कोलकाता1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

शनिवार को शुभमन बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन 3 गेंद खेलने के बाद दर्द के कारण गर्दन पकड़कर मैदान से बाहर चले गए।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल को शनिवार शाम कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स स्टेडियम में चल रहे पहले टेस्ट में गर्दन में ऐंठन की वजह से अपनी पारी बीच में छोड़ दी थी। फिर वे बैटिंग करने नहीं उतरे। गिल को रातभर निगरानी में रखा जाएगा।
ऐसे में रविवार को मैच के तीसरे दिन शुभमन के खेलने पर संदेह है। उनकी जगह ऋषभ पंत कप्तानी करेंगे। टीम के सूत्रों के मुताबिक कप्तान शुभमन के आगे खेलने को लेकर अंतिम फैसला रविवार सुबह मेडिकल अपडेट मिलने के बाद किया जाएगा।
सुबह मैच से पहले शुभमन को मेडिकल स्टाफ के साथ गर्दन की एक्सरसाइज करते देखा गया था। गिल को पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान गर्दन में अकड़न की समस्या हुई थी।
गिल ने चौके से खाता खोला, फिर गर्दन पकड़ ली

शुभमन ने गेंद को स्वीप किया और फिर दर्द से कराहते हुए तुरंत अपनी गर्दन पकड़ ली।
कप्तान गिल वॉशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद 35वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने मैदान पर आते ही साइमन हार्मर के बॉल पर चौका लगाकर अपना खाता खोला, लेकिन तीसरे गेंद पर स्वीप खेलने के प्रयास में उनके गर्दन में परेशानी हुई।
इसके बाद फिजियो आए और गिल उनके साथ मैदान से बाहर चले गए। वे भारतीय पारी में महज 4 रन ही बना सके। उन्हें स्टेडियम से एक निजी अस्पताल में स्कैन के लिए ले जाया गया। इस दौरान उन्हें गर्दन में ब्रेस पहने हुए देखा गया। ईडन से निकलते समय उनके साथ टीम के डॉक्टर और संपर्क अधिकारी भी थे।
शुभमन को लेकर BCCI ने दिया था अपडेट
BCCI ने दोपहर में गिल का हेल्थ अपडेट दिया था। बोर्ड ने बताया था कि गिल की गर्दन में ऐंठन है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। रविवार को उनके खेलने पर फैसला उनकी प्रगति के आधार पर लिया जाएगा।
गेंदबाजी कोच बोले- गिल बहुत फिट, अपना ख्याल रखते हैं दिन के खेल के बाद भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने गिल की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मोर्कल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा- गिल बहुत फिट खिलाड़ी हैं, वह अपना बहुत अच्छे से ख्याल रखते हैं। आज सुबह वे गर्दन में अकड़न के साथ उठे और दिन भर उनकी यही स्थिति बनी रही।
मोर्कल ने कहा- मैच के लिहाज से आज का दिन हमारे लिए बहुत अहम था। हमें गिल की बल्लेबाजी के साथ एक और साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन आज की टाइमिंग खराब थी।
————————
भारत-साउथ अफ्रीका सीरीज से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
कोलकाता टेस्ट- खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स हुआ, साउथ अफ्रीका 63 रन से आगे, भारत 189 रन पर ऑलआउट

साउथ अफ्रीका कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन भारत के खिलाफ 63 रन से आगे है। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शनिवार को भी खराब रोशनी के कारण जल्दी स्टंप्स कर दिया गया। आज 77 ओवर ही डाले जा सके, जबकि 13 ओवर बाकी रह गए। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 93 रन बनाने में 7 विकेट गंवा दिए हैं। इससे पहले इंडिया ने पहली पारी में 9 विकेट पर 189 रन बनाए। पूरी खबर पढ़ें…
