Dainik Bhaskar News Headlines; India vs South Africa | T20 World Cup Final | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: दिल्ली में बारिश ने 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ा; VI-एयरटेल के रिचार्ज 21% तक महंगे; UGC-NET समेत 3 एग्जाम की नई डेट आई

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; India Vs South Africa | T20 World Cup Final

16 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर दिल्ली से रही, यहां बारिश ने 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। एक खबर देश की टेलिकॉम कंपनियों से जुड़ी रही, जियो के बाद अब एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया (VI) ने भी अपने रिचार्ज प्लान महंगे कर दिए हैं।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होगी। 19 अगस्त तक चलने वाली यात्रा के लिए अब तक 3.50 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
  2. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बारबाडोस में टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला होगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. दिल्ली में बारिश ने 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ा; एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की छत ​​​​​​गिरी, 1 की मौत

दिल्ली-NCR में 88 साल बाद जून के महीने में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश हुई। इससे बाढ़ जैसे हालात बन गए, सड़कों पर 4 से 5 फीट पानी भरने से कारें डूब गईं। IMD के मुताबिक, राजधानी में गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 228 मिमी बारिश हुई। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पिकअप-ड्रॉप एरिया की छत और सपोर्टिंग पिलर गिर गया। इसमें कई कारें दब गईं। एक कैब ड्राइवर की मौत हो गई, 8 लोग घायल हैं।

कांग्रेस-भाजपा ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए: कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 10 मार्च 2024 को टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था। सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राम मोहन नायडू ने कहा कि टर्मिनल-1 का जो हिस्सा गिरा है, उसका निर्माण और उद्घाटन 2009 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार में हुआ था। इससे पहले 27 जून को जबलपुर एयरपोर्ट का शेड एक अफसर की कार पर गिर गया था। PM मोदी ने 3 महीने पहले एयरपोर्ट का वर्चुअली लोकार्पण किया था।

देश भर के एयरपोर्ट के स्ट्रक्चर की जांच होगी: केंद्र सरकार ने देश के सभी एयरपोर्ट्स के स्ट्रक्चर की जांच करने के आदेश दिए हैं। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने देश के सभी छोटे-बड़े एयरपोर्ट्स की स्ट्रक्चरल मजबूती की जांच करने का सर्कुलर जारी किया है। इस जांच को अगले 2-5 दिन में पूरा करने और मंत्रालय को इसकी रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. NTA में सुधार के लिए बनी कमेटी ने सुझाव मांगे, 7 जुलाई तक सुझाव दे सकते हैं
NTA में सुधार के लिए बनी हाई लेवल कमेटी ने स्टूडेंट्स और पेरेंट्स से सुझाव मांगे हैं। सुझाव देने की अंतिम तारीख 7 जुलाई है। टीचर्स और इंस्टीट्यूट्स भी अपने सुझाव दे सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय ने 22 जून को यह कमेटी बनाई थी। ISRO के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन इसके अध्यक्ष हैं। सुझाव देने के लिए आप https://innovateindia.mygov.in/examination-reforms-nta/ पर जा सकते हैं।

CBI ने 3 को अरेस्ट किया: CBI ने NEET पेपर लीक केस में झारखंड के हजारीबाग से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज और पत्रकार जमालुद्दीन हैं। जांच एजेंसी तीनों को शुक्रवार रात 10 बजे हजारीबाग से पटना लेकर आई है। CBI ने इससे पहले 27 जून को बिहार के पटना से 2 लोगों को अरेस्ट किया था।

CBI और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 3 मई को NEET के क्वेश्चन पेपर कूरियर एजेंसी ब्लू डार्ट के हजारीबाग नूतन नगर सेंटर से बैंक ले जाने की बजाय पहले ओएसिस स्कूल लाए गए। इसके बाद यहां से बैंक भेजे गए। संदेह है कि क्वेश्चन पेपर का पैकेट स्कूल में ही खोला गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. NEET पर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा; कांग्रेस अध्यक्ष वेल में पहुंचे; सभापति धनखड़ बोले- यह संसदीय इतिहास पर काला धब्बा

संसद सत्र के पांचवें दिन NEET मुद्दे पर दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 1 जुलाई तक स्थगित कर दी गई। दरअसल, विपक्ष NEET पर चर्चा की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाया था। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि नियमों के मुताबिक, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद के बीच स्थगन प्रस्ताव नहीं लाया जाता। जबकि राज्य सभा में 22 सांसदों के नोटिस को सभापति ने खारिज कर दिया।

