बिहार में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र ने औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को सताएगी।
.
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, दक्षिणी पश्चिमी मानसून पश्चिम बंगाल के इस्माइलपुर तक पहुंच चुका है। बिहार में मानसून आने का समय 15 से 18 जून के बीच है।

किशनगंज में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
7 मई को राज्य के दक्षिण मध्य और दक्षिण पश्चिम भाग के एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य भागों के एक या दो स्थानों पर गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है।
8 मई को राज्य के दक्षिण मध्य और दक्षिण पश्चिम भाग के एक या दो स्थानों पर लू की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर गर्म और आर्द्र दिन रहने का अनुमान है।
9 मई को राज्य के जमुई, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम भाग के एक या दो स्थानों पर लू की संभावना है। वहीं राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य भागों के जिलों के एक या दो स्थानों पर गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आज किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगरिया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही, इन जिलों में बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

मुजफ्फरपुर में चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर पसरा है सन्नाटा।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में गुरुवार को चिलचिलाती धूप निकलेगी, जिससे लोग उमस भरी गर्मी से पूरे दिन परेशान होंगे। अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस हफ्ते पटना का अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
