- Hindi News
- Jeevan mantra
- Dharm
- Chauth Mata Temple Is Built Of Marble On A Hill 1,000 Feet High. Know The Special Things Related To The Temple., Rajasthan Chauth Mata Temple, Karva Chauth 2025
2 दिन पहले
- कॉपी लिंक

मंदिर में स्थापित चौथ माता और भगवान की प्रतिमाएं।
आज (10 अक्टूबर) करवा चौथ है। सुहागिन महिलाओं के लिए ये महाव्रत है। इस व्रत से महिला को अखंड सौभाग्य मिलता है, उसे जीवन साथी को अच्छी सेहत, लंबी उम्र मिलती है, घर-परिवार में सुख-शांति और प्रेम बना रहता है। करवा चौथ पर राजस्थान के चौथ माता मंदिर में दर्शन-पूजन करने हजारों भक्त पहुंचते हैं। जानिए इस मंदिर से जुड़ी खास बातें…
कब बना था ये मंदिर
चौथ माता का ये मंदिर राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा में है। इस मंदिर को 1451 में भीम सिंह नाम के राजा ने बनवाया था। ये मंदिर अरावली पर्वतमाला की श्रृंखला की चोटी पर स्थित है। इस पहाड़ी की ऊंचाई करीब एक हजार फीट है। मंदिर सफेद संगमरमर से बना हुआ है।
चौथ माता के मंदिर में करवा चौथ पर महिलाएं खासतौर पर आती हैं। नवरात्रि में भी देवी के दर्शनों के लिए हजारों भक्त रोज आते हैं। मंदिर में देवी मां के साथ भगवान गणेश और भैरव महाराज की भी मूर्तियां स्थापित हैं।

जयपुर से 170 किमी दूर है चौथ माता मंदिर
चौथ माता मंदिर जयपुर से करीब 170 किमी दूर है। जयपुर से चौथ माता मंदिर तक पहुंचने के लिए बस, रेल और प्राइवेट कैब आसानी से मिल जाती है। सवाई माधौपुर से इस मंदिर की दूरी करीब 5 किमी है।
मंदिर से जुड़ी लोक कथा
मान्यता है कि पुराने समय में राजा भीम सिंह को चौथ माता ने सपने में दर्शन दिए थे और इस पहाड़ी पर मंदिर बनवाने के लिए आदेश दिया था।
यहां प्रचलित लोक कथा के मुताबिक, राजा भीम सिंह एक बार शिकार पर गए तो रास्ता भटक गए थे, रात होते-होते राजा की भूख-प्यास की वजह से हालत बिगड़ रही थी। तभी जंगल में बारिश होने लगी। बारिश के पानी से राजा ने प्यास बुझाई। पानी पीने के बाद राजा को वहां एक छोटी कन्या दिखाई दी। माना जाता है कि वह कन्या देवी चौथ माता ही थीं।
जब राजा ने उस कन्या से उसके बारे में पूछा तो वह अपने असली चौथ माता स्वरूप में आ गईं। राजा ने देवी को प्रणाम किया और प्रार्थना की थी कि अब आप मेरे ही राज्य में रहें। देवी ने राजा की ये प्रार्थना स्वीकार कर ली। इसके बाद राजा ने यहां देवी चौथ माता का मंदिर बनवाया।