.
जमशेदपुर पूर्वी विस सीट को लेकर भाजपा व सरयू राय के बीच खींचतान शुरू हो गया है। जदयू सरयू राय के लिए जमशेदपुर पूर्वी सीट मांग रहा है। सरयू राय हाल ही जदयू में शामिल हुए हैं, जो एनडीए का हिस्सा है। झारखंड में भाजपा के साथ जदयू का तालमेल होना तय है। झारखंड भाजपा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी व असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने पिछले दिनों रांची में बयान दिया कि भाजपा विधानसभा चुनाव आजसू व जदयू के साथ मिलकर लड़ेगी। लेकिन यहां एनडीए में जमशेदपुर पूर्वी विस सीट को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।
धनबाद से भाजपा सांसद ढुलू महतो ने सोमवार को विधायक सरयू राय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सांसद ने सरयू राय पर आपत्तिजनक टिप्पणी तक की। ढुलू महतो ने सरयू राय का राजनीतिक वध होने जैसी भाषा का प्रयोग किया। सरयू राय से भ्रष्ट नेता तक कह डाला। साथ ही सरयू राय को बड़े गुंडे व माफिया के संरक्षक बताते हुए मुद्रा मोचन व स्वार्थ की राजनीति करने से लेकर कई अनर्गल टिप्पणी की। सांसद ने कहा कि सरयू राय ईमानदार व स्वच्छ राजनीति करने का ढोंग करते हैं। जल्द ही सरयू राय का काला चिट्ठा खोलने दोबारा जमशेदपुर आएंगे। सरयू राय जेल जाएंगे। ढुलू महतो का इस प्रकार की बयानबाजी का असर झारखंड में एनडीए गठबंधन पर असर पड़ सकता है।
सरयू राय ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर ढुलू महतो का पुरजोर विरोध विरोध था। ढुलू महतो के खिलाफ रंगदारी, जमीन हड़पने समेत कई प्रकार के आरोप लगाए थे। सरयू राय ने भाजपा से ढुलू महतो को लोकसभा प्रत्याशी बनाने जाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की बात कही थी। जमशेदपुर पूर्वी विस सीट से भाजपा का पत्ता कटने की आशंका के बाद भाजपा सांसद ढुलू महतो ओबीसी समाज की बैठक के बहाने सरयू राय पर जमकर निशाना साधा है।