राजभवन के अशोक उद्यान में दोपहर 12.30 बजे मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। राज्यपाल संतोष गंगवार शपथ दिलाएंगे।
हेमंत सोरेन के सीएम पर की शपथ लेने के छह दिन बाद आज मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। राजभवन के अशोक उद्यान में दोपहर 12.30 बजे मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। 11 मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही हेमंत कैबिनेट पूरा हो जाएगा।
.
इस मंत्रिमंडल में जेएमएम से छह, कांग्रेस से चार और राजद से एक विधायक मंत्री बनेंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शपथ ग्रहण के निर्धारित समय से एक घंटे पहले सभी विधायक राजभवन पहुंच जाएंगे।
प्रोटेम स्पीकर भी लेंगे शपथ
जानकारी के मुताबिक राज्यपाल संतोष गंगवार सबसे पहले प्रो. स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद कैबिनेट मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। सरकार के कामकाज में तेजी आए, इसके लिए मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभागों का भी बंटवारा हो जाएगा। बता दें कि हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को अकेले ही मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
समारोह में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर और राजद के प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कई अन्य के भी शामिल रहने की संभावना है।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/12/04/_1733314434.jpg)
कांग्रेस खेमे में हुआ मंथन, फिर नाम हुआ तय
मंत्रिमंडल विस्तार में हुई देर के पीछे कांग्रेस खेमे में मंत्रियों के नाम फाइनल नहीं हो पाना है। दिल्ली दरबार में चले मंथन के बाद मंत्रियों के नाम फाइनल किए गए। मंत्रियों के नाम कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे, आला नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बैठक के बाद की है।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/12/04/whatsapp-image-2024-11-30-at-95235-am_1733314495.jpeg)