![]()
कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के खांडी में एक विवाहिता ने विषपान कर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 26 वर्षीय गीता देवी, पति सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल वालों पर लगातार प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।
.
मृतका के भाई रामसेवक यादव ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे उनकी बहन ने फोन कर बताया कि ससुराल वालों ने फिर से झगड़ा किया और दुर्व्यवहार किया है। उसने कहा कि वह अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ मायके आ रही है।
कुछ घंटों बाद, रामसेवक को एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बहन बेहोश है। वे तुरंत खांडी स्थित बहन के घर पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उसने विषपान कर लिया है। परिजन उसे सदर अस्पताल कोडरमा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई बार पंचायत भी हुई थी
रामसेवक ने बताया कि उनकी बहन की शादी 2016 में सुरेंद्र यादव से हुई थी। उनके बहनोई बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि गीता अपनी बच्ची के साथ ससुराल में रहती थी। बीते कुछ सालों से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान कर रहे थे, जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी।
हाल ही में खांडी में एक पंचायत हुई थी, जिसमें ससुराल वालों ने भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और उन्होंने फिर से गीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। रामसेवक ने संदेह व्यक्त किया है कि उनकी बहन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि ससुराल वालों ने उसे जबरन कुछ खिलाकर उसकी हत्या की है।
मईया सम्मान योजना के पैसे नहीं देने पर होता था विवाद
इधर, मृतका के भाई राम सेवक यादव ने बताया कि ससुराल वाले उनकी बहन पर घर के कामकाज नहीं करने आ आरोप लगाकर प्रताड़ित करते थे। लेकिन जब गांव में पंचायत हुई तो यह बात सामने आई कि उनकी बहन को मईया सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह 2500 रुपए मिलते थे। जिसे वह अपनी बेटी के सुकन्या योजना में जमा कर दिया करती थी। लेकिन उसके ससुर व सास उस पैसे को उन्हें देने का जोर करते थे। जिससे वह लगातार परेशान रहती थी और इस बात को लेकर भी लड़ाई होती थी।
वहीं, मृतका की ननद संजू कुमारी ने बताया कि शनिवार दोपहर अचानक मुझे पता चला कि मेरी भाभी घर के बगल के खेत में गिरी पड़ी है। जिसके बाद हमने आसपास के लोगों को इकठ्ठा किया और एम्बुलेंस के माध्यम से भाभी को सदर अस्पताल ले गई। संजू ने बताया कि बीती रात उसकी भाभी और उसके माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
इधर, चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें मिली है। मृतका के परिजनों द्वारा आवेदन नहीं दी गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
