नई दिल्ली14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रेखा गुप्ता दिल्ली के हालिया विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बनी हैं। भाजपा ने यहां 26 साल बाद चुनाव जीतने के बाद रेखा को सरकार की कमान सौंपी है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक संत हैं और गृह मंत्री अमित शाह का व्यक्तित्व साहसी है। मैं उनके जैसा बनना चाहती हूं।
न्यूज एजेंसी PTI को बुधवार शाम दिए इंटरव्यू में CM ने कहा कि मैं मोदी जी को संत मानती हैं। कुछ संत भगवान की सेवा में समर्पित हो जाते हैं। मोदी जी देश सेवा को ही अपनी पूजा मानते हैं। हमारी पार्टी में ऐसे कई लोग हैं, जिन्होंने अपने-अपने तरीके से देश सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। नितिन गडकरी और अमित शाह भी उनमें से एक हैं।
उन्होंने कहा- शाह में कठिन फैसले लेने और लागू करने की क्षमता है, फिर चाहे वे कितने ही मुश्किल हों। उन्होंने देश के लिए कई बड़े फैसले बिना किसी हिचकिचाहट के लिए हैं। मैं अमित शाह जी की तरह बनना चाहूंगी। उनमें निर्णय लेने की क्षमता है और वे वही करते हैं जो वे कहते हैं।
रेखा गुप्ता दिल्ली के हालिया विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बनी हैं। भाजपा ने यहां 26 साल बाद चुनाव जीतने के बाद रेखा को सरकार की कमान सौंपी है। विधानसभा की 70 सीटों में से भाजपा ने 48 और AAP ने 22 सीटें जीती थी। वहीं, जबकि कांग्रेस एक भी सीट जीत नहीं पाई थी

CM बोलीं- गलतियां मानने में आपत्ति नहीं रेखा ने CM बनने से पहले सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ उनकी विवादास्पद टिप्पणियों और बयानों पर भी माफी मांगी। उन्होंने कहा- जब हम बचपन में बोलते थे तो शायद हमें भाषा पर बहुत पकड़ नहीं होती थी। जैसे-जैसे हम बड़े होते हैं, कुछ हद तक परिपक्वता प्राप्त करते हैं और आगे हम ज्यादा बेहतर समझ हासिल करते हैं।
कभी-कभी हम बिना इरादे के कुछ गलतियां कर देते हैं। जब आपको कुछ समय बाद पता चलता है कि आपने गलती की है, तो आपको हमेशा याद रखना चाहिए कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं होनी चाहिए। मुझे अपनी गलतियां स्वीकार करने में कोई आपत्ति नहीं है।
पुलिसवालों पर की गई टिप्पणी को लेकर CM ने कहा कि मैं बता नहीं सकतीं कि पुलिस कर्मियों के लिए मेरे मन में कितना सम्मान है। वे दिन-रात, खाना, नींद और अपने परिवार की परवाह किए बिना, एक फोन कॉल पर उपलब्ध रहते हैं। रेखा गुप्ता की टिप्पणियों के लिए AAP ने 28 मार्च को विधानसभा में उनकी आलोचना की थी।
‘चुटकी काटकर विश्वास दिलाया कि CM बनने जा रही हूं’ दिल्ली की CM के रूप में उनके नाम की घोषणा पर रेखा गुप्ता ने कहा- ऐसा लगा जैसे कोई फिल्म चल रही हो। खुद को चुटकी काटकर विश्वास दिलाया कि मुझे CM बनाया जा रहा है। भाजपा प्रतिभा और समर्पण से भरी है। हमारी पार्टी में परवरिश ऐसी है कि पहले उन्हें तैयार किया गया और अब वे हमें तैयार कर रहे हैं और हम अगली पीढ़ी के साथ ऐसा करेंगे। यह एक दूसरे का हाथ थामने की कड़ी है।

CM बोलीं- अफसोस कि अब परिवार को समय नहीं दे पाती रेखा से उनके एकमात्र अफसोस के बारे में पूछ जाने पर उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री बनने के बाद से उन्हें परिवार के लिए समय कम करना पड़ा। पहले मैं बच्चों से रोज बात करती थी, दोनों दिल्ली से बाहर पढ़ते हैं। लेकिन अब उनके समय में कटौती करनी होगी।
पहले अक्सर अपने पति से घंटों बातें करती थी, लेकिन अब मुझे उनसे दस मिनट बात करने से पहले भी सोचना पड़ता है। मुझे डर रहता है कि कहीं कोई फोन न आ जाए। अब मैं खाना बनाने जैसे काम भी नहीं कर पाती।
यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी सफलता के पीछे उनके पति का हाथ है, गुप्ता ने कहा- हां, बिल्कुल। कहावत है कि हर सफल व्यक्ति के पीछे एक महिला होती है, लेकिन इसका उल्टा भी सच हो सकता है। उनका समर्थन और साथ एक बड़ा प्लस पॉइंट है, जो आगे बढ़ने में मदद करता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे बहुत बड़े संयुक्त परिवार में रहती हैं। परिवार में उनके व्यवसायी पति, उनके चार भाई और सास शामिल हैं। इसके अलावा उनके परिवार में उनकी मां, तीन बहनें और एक भाई हैं। उनके पिता का कोविड के दौरान निधन हो गया था।
————————————————- रेखा गुप्ता से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
पहली बार विधायक बनीं, अब दिल्ली CM; RSS ने नाम बढ़ाया, महिला मुख्यमंत्री चुने जाने की 3 वजहें

50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से विधायक हैं। उन्होंने AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और BJP से जुड़ी हैं। दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। पूरी खबर पढ़ें…