मुजफ्फरनगर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मशहूर अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकरान ने अपने पति सचिन प्रताप सिंह से तलाक लेने का फैसला लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। इस फैसले को अपने जीवन का सबसे कठिन अध्याय बताया।
अर्जुन पुरस्कार विजेता दिव्या काकरान ने लिखा– यह मेरे जीवन के सबसे भावनात्मक और कठिन अध्यायों में से एक रहा है। इसमें बहुत दर्द, चिंतन और आत्ममंथन करना पड़ा, जिसकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। यह फैसला साझा करना आसान नहीं था, लेकिन अपने समर्थकों के सहयोग के चलते उन्होंने इसे साझा करना जरूरी समझा।

दिव्या काकरान ने सोशल मीडिया पर तलाक को लेकर भावुक पोस्ट की।
धीरे-धीरे ठीक हो रही हूं
दिव्या ने आगे लिखा– अब वह धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया जीवन कभी-कभी ऐसा मोड़ ले लेता है, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं करता। वह खुद को स्थिर करने की कोशिश कर रही हैं और उन रास्तों पर चल रही हैं जिनकी उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने अपने माता-पिता और परिवार का उनके हर फैसले में साथ देने के लिए आभार व्यक्त किया।
4-5 महीने से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा
दैनिक भास्कर ने भी मामले को लेकर दिव्या काकरान से बात की। दिव्या ने कहा- हम दोनों के बीच 4-5 महीने से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। हम सोचते रहे कि ठीक हो जाएगा। लेकिन, अब हमने अलग होने का हार्ड डिसीजन लिया है। हमारी अरेंज मैरिज हुई थी। बाकी मुझे जो लिखना था, वह सोशल मीडिया पर लिख दिया। बाकी हम कुछ बताना नहीं चाहती। सबकुछ पर्सनल है।

अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिव्या काकरान की सचिन प्रताप सिंह से 21 फरवरी 2023 को शादी हुई थी।
नोएडा में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं दिव्या
दिव्या काकरान भारत की एक जानी-मानी अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में वह नोएडा में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। उनका यह निजी फैसला उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के लिए चौंकाने वाला हो सकता है।
21 फरवरी 2023 को हुई थी शादी
मुजफ्फरनगर निवासी दिव्या काकरान ने 21 फरवरी 2023 को मेरठ के जिम ट्रेनर सचिन ताप सिंह से शादी की थी। विवाह मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित एक रिसॉर्ट में हुआ था। शादी से एक साल पहले यानी 2022 से दिव्या और सचिन रिलेशनशिप में थे। 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद उन्हें रेलवे के टीटी पद से प्रमोट कर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नायब तहसीलदार पद पर नियुक्त किया गया।
दिव्या की उपलब्धियां
- 2018 एशियन गेम्स में भारत के लिए कांस्य पदक जीता
- 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स (बर्मिंघम, इंग्लैंड) में कुश्ती में कांस्य पदक जीता
- 2023 में मिला अर्जुन पुरस्कार
- उत्तर प्रदेश सरकार ने नायब तहसीलदार के पद पर किया नियुक्त
- ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया, लेकिन कुछ कारणों से भाग नहीं ले सकीं