Gold and silver prices increase this week| gold return in 2024 | इस हफ्ते सोना चांदी के दाम में तेजी रही: गोल्ड ₹1,068 महंगा होकर ₹77,504 रुपए पर पहुंचा, चांदी ₹88,121 प्रति किलो हुई

मुंबई7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इस हफ्ते सोने-चांदी के दाम में तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के डेटा के मुताबिक, पिछले शुक्रवार यानी 27 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का दाम 76,436 रुपए था, जो एक हफ्ते बाद यानी शुक्रवार (3 जनवरी 2025) को 1,068 रुपए महंगा होकर 77,504 रुपए पर पहुंच गया।

चांदी के दाम भी मामूली तेजी देखने को मिली। 27 दिसंबर को 1 किलो चांदी 87,831 रुपए में बिक रही थी। एक हफ्ते बाद 3 जनवरी 2025 को कीमतें 290 रुपए महंगी होकर 88,121 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। 23 अक्टूबर को चांदी ने 99,151 रुपए और 30 अक्टूबर को गोल्ड ने 79,681 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था।

2024 में सोना ने 20% और चांदी ने 17% का रिटर्न दिया

बीते साल यानी 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच सोने का भाव 20.22% बढ़ा। 1 जनवरी 2024 को 24 कैरेट 10 ग्राम गोल्ड की कीमत 63,352 रुपए थी, जो सालभर में 12,810 रुपए बढ़कर 76,162 रुपए पर पहुंच गई।

वहीं, 1 जनवरी को एक किलो चांदी 73,395 रुपए में बिक रही थी, जिसकी कीमत 12,622 रुपए बढ़कर साल के आखिरी दिन 86,017 रुपए पर पहुंच गई। एक साल में चांदी का भाव 17.19% बढ़ा।

सोना खरीदते समय हॉलमार्क से जांचे शुद्धता

सोना खरीदना काफी महंगा सौदा है ऐसे में खरीदते वक्त क्वॉलिटी से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। इसकी जांच के लिए हॉलमार्क देखना जरूरी है। हॉलमार्क सरकारी गारंटी जिसका निर्धारण ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) करती है।

यहां हम आपको बताएंगे आप जो गोल्ड खरीद रहे हैं वह कितना शुद्ध है…

24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है। लेकिन इससे गहने नहीं बनाए जा सकते, क्‍योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आम तौर पर आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66% सोना होता है। वहीं, 24 कैरेट पर 999, 23 कैरेट सोने पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 पर 750 लिखा होता है।

  • ‘कैरेट’ गोल्ड का मतलब होता है 1/24% गोल्ड, यदि आपका आभूषण 22 कैरेट का है तो 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्तेमाल सोने की शुद्धता 91.66%।
  • मान लीजिए 24 कैरेट सोने का रेट 78,000 रुपए प्रति 10 ग्राम है और बाजार में इसे खरीदने जाते हैं तो 22 कैरेट सोने का दाम (78,000/24)x22= 71,500 रुपए होगा। ऐसे ही 18 कैरेट गोल्ड की कीमत भी तय होगी। (78,000/24)x18= 58,500 रुपए होगा।
कैरेट शुद्धता (प्रतिशत में)
24 99.9%
23 95.8%
22 91.6%
21 87.5%
18 75.0%
17 70.8%
14 58.5%

हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा।

जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।

ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *