हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू।
हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू आज (शनिवार को) दोपहर बाद शिमला से दिल्ली रवाना हुए। सीएम आज रात या कल दिल्ली में पार्टी हाईकमान से कांग्रेस संगठन और अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी है। इसके बाद संगठन बनाय
.
सीएम सुक्खू हाईकमान से मिलकर जल्द अध्यक्ष और संगठन बनाने की मांग कर सकते हैं, क्योंकि राज्य में दिसंबर-जनवरी में पंचायत और नगर निकाय चुनाव होने है। मगर कांग्रेस के पास अभी तक संगठन नहीं है। इससे कांग्रेस वर्कर मायूस है। पार्टी ऑफिस में एक साल से भी अधिक समय से सन्नाटा पसरा है।
अध्यक्ष के लिए राहुल गांधी कर चुके इंटरव्यू
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते साल 6 नवंबर को राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी भंग कर रखी है। हिमाचल कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा बार बार आग्रह करने के बावजूद अब तक संगठन नहीं बनाया गया और न ही अध्यक्ष की ताजपोशी की गई। हालांकि, राहुल गांधी बीते सप्ताह दिल्ली में अध्यक्ष पद के छह दावेदारों के इंटरव्यू कर चुके हैं। मगर फैसला नहीं हो पाया।

17 को उत्तरी क्षेत्रीय परिषद मीटिंग में भाग लेंगे सुक्खू
सीएम सुक्खू परसों यानी सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में फरीदाबाद में होने वाली उत्तरी क्षेत्रीय परिषद मीटिंग में शामिल होंगे। सीएम सुक्खू, इसमें बीबीएमबी के पास लंबित 4000 करोड़ रुपए से अधिक के एरियर का मसला उठा सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद बीबीएमबी हिमाचल को उसका एरियर नहीं दे रहा है। सीएम सुक्खू गृह मंत्री से एरियर का जल्द भुगतान करने का मसला उठा सकते हैं।
शानन प्रोजेक्ट वापस मांग सकते हैं सीएम
इस दौरान सीएम शानन प्रोजेक्ट का स्वामित्व भी हिमाचल को देने का मुद्दा उठा सकते हैं। पंजाब सरकार 100 साल की लीज पूरी होने के बावजूद यह प्रोजेक्ट हिमाचल को वापस देने को तैयार नहीं है।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस मीटिंग में आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, क्षेत्रीय विकास, कानून व्यवस्था और अंतरराज्यीय सहयोग जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ के उप-राज्यपाल/प्रशासक और मुख्यमंत्री भाग लेंगे।
इसमें राज्य सरकारों और संघ शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
