- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar Morning News Brief; Delhi CM Rekha Gupta | USAID India Funding
1 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले से जुड़ी रही, रेलवे ने सोशल मीडिया से भगदड़ के वीडियोज हटाने को कहा है। एक खबर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान की रही, उन्होंने कहा है कि बाइडेन भारत में किसी और को जिताना चाहते थे
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- गृह मंत्री अमित शाह पुणे में वेस्टर्न जोनल काउंसिल की 27वीं मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। यह केंद्र और राज्यों के बीच विवादों को सुलझाने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
- ICC चैंपियंस ट्रॉफी ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया VS इंग्लैंड। मैच गद्दाफी स्टेडियम लाहौर में दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ के वीडियो हटाने के निर्देश, रेलवे ने X को नोटिस दिया

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी की रात करीब 9:26 बजे भगदड़ मची थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी।
रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नई दिल्ली स्टेशन भगदड़ के 288 वीडियोज हटाने का निर्देश दिया है। भगदड़ में 18 लोगों की मौत हुई थी। रेल मंत्रालय ने कहा कि भगदड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने से कानून-व्यवस्था खराब हो सकती है। अभी ट्रेनों में भारी भीड़ है और रेलवे ऑपरेशन प्रभावित हो सकता है।
दिसंबर में वीडियो हटवाने का अधिकार मिला: दिसंबर में वीडियो हटाने का अधिकार मिलने के बाद कंटेंट को लेकर यह रेल मंत्रालय की पहली बड़ी कार्रवाई है। 24 दिसंबर को मंत्रालय ने अपने एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, इन्फॉर्मेशन एंड पब्लिसिटी (रेलवे बोर्ड) को IT एक्ट के 79(3)(बी) के तहत अधिकार दिया। इसके तहत अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को सीधे किसी भी कंटेंट को हटाने का निर्देश जारी कर सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. दिल्ली सरकार ने आतिशी का पर्सनल स्टाफ हटाया; CM ने सचिवालय में मंत्रियों-अफसरों के साथ मीटिंग की दिल्ली की BJP सरकार ने पूर्व CM आतिशी और उनकी कैबिनेट के पर्सनल स्टाफ हटा दिए हैं। AAP सरकार ने जिन अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्त किया था, उन्हें मूल विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है। CM रेखा गुप्ता ने सचिवालय में मंत्रियों-अफसरों के साथ मीटिंग की, जिसमें खराब सड़क, पानी और मोहल्ला क्लिनिक को मॉडिफाई करने पर चर्चा हुई।
24 से 27 फरवरी तक विधानसभा का सत्र: विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अरविंदर सिंह लवली प्रोटेम स्पीकर होंगे। उन्होंने बताया कि सत्र में 25 फरवरी को CAG की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश होंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि AAP सरकार की शराब नीति में गड़बड़ी से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. प्रयागराज महाकुंभ में वीकेंड पर फिर भारी भीड़; शहर में 24 फरवरी को बोर्ड एग्जाम नहीं

शुक्रवार को रात 8 बजे तक 1.28 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया। महाकुंभ में अब तक 60 करोड़ से ज्यादा लोग डुबकी लगा चुके हैं।
महाकुंभ के आखिरी वीकेंड पर प्रयागराज में भीषण जाम लगा। लोग 2 घंटे में 500 मीटर की दूरी ही तय कर पा रहे थे। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियां संगम से 10km पहले रोकी जा रही थीं। वहीं VIPs की गाड़ियां अरैल घाट तक जा रही थीं। हालात को देखते हुए प्रयागराज में 24 फरवरी के 10वीं-12वीं के बोर्ड एग्जाम टाल दिए गए हैं। इस दिन का एग्जाम 9 मार्च को कराया जाएगा।
महाकुंभ में नहाती महिलाओं के वीडियो बनाकर बेचे, अरेस्ट: गुजरात पुलिस ने प्रयागराज के एक यूट्यूबर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर महाकुंभ में स्नान कर रही महिलाओं के वीडियो बनाकर यूट्यूब और टेलीग्राम पर अपलोड करने का आरोप है। इनके पास से महिलाओं के आपत्तिजनक फुटेज मिले हैं। तीनों ने ये वीडियोज दूसरे चैनलों को भी बेचे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. चहल-धनश्री का तलाक फाइनल नहीं हुआ, वकील ने कहा- मामला कोर्ट में चल रहा

युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की शादी 11 दिसंबर 2020 को हुई थी।
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा का तलाक फाइनल नहीं हुआ है। धनश्री की वकील ने कहा कि मामला फिलहाल कोर्ट में है। वहीं धनश्री के परिवार का कहना है कि उन्होंने युजवेंद्र या उनके परिवार से 60 करोड़ रुपए नहीं मांगे हैं। एक दिन पहले दोनों का तलाक फाइनल होने की खबर चली थी।
18 महीने से अलग रह रहे: चहल और धनश्री की शादी दिसंबर 2020 में हुई थी, वे 2023 से अलग रह रहे हैं। दोनों की ओर से तलाक को लेकर अभी तक ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है। युजवेंद्र चहल अभी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वह टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। जनवरी 2023 में उन्होंने भारत के लिए आखिरी वनडे, जबकि अगस्त 2023 में आखिरी टी-20 खेला था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. राहुल बोले- अडाणी निजी नहीं, बल्कि देश का मामला, अमेरिका में कार्रवाई, भारत में क्यों नहीं?

राहुल 2 दिन के दौरे पर रायबरेली में थे। सांसद बनने के बाद राहुल का यह चौथा रायबरेली दौरा था।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली दौरे पर बिजनेसमैन गौतम अडाणी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा-

मोदी जी से पूछिए, ये जो आप के मित्र हैं अडाणी, इन पर अमेरिका में कार्रवाई हुई है। भारत में क्यों नहीं हो रही। अमेरिकी सरकार के लिए यह आदमी चोर है। भ्रष्टाचारी है। हमारे प्रधानमंत्री वहां जाकर कहते हैं कि ये हमारा निजी मामला है। इस पर हम चर्चा नहीं करेंगे।
राहुल के बयान की वजह: अमेरिका में पिछले साल अडाणी समेत 8 लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। आरोप है कि अडाणी ने भारत में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को करीब ₹2200 करोड़ की रिश्वत दी या देने की योजना बना रहे थे। हाल ही में US दौरे पर पत्रकारों ने PM मोदी से सवाल पूछा कि क्या राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ मीटिंग में गौतम अडाणी केस पर कोई चर्चा हुई? इस पर PM ने कहा था, ‘ऐसे व्यक्तिगत मामलों के लिए दो देशों के मुखिया न मिलते हैं, न बैठते हैं और न बात करते हैं।’ पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. ट्रम्प बोले- बाइडेन भारत में किसी और को जिताना चाहते थे, भारत में अमेरिकी चुनावी फंडिंग को रिश्वतखोरी बताया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भारत के लोकसभा चुनाव में दखल देने का आरोप लगाया। उन्होंने बाइडेन प्रशासन की तरफ से भारत को दी गई 182 करोड़ रुपए की फंडिंग को रिश्वतखोरी बताया और कहा

हमने वोटर टर्नआउट बढ़ाने के नाम पर भारत को ₹182 करोड़ का फंड दिया। हमें इतना पैसा खर्च करने की क्या जरूरत थी। बाइडेन का प्लान भारत में किसी और को चुनाव जिताने का था।
विदेश मंत्रालय बोला- ये बात परेशान करने वाली: मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘ये जानकारी परेशान करने वाली है।’ दरअसल, भारतीय चुनाव में वोटर्स की भागीदारी बढ़ाने के लिए US से ₹182 करोड़ की फंडिंग मिलती थी, जिस पर 16 फरवरी 2025 को रोक लगा दी गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. ED ने BBC इंडिया पर ₹3.44 करोड़ जुर्माना लगाया; FDI नियमों के उल्लंघन का आरोप प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया पर ₹3.44 करोड़ का जुर्माना लगाया है। ED ने इसके तीन डायरेक्टर्स पर भी ₹1.14 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना लगाया है। यह आदेश भारतीय विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत दिया गया।
जुर्माने की वजह: BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया, 100% FDI वाली कंपनी है। BBC डिजिटल न्यूज मीडिया है, लेकिन कंपनी ने FDI को 100% बनाए रखा। जबकि सरकार द्वारा 2019 में जारी आदेश के तहत डिजिटल मीडिया में FDI की सीमा 26% तय है, जिसे कंपनी ने नजरअंदाज किया। ED ने 4 अगस्त 2023 को BBC वर्ल्ड सर्विस इंडिया, इसके 3 डायरेक्टर और वित्त प्रमुख को कारण बताओ नोटिस भी दिया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. चैंपियंस ट्रॉफी का तीसरा मैच- साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 107 रन से हराया

