हिमाचल के शहीद लांसनायक मनीष ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के सिक्किम में शहीद लांसनायक मनीष ठाकुर (27) का आज पैतृक गांव बड़ाबन में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। शहीद की पार्थिव देह दोपहर 12 बजे तक हेलिकॉप्टर से चंडीगढ़ लाई जाएगी। यहां से सड़क मार्ग से पार्थिव देह को नाहन लाया जाएगा और
.
मनीष ठाकुर रविवार रात 7.30 बजे मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड की चपेट में आने से शहीद हो गए। मनीष की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों और सिरमौर जिला प्रशासन को मनीष की शहादत की सूचना मिलने के बाद घर पर लोग जुटने शुरू हो गए।
अभी तक पत्नी और मां को शहादत की सूचना नहीं दी गई। उन्हें यही बताया गया कि मनीष लैंडस्लाइड में घायल है। पिता को ही बेटे की शहादत के बारे में बताया गया है।

शहीद के घर पर शोक जताने पहुंच रहे रिश्तेदार
3 महीने पहले हुई शादी
मनीष ठाकुर का जन्म 15 जनवरी 1998 को हुआ था। वह 12वीं करने के बाद 15 सितंबर 2016 को सेना में सिपाही भर्ती हुए थे। मनीष ठाकुर की 3 महीने पहले यानी 6 मार्च 2025 को ही तनु देवी से शादी हुई थी।
शादी के बाद 10 अप्रैल को मनीष ड्यूटी पर लौटे। 3 दिन पहले मनीष की आखिरी बार पत्नी और मां से फोन पर बात हुई। वह सिरमौर जिला के नाहन के बड़ाबन गांव के रहने वाले थे। उनके घर में पत्नी के अलावा, पिता जोगिंदर सिंह, मां किरण बाला और एक छोटा भाई है। मनीष के पिता जोगिंदर सिंह मजदूरी करते हैं।
CM सुक्खू ने शोक जताया
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मनीष ठाकुर की शहादत पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मनीष ठाकुर के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि शहीद को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिवार को दुख सहने की क्षमता प्रदान करें।

बेहद मिलनसार व्यक्ति थे मनीष- कमल
नाहन की सत्तीवाला पंचायत के प्रधान कमल शर्मा ने बताया कि मनीष ठाकुर बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। जब भी मनीष घर आते तो गांव के सभी लोगों से मिलते। उन्होंने बताया कि शुरू से मनीष में सेना में जाने का जनून था। प्लस टू की पढ़ाई पूरी करते ही वह सेना में भर्ती हो गए।
डिप्टी डायरेक्टर बोले- थ्री-डोगरा यूनिट में थे
सैनिक कल्याण बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर रिटायर्ड मेजर दीपक धवन ने बताया कि प्रशासन को सूचना दे दी गई है। शहीद मनीष ठाकुर सिक्किम के छत्ते गांव में ड्यूटी पर थे। वह थ्री-डोगरा यूनिट में सेवारत थे।

सीएम सुखविंदर सुक्खू ने मनीष ठाकुर की शहादत पर शोक जताया
सिक्किम में लैंडस्लाइड में शहीद
बता दें कि सिक्किम में रविवार शाम के वक्त मिलिट्री कैंप पर भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में आने से 3 जवान शहीद हो गए, जबकि 4 को मलबे से जिंदा निकाला गया। 6 जवान अभी लापता बताए जा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
जिन जवानों की पहचान हुई हैं, उनमें हवलदार लखबिंदर सिंह, लांसनायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा शामिल है।