Assam Flood MP UP Rajasthan Rain Latest Update
नई दिल्ली/भोपाल/इम्फाल6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इंफाल पश्चिम में 56 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास में बर्फबारी हुई।
मानसून की तेज बारिश के बाद मणिपुर में आई बाढ़ से 1.64 लाख लोग प्रभावित हैं। राज्य में 35 हजार से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 4 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। 77 राहत शिविर खोले गए हैं। बीते 4 दिन में 100 से ज्यादा लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं।
मणिपुर में बाढ़ से सबसे ज्यादा इंफाल पश्चिम जिला प्रभावित है। यहां 56 हजार लोग परेशानी से जूझ रहे हैं। वहीं, इंफाल पूर्वी जिले के कई इलाकों में 4 दिनों से पानी भरा हुआ है। नगालैंड को मणिपुर से जोड़ने वाला NH-2 का 50 मीटर का हिस्सा धंस गया है।
इधर, मिजोरम सरकार ने टूरिस्ट्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि राज्य में 24 मई से तेज बारिश जारी है। ऐसे में 13 जून तक यहां आने से बचें। 24 मई से 3 जून तक 11 दिनों में राज्य में 626 लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई है।
असम में मंगलवार को बाढ़ से 6 और लोगों की मौत हो गई। यहां लैंडस्लाइड-बाढ़ में मरने वालों आंकड़ा 17 पहुंच गया है। राज्य के 21 जिले के 6 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हैलाकांडी में कटाखाल नदी का जलस्तर सबसे ज्यादा है।
मध्य प्रदेश और बिहार में भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। आज दोनों राज्यों में 60kmph की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। एमपी के 17 और बिहार के 29 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।


राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

असम के दरांग में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कई घर डूब गए हैं

मणिपुर में करीब 4 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। बचाव अभियान आज भी जारी है।

3 जून की रात तमिलनाडु के चेन्नई में तेज बारिश हुई। सड़कों पर भारी जाम देखने को मिला।

मणिपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भारतीय सेना रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

त्रिपुरा के अगरतला में बाढ़ पीड़ितों के लिए मेडिकल कैंप लगाया गया।

असम के मोरीगांव में बाढ़ के कारण बर्बाद फसल को दिखाता स्थानीय।

राज्यों के मौसम का हाल…
राजस्थान: जयपुर का तापमान बारिश के कारण 6.8 डिग्री तक गिरा, आज 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पश्चिम विक्षोभ के असर से मौसम बदल गया है। बारिश-आंधी के कारण तापमान गिरा है। लू से भी राहत मिली है। बुधवार को जयपुर सहित 29 जिलों में आंधी-बारिश यलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर के कई इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जयपुर का दिन का तापमान करीब 6.8 डिग्री तक गिरकर 30.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: ग्वालियर-चंबल में 60Km/घंटा रहेगी आंधी की रफ्तार, भोपाल, इंदौर-जबलपुर में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। ऐसा ही मौसम बुधवार को भी बना रहेगा। ग्वालियर-नर्मदापुरम समेत 17 जिलों में 60Km प्रतिघंटा रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं, पूरे प्रदेश में कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं तेज आंधी-बारिश होगी। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तर प्रदेश: 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 49 जिलों में गरज-चमक का अलर्ट, 24 घंटे में बहराइच का पारा 8 डिग्री गिरा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में आज भारी बारिश की चेतावनी है। साथ ही 49 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। यहां हल्की बारिश का भी अनुमान है। मंगलवार को प्रदेश के 18 शहरों में 0.3 मिमी बारिश हुई। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 60Km/h की रफ्तार से चल सकती है हवा, 17 में हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बुधवार को बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन 12 जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ-साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। तेज हवा के साथ हल्की से माध्यम बारिश की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड: राज्य में 6 जून तक बारिश के आसार, 9 जून को फिर से बदलेगा मौसम, आज 8 जिले में बारिश

झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है। आज प्रदेश के उत्तर-पूर्व हिस्से में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होगी। जबकि रांची सहित दूसरे जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा सहित इससे सटे जिलों में बारिश होने की बात कही गई है। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: 4 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, स्कूल के पास गिरे बिजली के पोल, बाइक एजेंसी की दीवार क्षतिग्रस्त

हरियाणा में मंगलवार दोपहर बाद मौसम बदला। गुरुग्राम में तेज बारिश हुई। अंबाला, फरीदाबाद और फतेहाबाद में हल्की बारिश हुई। झज्जर, सोनीपत, सिरसा और कैथल की पूंडरी में आंधी चली। बुधवार को कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद में धूल भरी हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…