Dainik Bhaskar News Headlines; Exit Poll Result – Lok Sabha Election| BJP Congress | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: NDA 365, I.N.D.I.A. को 145 सीटों का अनुमान; खड़गे का दावा- 295 सीटें जीतेंगे; केजरीवाल की जमानत पर 5 जून को फैसला

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Exit Poll Result Lok Sabha Election| BJP Congress

12 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले आए अलग-अलग एग्जिट पोल्स की रही, जिनमें NDA को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। हिंदी पट्टी में बढ़त के साथ NDA इस बार तमिलनाडु और केरल में खाता खोल सकती है। साथ ही कर्नाटक में सभी सीटों पर कब्जा कर सकती है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आएंगे।
  2. मैक्सिको में राष्ट्रपति चुनाव होंगे। पहली बार कोई महिला राष्ट्रपति बन सकती है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. लोकसभा सीटों का ‘पोल ऑफ पोल्स’, 13 एग्जिट पोल में NDA को 365, विपक्ष को 145 सीटें

लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे। लेकिन उससे पहले आए 13 अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक, NDA को 281 से 401 जबकि विपक्षी गठबंधन (I.N.D.I.A.) को 107 से 201 सीटें मिलती दिख रही हैं। इसके अलावा चुनाव के दौरान भास्कर के 100 रिपोर्टर्स भी 542 सीटों तक गए और ‘हवा का रुख’ समझा। भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट्स के मुताबिक, NDA को 281 से 350 सीटें और I.N.D.I.A. को 145 से 201 सीटें मिल सकती हैं।

हिंदी पट्टी में भाजपा को बढ़त: उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली में भाजपा को एकतरफा बढ़त का अनुमान है। इन राज्यों की 90% से ज्यादा सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। MP की 29 सीटों में से भाजपा को 28 से 29 और वहीं राजस्थान में 23 से 25 सीटें मिलने का अनुमान है। यूपी में 69-74 सीटें और छत्तीसगढ़ में 11 की 11 सीटें आ सकती हैं। बंगाल में उलटफेर होता दिख रहा है। यहां भाजपा को 26 से 31 सीटें मिल सकती हैं।

दक्षिण और पूर्वोत्तर में क्या नतीजे होंगे: तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटें है, इनमें I.N.D.I.A. को 30 और NDA को 3 सीटें मिल सकती है। यहां 2019 के चुनाव में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। केरल की 20 सीटों में से यूडीएफ को 16 और भाजपा को 2 सीटें मिलने के आसार हैं। कर्नाटक की 28 सीटों में से NDA को 23 और I.N.D.I.A. को 6 सीटें मिल सकती हैं। तेलंगाना की 17 सीटों में से भाजपा को 10 और कांग्रेस को 7 सीटें मिल सकती हैं। वहीं पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में कुल 25 सीटें है, जिनमें NDA को 16 से 21 सीटें मिलने के आसार हैं।

आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल: लोकसभा की 542 सीटों के साथ 4 राज्यों (आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा) के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है। हालांकि सिर्फ आंध्र प्रदेश के ही 6 एग्जिट पोल आए हैं। चार एग्जिट पोल ने भाजपा, TDP और जन सेना पार्टी के गठबंधन को बहुमत का अनुमान जताया है। वहीं, दो एग्जिट पोल ने YSR कांग्रेस की जीत बताई है। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. लोकसभा चुनाव के फेज-7 में 57 सीटों पर 60% वोटिंग; बंगाल में VVPAT तालाब में फेंकी

सातवें और अंतिम फेज में 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर 60.37% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 70% वोट पश्चिम बंगाल में जबकि सबसे कम 51.70% वोट बिहार में पड़े। इसके अलावा ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए 68.37% वोटिंग हुई। यूपी के बलिया में वोट देने पहुंचे बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं पश्चिम बंगाल के जयनगर में हिंसा हुई, जहां दो VVPAT तालाब में फेंक दी गईं।

