एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। 81 में से 68 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी और 10 सीटें आजसू को मिलेगी। लोजपा भी इस चुनाव में अपनी भागीदारी की मांग पर अड़ी है। इससे मामला अटक गया है। जदयू के खाते में तीन सीट गई है। लोजपा जिद पर रही तो
.
एनडीए में सीट शेयरिंग में इस बार एक नया प्रयोग हो रहा है। दरअसल, आजसू बड़कागांव सीट से अपने नेता रोशनलाल को लड़ाना चाहता था। आजसू के गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के भाई रोशनलाल पहले भी आजसू टिकट पर यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। मामला फंसा तो तय हुआ कि रोशनलाल बड़कागांव से ही लड़ेंगे, लेकिन भाजपा के टिकट पर। अब वे भाजपा की सदस्यता लेंगे, इसके बाद बड़कागांव से पार्टी उन्हें प्रत्याशी घोषित करेगी।
दरअसल आजसू बड़कागांव के साथ मांडू सीट पर भी दावा कर रहा था। लेकिन भाजपा को यह मंजूर नहीं था। मांडू से आजसू के तिवारी महतो के नाम पर चर्चा शुरू हुई, लेकिन बात अटक गई। फिर बड़कागांव सीट से भाजपा की टिकट पर रोशनलाल को मांडू से आजसू के तिवारी महतो को उतारने पर बात बनी।
वामदलों से समझौता हुआ तो तीनों पार्टियां अपने कोटे से सीट देगी
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता रामेश्वर उरांव सहित वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुला लिया है। वे मंथन कर रहे हैं। झामुमो के नेता भी गुरुवार को कांग्रेस के साथ बैठक करेंगे। हालांकि, राजद समेत तीनों पार्टियां पिछले विधानसभा चुनाव में हुए सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर ही चल रही है। पिछली बार झामुमो 41, कांग्रेस 33 और राजद 7 सीटों पर लड़ी थी। गठबंधन के दो बड़े घटक दल कांग्रेस और झामुमो इसी फॉर्मूले को दोहराना चाहता है।
ऐसे में लगभग तय है कि पुराने फॉर्मूले के साथ ही घटक दलों के लिए संभावनाएं तलाशी जाएंगी। अगर वामदलों से समझौता हुआ तो तीनों घटक दलों को अपने-अपने हिस्से से उन्हें सीट देना होगा। गुरुवार को होने वाली बैठक में इस पर सहमति बनने के आसार हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पिछले झारखंड दौरे में हेमंत सोरेन से कहा था कि कांग्रेस-झामुमो के बीच सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक से पहले घटक दलों के साथ रांची या दिल्ली में बैठक की जाए। उन्होंने सीएम से मिलकर इस संबंध में बात भी की थी।
सुदेश महतो की पार्टी आजसू 10 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाह रही है। फाइल फोटो
10 सीटों पर संतुष्ट नहीं आजसू, चार और सीटों के लिए दबाव बना रहा
आजसू को इस बार 10 सीटें मिली हैं। लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक वह और चार सीटों के लिए भाजपा पर दबाव बना रहा है। सूत्रों का कहना है कि बड़कागांव विधानसभा सीट से आजसू नेता रोशनलाल को भाजपा के टिकट पर उतारने को लेकर भी पार्टी सहमत नहीं है। पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का दबाव है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार न करे।
गौरतलब है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आजसू को सात सीटें दी थीं। आजसू तैयार नहीं हुआ और गठबंधन टूट गया। इसका नुकसान दोनों पार्टियों को उठाना पड़ा था।सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों की दिल्ली में हो सकती है बैठकदिल्ली में गठबंधन की बात आगे बढ़ी ताे घटक दल के प्रतिनिधियों काे भी दिल्ली बुलाया जा सकता है। फिर दिल्ली के बाद रांची में भी घटक दलों की बैठक हाेगी, जिसमें सीटों को लेकर सबकुछ तय किया जाएगा। चुनाव की घोषणा हाे चुकी है। समय भी काफी कम है। पहले चरण में 13 नवंबर को दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है।
इसलिए इंडिया गठबंधन जल्द से जल्द सीट शेयरिंग काे अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहा है ताकि सभी घटक दल भी जल्द से जल्द अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकें। और उन्हें अपने क्षेत्र में जाने का मौका मिल सके।
राहुल रांची आएंगे, सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला 19 को संभव
19 अक्टूबर को राहुल गांधी एक कार्यक्रम में भाग लेने रांची आ रहे हैं। तेजस्वी यादव भी उस दिन रांची में रहेंगे। उस दिन इन दोनों नेताओं की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है।
राहुल गांधी 19 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे और गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे। फाइल फोटो
सूत्रों का कहना है कि चूंकि गठबंधन के प्रमुख घटक दलों के नेता एक साथ जुटेंगे। इससे पहले सभी पार्टियां यह तय कर लेंगी कि किसे कितनी और किस सीट से चुनाव लड़ना है। गौरतलब है कि चुनाव की तैयारियों को लेकर तेजस्वी 18 अक्टूबर को ही रांची पहुंच जाएंगे। वहीं राहुल गांधी 19 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे।
आज दिल्ली में जारी हो सकती है भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची
भाजपा गुरुवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेकर बुधवार को रांची लौटे प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा दिल्ली में की जाएगी। बैठक में प्रत्याशियों के साथ ही चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई है। वहीं नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा जल्दी ही प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि चुनाव की घोषणा होने के 48 घंटे के भीतर पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी।
इंडिया गठबंधन में इस बार वाम दलों की एंट्री होना लगभग तय
पिछले चुनाव में कांग्रेस-झामुमो और राजद मिलकर चुनाव लड़ा था। इसी हिसाब से सीटों का बंटवारा हुआ था। जबकि इस बार इंडिया गठबंधन का कुनबा बढ़ने वाला है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में वामदल भी इंडिया गठबंधन में शामिल हुआ है। माले को कोडरमा लोकसभा सीट मिली थी।
लोकसभा चुनाव के बाद माले और मासस का विलय हो गया। माले पहले ही गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुका है। विलय के बाद अब माले कम से कम सात सीटें चाहता है। लेकिन उसे दो सीटें बगोदर और निरसा मिल सकती है। वहीं सीपीआई भी गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ना चाहती है।
रांची से नवीन जायसवाल, हटिया से अजय नाथ हो सकते हैं प्रत्याशी
सूत्रों का कहना है कि भाजपा हटिया विधायक नवीन जायसवाल को रांची सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। वहीं खाली होने वाली हटिया सीट से अजय नाथ शाहदेव पर दांव खेल सकती हे। अजय नाथ कांग्रेस के नेता हैं और वे हटिया से कांग्रेस टिकट के लिए सक्रिय है। इसके लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पहले विचार किया था, लेकिन बात अटक गई थी। कुछ दिन पहले भाजपा के एक बड़े नेता के साथ अजय नाथ शाहदेव की फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद फिर से यह मामला पटरी पर लौटा। संभावना है कि अजय नाथ जल्दी ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा दिल्ली में की जाएगी। फाइल फोटो
भाजपा 68, आजसू 10 सीटों पर लड़ेगी
झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही सभी पार्टियां रेस हो गई हैं। सीट शेयरिंग के लिए धुआंधार बैठकें चल रही हैं। लेकिन कहीं न कहीं पेंच फंस रहा है। इसे सुलझाने के लिए माथापच्ची हो रही है। एनडीए में प्रमुख पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। लेकिन जदयू और लोजपा का मामला फंसा है। वहीं इंडिया गठबंधन में भी झामुमो-कांग्रेस व राजद की सीटें लगभग तय है। पर वामदलों को सीट देने का मामला अटका है। इसे सुलझाने के लिए गठबंधन में माथापच्ची चल रही है।
ये खबर भी पढ़ें
झारखंड में दो फेज में होगा विधानसभा चुनाव:13 और 20 नवंबर को वोटिंग; 23 को आएंगे नतीजे
झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरण में होंगे। दिल्ली में निर्वाचन आयोग ने पीसी कर इसका ऐलान कर दिया है। 13 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग होगी, जिसमें 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दूसरे फेज की वोटिंग 20 नवंबर को होगी, जिसमें 38 सीट पर वोट डाले जाएंगे। 23 नवंबर को काउंटिंग होगी और नतीजे आएंगे। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर