हिमाचल प्रदेश में 62 प्रत्याशी चुनावी मैदान में पसीना बहा रहे हैं। इनमें चार लोकसभा सीटों के लिए 37 दावेदार और छह विधानसभा उप चुनाव के लिए 25 उम्मीदवार मैदान हैं। इनका भाग्य एक जून को EVM में कैद हो जाएगा।
.
लोकसभा की सभी सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में सीधी टक्कर है, जबकि विधानसभा उप चुनाव में 2 सीटों पर BJP के बागियों ने मुकाबला त्रिकोणीय बनाया है। वहीं विधानसभा की 4 अन्य सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में ही मुख्य टक्कर है।
मंडी में 10 दावेदार बचे
मंडी सीट पर कुल 10 दावेदार मैदान में है। प्रकाश चंद भारद्वाज बसपा, विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस, नरेंद्र कुमार राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी, विनय कुमार अखिल भारतीय परिवार पार्टी, कंगना रनोट बीजेपी, महेश कुमार सैनी हिमाचल जनता पार्टी और दिनेश कुमार भाटी, सुभाष मोहन स्नेही, राखी गुप्ता तथा आशुतोष महंत निर्दलीय के तौर पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

शिमला लोकसभा में सबसे कम 5 दावेदार
प्रदेश की चारों लोकसभा में सबसे कम 5 दावेदार शिमला सीट पर है। यहां राष्ट्रीय देव भूमि पार्टी के सुरेश कुमार, अखिल भारतीय परिवार पार्टी के मदन लाल, कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी, बीजेपी के सुरेश कश्यप और बसपा के अनिल कुमार मैदान में है। इस सीट पर सुरेश कश्यप और विनोद सुल्तानपुरी में मुख्य मुकाबला है। यहां से सुरेश कश्यप सीटिंग MP है,जबकि विनोद सुल्तानपुरी कसौली विधानसभा से विधायक है।

कांगड़ा में 10 दावेदार आजमा रहे भाग्य
कांगड़ा सीट में 10 दावेदार चुनावी मैदान में है। BJP के राजीव भारद्वाज, अचल सिंह निर्दलीय, आनन्द शर्मा कांग्रेस, नारायण सिंह डोगरा हिमाचल जनता पार्टी, रेखा रानी बसपा, केहर सिंह निर्दलीय, भुवनेश कुमार, जीवन कुमार, देव राज तथा एडवोकेट संजय शर्मा निर्दलीय मैदान में हैं। यहां पर भी आनंद और राजीव भारद्वाज में मुकाबला है।

हमीरपुर में सबसे ज्यादा 12 उम्मीदवार
हमीरपुर सीट पर सबसे ज्यादा 12 दावेदार चुनाव लड़ रहे हैं। रमेश चंद सारथी निर्दलीय, हेम राज बसपा, गोपी चंद निर्दलीय, गरीब दास कटोच निर्दलीय और अरुण अंकेश स्याल एकम स्नातन भारत दल, सतपाल सिंह रायजादा कांग्रेस, कुलवंत सिंह भारतीय जवान किसान पार्टी, अनुराग ठाकुर बीजेपी, जगदीप कुमार राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी, सुमित अखिल भारतीय परिवार पार्टी, सुरेंद्र कुमार तथा नंद लाल निर्दलीय मैदान में है।

धर्मशाला में त्रिकोणीय मुकाबला
धर्मशाला विधानसभा उप चुनाव के लिए कुल चार दावेदार मैदान में है। मगर यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी के सुधीर शर्मा, कांग्रेस के देवेंद्र सिंह जग्गी और बीजेपी के बागी एवं निर्दलीय राकेश कुमार चौधरी के बीच है। यहां पर सतीश कुमार भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। राकेश चौधरी 2022 का चुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ चुके हैं।

लाहौल-स्पीति में मारकंडा ने रोचक बनाया मुकाबला
वहीं लाहौल-स्पीति विधानसभा में कांग्रेस की अनुराधा राणा, बीजेपी रवि ठाकुर और भाजपा के बागी निर्दलीय राम लाल मारकंडा में त्रिकोणीय मुकाबला है। पूर्व मंत्री मारकंडा के मैदान में उतरने से यहां बीजेपी की मुश्किलें बढ़ी है और बीजेपी का वोट बैंक डिवाइड हो सकता है।

कुटलैहड़ में 4 दावेदार
कुटलैहड़ में कांग्रेस के विवेक शर्मा, भाजपा के देवेंद्र कुमार भुट्टो, निर्दलीय चंचल सिंह और निर्दलीय राजीव शर्मा चुनावी मैदान में है। यहां पर भी देवेंद्र भुट्टो और विवेक शर्मा में मुख्य मुकाबला है।

गगरेट में पांच दावेदार
गगरेट में कांग्रेस के राकेश कालिया, बीजेपी के चैतन्य शर्मा, निर्दलीय मनोहर लाल शर्मा, निर्दलीय अमित वशिष्ट और निर्दलीय अशोक सोंखला चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पर राकेश कालिया और चैतन्य शर्मा में सीधी टक्कर है।

सुजानपुर में 6 दावेदारों में मुकाबला
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में छह दावेदार है। यहां पर राजेन्द्र राणा बीजेपी, रणजीत सिंह राणा कांग्रेस, राजेश कुमार निर्दलीय, रविन्द्र सिंह डोगरा एनसीपी, अनिल राणा तथा शेर सिंह निर्दलीय मैदान में है।

बड़सर में तीन दावेदार
कांग्रेस के सुभाष चंद ढटवालिया, बीजेपी के इंद्र दत्त लखनपाल और निर्दलीय विशाल शर्मा तीन दावेदार है। यहां पर भी सुभाष और लखनपाल के बीच मुख्य मुकाबला है।