1952 के बाद सबसे लंबा चुनाव: 19 अप्रैल से 4 जून तक चलने वाली यह चुनाव प्रक्रिया कुल 46 दिनों की है। 1952 का पहला लोकसभा चुनाव 4 महीने तक चला था। वहीं 1980 में सिर्फ 4 दिन में चुनाव सम्पन्न हुए थे। 2019 के चुनाव 39 दिन में हुए थे।। 2019 में सातवें चरण में 61% वोट पड़े थे। बीते दिन जिन 57 सीटों पर वोटिंग हुई, 2019 में इनमें से भाजपा ने 25 और कांग्रेस ने 8 सीटें जीती थीं।

​​​​नतीजे 4 जून को: इस बार लोकसभा की 542 सीटों के लिए 7 फेज में चुनाव हुए। पहले फेज में 102 सीटों पर 66.14%, दूसरे फेज में 88 सीटों पर 66.71% वोटिंग, तीसरे फेज में 93 सीटों पर 65.68%, चौथे फेज में 96 सीटों पर 69.58%, पांचवें फेज में 49 सीटों पर 62.2% और छठे फेज में 59 सीटों पर 63.37% वोटिंग हुई। नतीजे 4 जून को आएंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. कांग्रेस अध्यक्ष के घर I.N.D.I.A. की बैठक, एग्जिट पोल से पहले खड़गे का दावा- 295 सीटें जीतेंगे

I.N.D.I.A. गठबंधन की मीटिंग ढाई घंटे से ज्यादा चली। इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई।

I.N.D.I.A. गठबंधन की मीटिंग ढाई घंटे से ज्यादा चली। इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर I.N.D.I.A गठबंधन की मीटिंग हुई। एग्जिट पोल से एक घंटे पहले खड़गे ने दावा किया कि I.N.D.I.A को कम से कम 295 सीटें मिलेंगी। खड़गे ने कहा, ‘हमारे सभी नेताओं से पूछने के बाद यह आंकड़ा मिला है और इस आंकड़े में कोई बदलाव नहीं है।’ बैठक में 23 पार्टियों के शामिल हुए। ममता बनर्जी मीटिंग में नहीं पहुंची थीं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. जून से हुए 5 बदलाव- कॉमर्शियल LPG सिलेंडर सस्ता, फ्लाइट टिकट सस्ती हो सकती हैं

1 जून से पांच बड़े बदलाव हुए हैं…

  1. 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 72 रुपए तक सस्ता हो गया है।
  2. एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम घटे हैं, हवाई सफर सस्ता हो सकता है।
  3. ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट प्राइवेट ट्रेनिंग सेंटर या ड्राइविंग स्कूल जाकर दे सकेंगे।
  4. पंजाब नेशनल बैंक में जिन अकाउंट्स में 3 साल से ज्यादा समय से कोई लेनदेन नहीं हुआ है, वे बंद कर दिए गए हैं।
  5. पैन को आधार से लिंक करने पर अब 1000 रुपए फीस लग रही है। पैन को आधार से लिंक न करने पर पैन इनऑपरेटिव भी हो जाएगा।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. सलमान खान पर हमले का प्लान, 4 अरेस्ट, पाकिस्तान से AK-47 मंगवाने वाले थे

महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान पर हमले की कोशिश को मुंबई पुलिस ने नाकाम कर दिया है। नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो पनवेल में सलमान की कार पर अटैक करने की प्लानिंग कर रहे थे। पनवेल में सलमान का फार्म हाउस है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी अटैक करने के लिए पाकिस्तान से AK-47 मंगवाने वाले थे।

फार्म हाउस की रेकी की थी: चारों आरोपियों ने एक्टर के फार्म हाउस और कई शूटिंग स्पॉट्स समेत गोरेगांव फिल्म सिटी की भी रेकी की थी। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़ समेत कुल 18 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 10 से 12 आरोपियों की तलाश जारी है।

अप्रैल में अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी: इससे पहले 14 अप्रैल को भी सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने सुबह 5 बजे फायरिंग की गई थी। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना वाले दिन ही लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. केजरीवाल की जमानत पर 5 जून को फैसला, ED ने कहा- सेहत को लेकर झूठा दावा किया
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर 5 जून के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया है। केजरीवाल ने मेडिकल ग्राउंड पर जमानत मांगी थी। उनकी जमानत आज खत्म होगी। ED ने कोर्ट में दावा किया कि केजरीवाल ने तथ्यों को दबाया है और अपनी सेहत को लेकर झूठे बयान दिए हैं। उनका वजन 1 किलो बढ़ा है, लेकिन वे दावा कर रहे हैं कि उनका वजन 7 किलो घटा है।

