हिमाचल में शुक्रवार को मानसून की एंट्री हो गई। इससे पहले मानसून गुरुवार को पंजाब और हिमाचल में दाखिल हो गया था। आज मानसून हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब को पूरी तरह कवर कर लेगा। तीनों जगह एक जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
.
हरियाणा के 12 जिलों में आज मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं। बाकी जिलों में येलो अलर्ट है।
वहीं पंजाब के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज गरज चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।
उधर, हिमाचल में लगातार 6 दिन बारिश का अलर्ट है। 3 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें चंबा, कांगड़ा और कुल्लू शामिल है। किन्नौर, सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में येलो अलर्ट है।

हरियाणा में मानसून की स्थिति।
हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 से नीचे
2 दिन से हुई बारिश और हवा चलने के कारण हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 डिग्री के नीचे है। शुक्रवार को सिरसा का तापमान सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान फरीदाबाद का 24.3 दर्ज किया गया।
भिवानी में महिला की करंट से मौत
भिवानी के हसान गांव में महिला शर्मिला को करंट लग गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह खेत में बना ट्यूबवैल चलाने गई थी। वहां बारिश के बाद जलभराव से ट्यूबवेल की तार में करंट आ रहा था। जिस वजह से महिला तार से चिपक गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने बिजली लाइन बंद की। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई।

नूंह में गड्ढे से बच्चे के शव को निकालते लोग।
नूंह में पानी के गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत
नूंह के पिनगवां कस्बे में ईदगाह के समीप शुक्रवार को 7 वर्षीय बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की पहचान जावेद पुत्र सलीम निवासी पिनगवां के रूप में हुई है। सात साल का मासूम सुबह करीब 9 बजे घर से थोड़ी दूर अपने बहन भाइयों के साथ खेलने गया था। जहां पर वह गड्ढे में भरे हुए पानी में नहाने के लिए कूद गया। गड्ढे की गहराई करीब आठ फीट बताई जा रही है। बच्चा इसमें डूब गया। गड्ढे में बरसाती पानी भरा हुआ था।

शिमला में मलबे में दबी गाड़ियों को निकालते लोग।
हिमाचल में मलबे में दबी 6 गाड़ियां, पुल को खतरा
हिमाचल में पहली बारिश ने शिमला और सोलन में तबाही मचा दी। सोलन के कुनिहार में हैवी रेन के बाद गंभर पुल को फिर से खतरा पैदा हो गया। वहीं शिमला के भट्टाकुफर-आईएसबीटी बाइपास, चुरट नाला और ढली टनल के समीप एक स्कूल के पास में 6 गाड़ियां मलबे की चपेट में आ गईं। कुनिहार-नालागढ़ स्टेट हाईवे के अलावा क्षेत्र की आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गई है।