राज्यसभा में क्या हुआ: NEET मामले पर चर्चा की मांग के दौरान राज्यसभा में चेयरमैन जगदीप धनखड़ और नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच विवाद की स्थिति बनी। हंगामे के बीच खड़गे सभापति की आसंदी के पास पहुंच गए। इस पर धनखड़ भड़क गए और सदन की कार्यवाही रोक दी। धनखड़ ने कहा, ‘ यह दिन भारतीय संसद के इतिहास में एक धब्बा बन गया है कि विपक्षी नेता खुद वेल में आ गए, जो पहले कभी नहीं हुआ।’

लोकसभा में क्या हुआ: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने PM मोदी से NEET पर चर्चा में शामिल होने की अपील की। लेकिन हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही रोकनी पड़ी। राहुल जब बोलने लगे तो उनकी आवाज नहीं आई, इस पर विपक्ष ने स्पीकर पर माइक बंद करने का आरोप लगाया। वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा – ‘सरकार NEET पर जवाब देने के लिए तैयार है। लेकिन सब कुछ परंपरा और मर्यादा के भीतर होना चाहिए।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. VI-एयरटेल के रिचार्ज 21% तक महंगे हुए, नई दरें 3 और 4 जुलाई से लागू होंगी
भारती एयरटेल ने मोबाइल टैरिफ में 10% से 21% तक का इजाफा किया। इसके बाद वोडाफोन-आइडिया (VI) ने भी अपने टैरिफ 20% तक बढ़ा दिए हैं। 27 जून को जियो ने भी अपने टैरिफ 25% तक बढ़ाए थे। वोडाफोन-आइडिया की नई दरें 4 और एयरटेल की नई दरें 3 जुलाई से लागू होंगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. UGC-NET, CSIR-NET और NCET की नई डेट आई, 10 जुलाई से 4 सितंबर के बीच होंगे तीनों पेपर
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET, जॉइंट CSIR-UGC NET और NCET की नई तारीखें घोषित की हैं। NCET एग्जाम 10 जुलाई को होगा। CSIR-UGC NET एग्जाम 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच होगा। वहीं, UGC NET 21 अगस्त से 4 सितंबर के बीच होगा। सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में होंगी। इससे पहले UGC-NET पेन एंड पेपर मोड में हुआ था।

10 दिन में 3 एग्जाम रद्द/स्थगित हुए थे: NTA ने 12 जून को नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (NCET) कराई थी, जो शाम को ही रद्द कर दी गई। 19 जून को गड़बड़ियों की आशंका के बाद NTA ने UGC NET परीक्षा रद्द की थी, यह पेपर एक दिन पहले 18 जून को हुआ था। 9 लाख कैंडिडेट्स ने UGC-NET एग्जाम दिया था। 21 जून को CSIR UGC NET परीक्षा स्थगित कर दी गई। यह एग्जाम 25-27 जून के बीच होना था। परीक्षा स्थगित करने की वजह रिसोर्सेज की कमी बताई गई थी।

6. महाराष्ट्र में महिलाओं को हर महीने ₹1500 कैश, गरीब परिवार को साल में 3 मुफ्त सिलेंडर
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से 4 महीने पहले NDA की एकनाथ शिंदे सरकार ने आखिरी बजट पेश किया। डिप्टी CM अजित पवार ने बजट में महिलाओं और किसानों के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया है। इसमें गरीब परिवारों को हर साल 3 गैस सिलेंडर मुफ्त और 21 से 60 साल की उम्र की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए कैश देने की योजना शामिल है। किसानों का बिजली बिल माफ, खेती के लिए 5 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर बोनस की घोषणा भी की गई है।

3 महीने बाद विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP की गठबंधन सरकार है। इसका कार्यकाल 8 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव होने की संभावना है। राज्य सरकार ने वैट में 3% कटौती (24 से 21%) की घोषणा की है। इससे पेट्रोल में 65 पैसे और डीजल की कीमतों पर 2 रुपए की कमी होगी। हालांकि, इसका फायदा सिर्फ मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के लोगों को ही होगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. पूर्व CM हेमंत सोरेन को 5 महीने बाद जमानत, हाईकोर्ट बोला- पूर्व CM के खिलाफ सबूत नहीं

5 महीने बाद जेल से निकलने के बाद पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

5 महीने बाद जेल से निकलने के बाद पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।

झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन को रांची हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। वह 5 महीने बाद रांची की बिरसा मुंडा जेल से बाहर आए। कोर्ट ने कहा कि हेमंत के मनी लॉन्ड्रिंग केस में शामिल होने के ठोस सबूत नहीं मिले। बाहर आने के बाद सोरेन ने कहा, ‘न्याय प्रक्रिया इतनी लंबी हो रही है कि न्याय मिलने में कई महीने लग रहे हैं।’ ED ने कोर्ट में आरोप लगाया कि सोरेन ने अवैध तरीके से बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन पर कब्जा किया। यह PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत आता है।

PMLA एक्ट के सेक्शन 45 के तहत जमानत की 2 शर्ते…

  1. यह विश्वास करने का कोई कारण नहीं हो कि आरोपी ने कथित अपराध किया।
  2. जमानत पर रहने के दौरान आरोपी उस तरह का कोई अपराध नहीं करेगा।

कोर्ट ने ये भी कहा कि सोरेन दोनों शर्तों को पूरा करते हैं। इसलिए अदालत उन्हें रेगुलर जमानत दे रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. US में प्रेसिडेंशियल डिबेट: ट्रम्प बोले- बाइडेन मंचूरियन; बाइडेन ने कहा- पत्नी प्रेग्नेंट थीं, आप पोर्न स्टार से संबंध बना रहे थे

अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से 5 महीने पहले राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट हुई। दोनों नेताओं ने करीब 75 मिनट तक एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए और निजी हमले किए। ट्रम्प ने बाइडेन को मंचूरियन कहा। आरोप लगाया कि बाइडेन को चीन से पैसे मिलते हैं। वहीं, राष्ट्रपति ने ट्रम्प को उनके हश मनी मामले पर घेरते हुए कहा, ‘आपकी पत्नी प्रेग्नेंट थीं और आप पोर्न स्टार से संबंध बना रहे थे।’

4 साल बाद हुई डिबेट: रिपब्लिकन पार्टी के कैंडिडेट ट्रम्प और डेमोक्रेट्स की ओर से बाइडेन के बीच यह डिबेट 4 साल बाद हुई। ट्रम्प और बाइडेन ने एक-दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया। दोनों ने एक-एक करके अहम मुद्दों पर सवाल पूछे। जवाब देने के लिए ट्रम्प-बाइडेन के पास 2 मिनट का समय था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By कार्टूनिस्ट चंद्रशेखर हाड़ा…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. क्राइम: यौन शोषण केस, येदियुरप्पा ने पीड़ित को ₹2 लाख दिए: CID का चार्जशीट में दावा; पूर्व CM ने हाईकोर्ट में आरोप खारिज की याचिका लगाई (पढ़ें पूरी खबर)
  2. बिजनेस: रिलायंस का मार्केट कैप 21 लाख करोड़ रुपए के पार: ये मुकाम हासिल करने वाली देश की पहली कंपनी, शेयर ऑल टाइम हाई पर पहुंचा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. स्पोर्ट्स: शेफाली ने विमेंस टेस्ट का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा: मंधाना के साथ की 292 की पार्टनरशिप; साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जा रहा मुकाबला (पढ़ें पूरी खबर)
  4. बॉलीवुड: हिना खान को ब्रेस्ट कैंसर डाइग्नोज हुआ: एक्ट्रेस बोलीं- इलाज शुरू हो चुका है, मैं डटी हुई हूं; कई सेलेब्स ने दी दुआएं (पढ़ें पूरी खबर)
  5. इंटरनेशनल: ईरान में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी: इब्राहिम रईसी की हवाई हादसे में मौत के बाद हो रहा चुनाव, रेस में 4 उम्मीदवार (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: ब्रिटेन में 4 जुलाई को वोटिंग: सर्वे में सुनक की पार्टी को 117, लेबर पार्टी को 425 सीटें; सुनक की पार्टी का सफाया तय (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

180 फीट लंबी बाइक का गिनीज रिकॉर्ड

नीदरलैंड के रहने वाले 8 लोगों ने मिलकर दुनिया की सबसे लंबी बाइक बनाई है। 180 फीट 11 इंच लंबी इस बाइक को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। इसकी लंबाई 2 ब्लू व्हेल या 4 डबल-डेकर बस के बराबर है। इससे पहले सबसे लंबी बाइक का रिकॉर्ड 2020 में ऑस्ट्रेलिया के बर्नी रयान ने बनाया था, जिनकी बाइक 155 फीट 8 इंच लंबी थी।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *