हिमाचल के बिलासपुर में गोलीकांड में घायल सौरभ पटियाल को अस्पताल ले जाते हुए।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कोर्ट परिसर में वीरवार दोपहर बाद फायरिंग की घटना पेश आई। इसमें बिलासपुर के घुमारवी का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बिलासपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्स रेफर किया गया। जहां उसकी हालत खतरे स
.
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने वाला आरोपी सन्नी गिल पुत्र जिंदर सिंह पंजाब के लुधियाना में किला मोहल्ला का रहने वाला है। आरोपी लुधियाना में कसाई की दुकान में झाड़ू मारने का काम करता है। बताया जा रहा है कि सन्नी गिल पर पहले भी कई मुकद्दमे चल रहे हैं। आरोपी ने किसके कहने पर और क्यों गोली चलाई, पुलिस इसकी पूछताछ कर रही है।

बिलासपुर में गोलीकांड के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग और वह गाड़ी जिसके शीशे पर भी एक गोली लगी है।
सौरभ पटियाल अपने दोस्तों के साथ वीरवार को बिलासपुर कोर्ट पेशी के लिए आया था। इस दौरान सन्नी गिल ने उस पर फायर कर दिया। दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
पूर्व MLA पर हमले के आरोपी को लगी गोली
पुलिस के अनुसार, सौरभ पटियाल गोलीकांड में घायल हुआ है। सौरभ पटियाल कांग्रेस के बिलासपुर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमले का मुख्य आरोपी था। दरअसल, चार महीने पहले बंबर ठाकुर पर सौरभ कालिया समेत चार लोगों ने हमला किया था और वह बुरी तरह लहूलुहान हुए।
लिहाजा बीते वीरवार के गोलीकांड को उस झगड़े से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

गोलीकांड के बाद बिलासपुर में प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यकर्ता।
डीआईडी मंडी रेंज घटना स्थल पर पहुंचे
इस घटना के बाद मंडी रेंज के डीआईजी जी शिवा कुमार भी बिलासपुर मुख्यालय पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि देसी कट्टे से गोली चलाई है। हथियार को भी बरामद कर दिया गया है। इस मामले में 307 का मुकद्दमा बनता है। उन्होंने बताया कि अब तक की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक बेकग्राउंड रहा है। उस पर पहले ही तीन मुकद्दमे चल रहे हैं।
डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि गोली चलाने वाले आरोपी को सन्नी को गिरफ्तार कर दिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि उसने किसके कहने पर गोली चलाई।’
बिलासपुर में भाजपा ने किया प्रदर्शन
इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बिलासपुर में रोष रैली निकाली और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि दिन-दहाड़े कोर्ट परिसर में गोली चलना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि इस हमले के पीछे कांग्रेस के पूर्व विधायक का नाम आ रहा है।