17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

आज (20 अक्टूबर) दीपावली है और सूर्यास्त के बाद देवी लक्ष्मी की पूजा की जाएगी, देवी के स्वागत के लिए घर के बाहर दीपक जलाए जाते हैं। इस साल कार्तिक अमावस्या 20 और 21 अक्टूबर को दो दिन है, लेकिन लक्ष्मी आज रात की जाएगी, क्योंकि कल रात कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि रहेगी।
लक्ष्मी पूजन के साथ ही जलते हुए दीपों की भी पूजा करनी चाहिए। शास्त्रों में दीपक रखने के लिए कुछ खास जगहें बताई गई हैं, मान्यता है कि इन जगहों पर दीपक जलाने से देवी लक्ष्मी की कृपा जल्दी मिल सकती है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा से जानिए घर के आसपास किन 11 जगहों पर दीपक जलाना चाहिए…
1. मुख्य द्वार पर दीपक रखें
सूर्यास्त के बाद घर के मुख्य द्वार पर दोनों ओर दीपक जरूर रखें। इससे नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं करती। दीपक जलाते समय मन भाव रखें कि ये दीपक महालक्ष्मी के स्वागत के लिए जलाए जा रहे हैं।
2. आंगन या बीच वाले कमरे में दीपक रखें
यदि घर में आंगन हो तो वहां दीपक जरूर जलाएं। यदि आंगन नहीं है, तो घर के बीच वाले कमरे में सुरक्षित स्थान पर दीपक रखें, जिससे सकारात्मक ऊर्जा पूरे घर में फैले।
3. घर के मंदिर में 5 दीपक जलाएं
दीपावली पर घर के मंदिर में 5 दीपक जलाना विशेष फलदायक होता है। यह देवी-देवताओं को प्रसन्न करता है और घर में आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखता है।
4. घर के बार किसी मंदिर में दीपक जलाएं
घर के आसपास किसी मंदिर में दीपक जलाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से ईश्वरीय कृपा प्राप्त होती है, जिससे घर में सुख-शांति बनी रहती है।
5. घर के किसी कोने में चारमुखी जलाएं
चारमुखी दीपक, जिनमें चार बातियां होती हैं, घर के किसी कोने में या सभी कोनों में सावधानी से रखें। इससे घर में चारों दिशाओं में प्रकाश फैलता है और घर में सुरक्षा तथा ऊर्जा संतुलन बना रहता है।
6. तुलसी के पौधे के पास दीपक रखें
तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय है। तुलसी के पास दीपक जलाने से घर में विष्णु कृपा बनी रहती है। वातावरण शुद्ध और पवित्र बनता है।
7. पीने के पानी वाली जगह पर दीपक रखें
घर में जहां पीने का पानी रखा जाता है, वहां दीपक रखने से जल का शुद्धिकरण होता है। ये जल के प्रति आभार प्रकट करता है।
8. पीपल के पेड़ के पास दीपक जलाएं
यदि घर के पास कहीं पीपल का पेड़ है, तो उसके नीचे दीपक जलाएं। ये पूर्वजों के निमित्त जलाया जाता है।
9. रसोई में दीपक जलाएं
रसोई में दीप जलाने से मां अन्नपूर्णा प्रसन्न होती हैं। इससे अन्न की कभी कमी नहीं होती और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
10. धन रखने की जगह पर दीपक जलाएं
जहां घर में धन, गहने या महत्वपूर्ण वस्तुएं रखी जाती हैं, वहां सावधानी पूर्वक दीपक जलाने से लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और आर्थिक सुरक्षा मजबूत होती है।
11. चौराहे और अंधेरी जगहों पर दीपक रखें:
घर के पास के चौराहे और किसी अंधेरी जगहों पर भी दीपक जलाएं। ये दीपक अलक्ष्मी के नाम से जलाना चाहिए। अलक्ष्मी यानी दरिद्रता। दीपक जलाकर ये कामना करनी चाहिए कि अलक्ष्मी हमारे घर में प्रवेश न करें।
