नवादा में मंगलवार की रात हुए आरती हत्याकांड में पुलिस अब तक हत्यारों के नजदीक भी नहीं पहुंच सकी है। यह मर्डर मिस्ट्री का रूप लेता जा रहा है। आरती के पिता के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रुकवाई और फायरिंग कर दी। बेटी ने कहा-पापा
.
इधर, मृतका के पिता मनोज कुमार यादव और परिजनों को शाहपुर थाना पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। दरअसल, कोडरमा (झारखंड) से डीएलएड का असाइनमेंट जमा कर पिता संग बेगूसराय आ रही आरती की बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। देर रात उसका शव बेगूसराय लाया गया। मृतका की मां रंजना देवी, बड़ी बहन प्रतिभा, छोटी बहन स्वाति और भाई यथार्थ के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
आरती के शव को मुखाग्नि देने वाले चाचा रामविलास यादव भी बस हर किसी को एकटक देख रहे हैं। वह भी नहीं सोच पा रहे हैं कि क्या हो गया। मनोज यादव की बड़ी बेटी प्रतिभा इनकम टैक्स ऑफिसर है। जबकि आरती और स्वाति ग्रेजुएशन करने के बाद दरोगा बनने की तैयारी कर रही थी। बेटा यथार्थ सभी बहनों में छोटा है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है।

आरती कोडरमा के एक प्राइवेट डीएलएड कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी। (फाइल)
दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी के अलावे आरती कोडरमा के एक प्राइवेट डीएलएड कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज में अलीशा उर्फ आरती का असाइनमेंट और माइग्रेशन पेपर जमा होना था। इसके लिए मनोज कुमार यादव ने अपने परिचित ग्रामीण विनोद साह की स्विफ्ट डिजायर कार ली और सुबह 5 बजे बेटी को लेकर कोडरमा चले गए।
गिरियक के आसपास चाय पी थी
मनोज यादव ने बताया कि कॉलेज में पेपर जमा करने के बाद मनोज 3:10 बजे वहां से निकले। आरती कार में पीछे बैठी थी। शहर से दो-तीन किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद एक पेट्रोल पंप के पास दोनों ने खाना खाया और घर वापस आने के लिए वहां से रवाना हुए। रास्ते में गिरियक के आसपास एक दुकान पर बैठकर चाय पी। इसके बाद आगे बढ़े, लेकिन करीब 1 किलोमीटर के बाद ही एक बाइक चालक ने उनकी कार को रुकने का इशारा किया।
उस बाइक के पास दो लोग खड़े थे, एक के पास बैग था, जबकि दूसरा बाइक पर बैठा था। अंधेरा हो जाने के कारण मनोज कोस शंका हुई तो उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ते गए। उनके आगे बढ़ते ही बाइक सवार दोनों ने पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 2 किलोमीटर आगे शाहपुर थाना क्षेत्र के पार्वती पहाड़ के पास उनकी कार को ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोली चलानी शुरू कर दी।
आरती के सीने में गोली मार दी और भाग गए
इस दौरान एक बदमाश ने जब गेट खोलकर मनोज यादव को बाहर निकालने का प्रयास किया तो उन्होंने धक्का देकर बदमाशों को गिराते हुए अंधेरे में आगे की ओर निकल भागे। इसके बाद बदमाशों ने पीछे की सीट पर बैठी आरती के सीने में गोली मार दी और भाग गए। मनोज वापस पहुंचे तो आरती ने बस इतना कहा ‘पापा बचा लीजिए, गोली मार दी।’

गांव में तरह-तरह की चर्चा इधर, गांव के कुछ लोग इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं तो अधिकांश लोगों का कहना है कि लड़की स्वभाव से काफी सौम्य और मिलनसार थी। पढ़ने में काफी तेज थी। घर से निकलती तक नहीं थी, उसका प्रेम संबंध कैसे होगा। कुछ लोग इसे रोडरेज से भी जोड़ कर देख रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि जिस तरीके से सीने में गोली मारी गई है यह किसी शूटर का काम होगा।
अनिता के पिता मनोज कुमार यादव ने बताया कि मेरी बेटी बाहर रहकर पढ़ती थी, कंपटीशन की तैयारी कर रही थी। दरोगा का पीटी और मेंस हो गया था, फिजिकल भी हो गया था, मेरिट नहीं बना था। डेढ़ साल से वह घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। हमने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए वाईफाई भी लगवाया था। इसी बीच शिक्षक बनने का विचार आया तो उसका कोडरमा में एडमिशन कराया था। उसे सरकारी सेवा में भेजने के साथ-साथ शादी का भी सपना देख रहे थे। लेकिन सारे सपने दो-चार मिनट में टूट गए।

आरती के शव को उसके चाचा रामविलास यादव ने मुखाग्नि दी।
नवादा में पीएचसी के डॉक्टर ने कहा- गोली चलने की वजह से हार्ट अटैक हुआ दरअसल, मंगलवार रात में घटना के बाद आरती को जिस शेखोपुर सराय पीएचसी में सबसे पहले ले जाया गया, वहां के डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत की बात कही। इसके बाद पुलिस को भी यही बात बताई गई। यहां तक की एफएसएल की टीम भी मौके पर गई लेकिन कोई स्पष्ट बात सामने नहीं आई। दोपहर तक यही कहा गया कि गोली चलने के कारण हार्ट अटैक के कारण मौत हुई है। बाद में एक्स-रे हुआ तो मृतका के सीने में गोली धंसी मिली। बाद में पोस्टमॉर्टम के दौरान गोली निकाली गई।
सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा: डीएसपी
इधर, नवादा पकरीबरावां डीएसपी महेश चौधरी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल चल रही है। सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्दी मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।