जमुई में शुक्रवार को सड़क हादसे में एक की मौत हो गई। मांगोबंदर पुल से बोलेरो के नीचे गिर जाने से दुर्घटना घटी है। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर हुआ है।
.
मृतक की पहचान शेखपुरा के चित्तौड़ा गांव निवासी जोगिंद्र राम उर्फ जोगी राम(60) के रूप में की गई है। घायल प्रलय शंकर सिंह और पिंकू महतो को जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों भी चित्तौड़ा गांव के ही निवासी हैं।
आंधी के कारण बेकाबू होकर गिरी गाड़ी
बताया जा रहा है कि तेज आंधी के कारण बोलेरो बेकाबू होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के समय बोलेरो में सवार सभी लोग बोकारो में प्रलय शंकर सिंह की भतीजी के तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।
राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद पीछे से आ रहे राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।”