आज अंतरिम जमानत खत्म हो रही: केजरीवाल को 21 मार्च को अरेस्ट किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को उन्हें अंतरिम जमानत दी थी, जो 1 जून को खत्म हो रही है। 2 जून को उन्हें सरेंडर करना होगा। ED ने केजरीवाल की कस्टडी बढ़ाने की मांग की है, जिस पर आज फिर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. पुणे पोर्श केस में नाबालिग आरोपी की मां गिरफ्तार, बेटे से ब्लड सैंपल बदलने का आरोप
पुणे पुलिस ने पोर्श कार केस में नाबालिग आरोपी की मां शिवानी अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कोर्ट में बताया था कि नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल को उसकी मां के सैंपल से बदला गया था, ताकि ये दिखाया जा सके कि घटना के वक्त वह नशे में नहीं था। ब्लड सैंपल बदलने के लिए डॉक्टर्स और नाबालिग के पिता के बीच 50 लाख की डील हुई थी।

क्या है पुणे एक्सीडेंट केस: 18-19 मई की रात 17 साल 8 महीने के आरोपी ने लग्जरी पोर्श कार से बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारी थी। कार की स्पीड 200 किमी प्रति घंटा थी। हादसे में युवक-युवती की मौत हो गई। मामले में नाबालिग के पिता, दादा, मेडिकल जांच करने वाले डॉक्टर्स और उसे शराब परोसने वाले दो पब के मालिक-मैनेजर सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: हीटस्ट्रोक से 4 दिन में 7 राज्यों में 320 मौतें: इनमें 25 चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी-अधिकारी; दिल्ली समेत 14 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट (पढ़ें पूरी खबर)
  2. लाइफ-साइंस: सुनीता को स्पेस-स्टेशन ले जाने वाला मिशन दूसरी बार टला: 3.50 मिनट पहले रुका काउंटडाउन, अब 2 जून को हो सकता है बोइंग का ये लॉन्च (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: PM मोदी ने 45 घंटे ध्यान साधना की: विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 3 दिन रहे; सूर्य को अर्घ्य दिया, ध्यान मंडपम की परिक्रमा की (पढ़ें पूरी खबर)
  4. स्पोर्ट्स: वर्ल्ड कप वॉर्मअप मैच में इंडिया की पावरफुल गेंदबाजी: 183 रन चेज कर रही बांग्लादेश 120 तक पहुंच पाई, बल्लेबाजी में पंत और पंड्या ने दम दिखाया (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: फ्लाइट में बम होने का शक, मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग: एक हफ्ते में इंडिगो एयरलाइन में बम से जुड़ा ये दूसरा मामला (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: साउथ-अफ्रीका में बहुमत पाने से चूकी मंडेला की पार्टी: पहली बार बनेगी गठबंधन सरकार; सेक्स स्कैंडल से सत्ता गंवाने वाले जैकब जुमा बने किंगमेकर (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: चीन के डिप्लोमेट ने नेपाली पत्रकार को धमकाया: पत्रकार ने कहा था-चीन 2% ब्याज पर कर्ज देकर 5% वसूल रहा; राजदूत ने कहा- माफी मांगो (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: दुनिया के सबसे खतरनाक सीरियल किलर रॉर्बर्ट पिक्टन की जेल में हत्या: सेक्स वर्कर्स को मार कर सूअरों को खिला देता था, 49 लड़कियों को बनाया शिकार (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

नाक से टाइपिंग का गिनीज रिकॉर्ड

भारत के एक शख्स ने नाक से सबसे तेज टाइप करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। 44 साल के विनोद चौधरी ने 25.66 सेकेंड में अंग्रेजी वर्णमाला के सभी अक्षर लिख डाले। विनोद ने तीसरी बार ये कारनामा किया है। उन्होंने पहली बार 2023 में 27.80 सेकेंड में नाक से टाइपिंग की थी। इसी साल दूसरी बार फिर 26.73 सेकंड में टाइपिंग कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जीता था।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *