पंजाब में कपूरथला के फगवाड़ा में रहस्यमयी परिस्थितियों में एक व्यक्ति के शव को प्राइवेट अस्पताल के बाहर छोड़कर कुछ व्यक्ति फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
.
फगवाड़ा के गांव खलवाड़ा के रहने वाले रामलाल ने बताया कि उनका लड़का सुखबीर सिंह शेलर कंपनी में बिजली का काम करता है। उन्होंने बताया कि कुछ युवकों ने उन्हें बताया कि सुखबीर के चोट लग गई है और उसे एक अस्पताल में पहुंचाया गया है। जब वह गुरु हरगोबिंद नगर स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे तो सुखबीर कार में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
रामलाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का कत्ल किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। रामलाल ने बताया कि सुखबीर सिंह के तीन बच्चे हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।