चैंपियंस ट्रॉफी के तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 107 रन से हरा दिया। कराची के नेशनल स्टेडियम में पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट पर 315 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान 43.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गया।
मैच के हाईलाइट्स: साउथ अफ्रीका से रायन रिकेलटन ने सेंचुरी लगाई। वे प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। ऐडन मार्करम ने 52, टेम्बा बावुमा ने 58 और रासी वान डर डसन ने 52 रन बनाए। कगिसो रबाडा ने 3 और लुंगी एनगिडी ने 2 विकेट लिए। अफगानिस्तान से रहमत शाह ने 90 रन बनाए। मोहम्मद नबी को 2 विकेट मिले। पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- नेशनल: PM बोले-लीडरशिप पर विवेकानंद का मंत्र लेकर आगे बढ़ना है: उन्होंने कहा था- मेरे पास 100 लीडर्स हों तो देश को आजाद और नंबर वन बना सकता हूं (पढ़ें पूरी खबर)
- पॉलिटिक्स: भाजपा बोली- राहुल गांधी एंटी इंडिया फोर्स का हिस्सा: USAID फंडिंग पर कहा- मोदी को हटाने विदेशी ताकतों का चुनावों में दखल (पढ़ें पूरी खबर)
- मध्य प्रदेश: 89 हजार स्टूडेंट्स को लैपटॉप मिले: CM बोले- काग चेष्टा सबके जीवन में जरूरी; छात्रों ने कहा- लैपटॉप से पढ़ाई में मदद मिलेगी (पढ़ें पूरी खबर)
- स्पोर्ट्स: रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल- विदर्भ ने मुंबई को हराया: गुजरात के खिलाफ 2 रन की बढ़त के चलते फाइनल खेलेगा केरल (पढ़ें पूरी खबर)
- क्राइम: नेपाली स्टूडेंट सुसाइड केस, KIIT के 5 अन्य कर्मचारी अरेस्ट: अब-तक 3 डायरेक्टर समेत कुल 11 गिरफ्तार; 5 को जमानत मिली (पढ़ें पूरी खबर)
- नेशनल: भारत-पाकिस्तान के बीच फ्लैग मीटिंग, 4 साल में पहली बार:75 मिनट चर्चा; एक महीने में LoC पर गोलीबारी-ब्लास्ट की 5 घटनाएं हुईं (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: हमास ने इजराइल को गलत शव सौंपा: इजराइली सेना का दावा- दोनों बच्चों के शवों की पहचान हुई, पर तीसरी बॉडी उनकी मां की नहीं (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
मेक्सिको तट पर दिखी दुर्लभ मछली

मेक्सिको तट पर ओरफिश (Oarfish) नाम की दुर्लभ मछली देखी गई। लंबे, रिबन जैसे शरीर और चमकीले नारंगी पंखों वाली ये मछली समुद्र की गहराई में रहती है। तूफान की वजह से या मरने के बाद यह बहकर तट पर चली आती है। ओरफिश 36 फीट तक लंबी हो सकती है। जापानी लोककथाओं में इसे समुद्री देवता का मैसेंजर और भूकंप या सुनामी का संकेत माना जाता है।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…




सिंह राशि के लोग अपनी योजनाओँ पर काम शुरू कर पाएंगे। कुंभ राशि के लिए दिन शुभ रहेगा। जानिए आज का राशिफल…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…