Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar | भास्कर अपडेट्स: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सेना का वाहन खाई में गिरा, 4 जवान घायल, दो की हालत गंभीर


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मंगलवार रात सेना का आर्मडा वाहन खाई में गिर गया। इस घटना में 4 जवान घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटना पहाड़ी जिले के मंजाकोट इलाके की है।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

लेबनान में एकसाथ कई पेजर में ब्लास्ट, 1000 से ज्यादा लोग घायल, ईरान के राजदूत भी जख्मी​​​​​​​

लेबनान में एकसाथ कई पेजर फटने का मामला सामने आया है। इसमें एक हजार से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। ईरान के स्टेट मीडिया के मुताबिक, इस घटना में उनके राजदूत मुज्तमा अमानी भी घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, जिन लोगों को निशाना बनाया गया है, वे हिजबुल्लाह आतंकी संगठन के मेंबर्स हैं। इन विस्फोट के पीछे इजराइल की तरफ से की गई हैकिंग का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इजराइल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

ED की गिरफ्तारी के विरोध में AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें उन्होंने ED की उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। उनकी याचिका पर इस सप्ताह के आखिर में सुनवाई होने की संभावना है।

ED ने 2 सितंबर को ओखला सीट से विधायक अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किया था। उन पर दिल्ली वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष रहते हुए 32 लोगों की अवैध भर्ती कराई और फंड का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है।

साथ ही वक्फ की संपत्तियों को किराए देने का आरोप है। ED पहले भी 2 बार अमानतुल्लाह से पूछताछ कर चुकी है। अरेस्ट किया था।

नितिन गडकरी ने गाजियाबाद में कहा- पराली के ईंधन से चलेंगे हवाई जहाज

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को गाजियाबाद में कहा कि मैं जिस गाड़ी से चलता हूं, वह पराली से बने ईंधन से चलती है। जल्द ही हवाई जहाज भी पराली ईंधन से चलेंगे। गडकरी ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मेंटेनेंस पर नाराजगी जताई। NHAI के अधिकारियों-कर्मचारियों और निर्माण कंपनियों से कहा- अच्छा काम करेंगे तो हम अवॉर्ड देंगे। अच्छा काम नहीं करेंगे तो NHAI से तुम्हारी छुट्टी करेंगे। अब रोड का रिकॉर्ड बहुत हो गया। हम विश्व का सबसे बड़ा रोड नेटवर्क बन गए हैं। अब हमें लोगों को रिटायर और सस्पेंड करने का रिकॉर्ड बनाना है। पूरी खबर पढ़ें…

महा विकास आघाड़ी की कल से मुंबई में मीटिंग, 3 दिन तक सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए महा विकास अघाड़ी (MVA) के तीनों सहयोगी 18 से 20 सितंबर तक सीट शेयरिंग पर बातचीत करेंगे। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा- चुनाव लड़ने वाली सीटों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और इस बैठक के दौरान तय होने वाला फार्मूला अंतिम होगा। सीटें तय करने के लिए जीतने की संभावना ही मापदंड होगी।

अशनीर ग्रोवर को मिली विदेश जाने की परमिशन

दिल्ली हाईकोर्ट ने अशनीर ग्रोवर और उनकी पत्नी माधुरी जैन को दोहा और यूनाइटेड किंगडम ट्रैवल करने की परमिशन दे दी है। उनके खिलाफ LOC (लुक आउट सर्कुलर) है। वे परमिशन लेने के लिए कोर्ट गए थे। दिल्ली पुलिस ने उनकी याचिका का विरोध किया था।

यूपी के फिरोजाबाद में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 5 की मौत, 10 घायल; 6 मकान ढहे

यूपी के फिरोजाबाद में सोमवार देर रात पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। धमाके से एक-एक कर 6 मकान ढह गए। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई। 10 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। और लोगों के दबे होने की आशंका है।

फायर ब्रिगेड, पुलिस की टीमें रेस्क्यू में लगी हैं। बुलडोजर से मलबे को हटया जा रहा है। हादसा रात 10:10 बजे नौशेरा गांव में हुआ। हादसे के बाद पुलिस टीम पहुंची तो गुस्साए लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें…

मणिपुर के चार जिलों में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई

मणिपुर के बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व और थोउबल जिलों में आज सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है ताकि लोग जरूरी सामान खरीद सकें। हालांकि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी सभा, बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही, धरना या रैली के लिए अब भी कर्फ्यू लागू रहेगा।

इंफाल पूर्व के जिलाधिकारी ने आदेश में कहा कि जिले में 1 सितंबर से कर्फ्यू लागू है, लिहाजा लोगों को दवाइयां और खाद्य सामग्री जैसी जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए प्रतिबंध में ढील देना जरूरी है।

वहीं, मणिपुर सरकार ने सोमवार को 5 हिंसा प्रभावित जिलों में मोबाइल इंटरनेट बैन बढ़ा दिया। मणिपुर के गृह सचिव ने रविवार को बताया कि इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग के लोग 20 सितंबर तक मोबाइल इंटरनेट नहीं चला सकेंगे।

दरअसल, मणिपुर में अचानक बढ़ी हिंसक घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने 10 सितंबर को 5 दिन के लिए इंटरनेट पर बैन लगाया था। हालांकि, 12 सितंबर को ब्रॉडबेन्ड इंटरनेट से बैन हटा लिया गया था।

नवी मुंबई में नाबालिग का यौन शोषण करने के आरोप में 73 साल का शख्स गिरफ्तार

नवी मुंबई के पंचशील नगर में पुलिस ने 73 साल के एक शख्स को नाबालिग लड़की के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और विक्टिम दूर के रिश्तेदार हैं और कटकरी पाड़ा इलाके में एक-दूसरे के पड़ोस में रहते हैं। जब विक्टिम के परिवार को मामले के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर POCSO के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *