.
बदलाव की शुरुआत खुद से करनी होती है। दैनिक भास्कर ने इसी विचार के साथ विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान की शुरुआत की। जन-जन को हरियाली बचाने और पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने के भास्कर परिवार ने इस महाभियान का शुभारंभ खुद से किया है।
भास्कर ग्रुप के देशभर से सभी परिसरों में पौधे लगाए गए। बाड़मेर, बालोतरा व जैसलमेर ऑफिस में भी हर सदस्य ने पौधे लगाए। ये पौधे दफ्तर, प्लांट और घर या फिर आस-पास के पार्क सहित ऐसी जगह लगाए गए जहां इनकी देखभाल की जा सके। इसी के साथ ही सभी साथियों को ईको फ्रेंडली जूट बैग भी दिए, ताकि हम सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम कर सकें।
भास्कर परिवार के सभी साथियों ने पौधरोपण करते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया पर भी शेयर की, जिससे अन्य भी पौधरोपण के लिए प्रेरित हों। पर्यावरण को सहेजने की दिशा में हम सभी को सार्थक प्रयास करने होंगे। दैनिक भास्कर के इस आयोजन में शहर की सामाजिक-धार्मिक और पर्यावरण प्रेमी संस्थाएं भी हिस्सेदार बनीं। शहर में अलग-अलग स्थानों पर दैनिक भास्कर की पहल पर ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान से जुड़कर पौधरोपण की शुरुआत की गई। मानसून के पूरे सीजन में हर एक नागरिक को कम से कम एक पेड़ लगाने का संकल्प लेना होगा। थार को हरा-भरा बनाए रखने की दिशा में यह हमारा सार्थक कदम होगा।