बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन एरिया बना हुआ है। इसका केंद्र तमिलनाडु के आसपास है। इसका आंशिक असर झारखंड पर पड़ रहा है। इसके असर से पिछले कुछ दिनों से दोपहर बाद बारिश हो जा रही है। बुधवार को भी राजधानी रांची में अच्छी बारिश हुई।
.
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले दो दिनों से राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश हो रही है। दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक डिप्रेशन बना हुआ है।
इस कारण झारखंड के मध्य और कोल्हान प्रमंडल के इलाकों में इसका असर हो रहा है। दिन में गर्मी होने के कारण नमी भी बन रही है। इससे राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है।
उन्होंने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर को सिस्टम तमिलनाडु के ओर नजदीक आ जाएगा। इसके असर से कोल्हान, संथाल और मध्य झारखंड के हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 19 अक्टूबर से सिस्टम का असर समाप्त हो जाएगा। 19 से 22 अक्टूबर तक बारिश नहीं होगी। पूरे राज्य में मौसम शुष्क हो जाएगा।
17 और 18 अक्टूबर को इन जिलों में होगी बारिश मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी रांची, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला खरसावां, बोकारो, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा व गुमला में हल्की बारिश की संभावना है। यहां दिनभर बादल छाए रहेंगे व शाम में छिटपुट बारिश देखी जाएगी। बारिश के साथ-साथ वज्रपात की भी आशंका है। इसलिए लोग इस समय काफी सचेत होकर रहें।
आज का संभावित तापमान आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 33 व न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री रह सकता है। बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम 21 डिग्री, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।